सीवान में प्रदीप महाराज का संदेश, ऑनलाइन खरीदारी छोड़ स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील

Updated:
विज्ञापन
फोटो. प्रदीप महाराज | Prabhat Khabar Network

प्रदीप महाराज | Prabhat Khabar Network

शहर में 'एक शाम मंगलधाम के नाम' कार्यक्रम में प्रदीप महाराज ने ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की. उन्होंने सनातन संस्कृति, परिवार में संस्कार और एकजुटता के महत्व पर भी जोर दिया.

विज्ञापन

Siwan News: शहर के निराला नगर में गुरुवार की शाम आयोजित 'एक शाम मंगलधाम के नाम' कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के संदेश का साक्षी बना. धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदीप महाराज ने समाज में संस्कार, परिवार और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए लोगों से ऑनलाइन खरीदारी का बहिष्कार कर स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की.

स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने का दिया संदेश

प्रदीप महाराज ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से छोटे व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों की आजीविका प्रभावित हो रही है. उन्होंने लोगों से अपने आसपास के बाजारों और दुकानों से ही सामान खरीदने का आग्रह किया. उनका कहना था कि इससे स्थानीय व्यापार मजबूत होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और समाज की आर्थिक व्यवस्था सशक्त बनेगी.

श्रीमंगलधाम निर्माण में सहयोग की अपील

उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी बचत, दान और सहयोग की परंपरा रही है. इन्हीं मूल्यों के कारण समाज ने हमेशा बड़े धार्मिक और सामाजिक कार्य पूरे किए हैं. प्रदीप महाराज ने बताया कि देवघर में निर्माणाधीन श्रीमंगलधाम भी समाज के सामूहिक सहयोग और अंशदान से आकार ले रहा है. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की.

परिवार में संस्कार और एकजुटता पर दिया जोर

अपने प्रवचन में प्रदीप महाराज ने आधुनिक जीवनशैली के कारण घटते पारिवारिक संस्कारों पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि परिवारों में बढ़ती दूरियों और रिश्तों में आ रही खटास का प्रमुख कारण संस्कारों का अभाव है.

उन्होंने सुझाव दिया कि यदि परिवार के सभी सदस्य प्रतिदिन कम से कम एक समय का भोजन एक साथ बैठकर करें तो आपसी संवाद, प्रेम और विश्वास बढ़ेगा तथा परिवारों में एकजुटता बनी रहेगी. उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों के बीच स्नेह, सम्मान और सामंजस्य बनाए रखने पर भी बल दिया.

सनातन संस्कृति का बताया महत्व

प्रदीप महाराज ने कहा कि देवघर में बनने वाला श्रीमंगलधाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कार, रामभक्ति और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणा केंद्र बनेगा. उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, नैतिक जीवन, संस्कार और धर्म रक्षा का भी संदेश देती है.

भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम में वृंदावन से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे. पूरे परिसर में 'जय श्रीराम' और 'बजरंगबली की जय' के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर संयोजक डॉ. रामेश्वर सिंह, स्वागतकर्ता समाजसेविका रूपल आनंद, विकास कुमार साहू, रश्मि गिरी, भाजपा नेत्री सुनीता जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष (पूर्वी) रंजीत प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष (पश्चिमी) राहुल तिवारी, जदयू जिला अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे, जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष लीलावती गिरी, पूर्व नगर पार्षद लिसा लाल, विवेक लाल, डॉ. प्रजापति त्रिपाठी, कुमार सत्यम सिंह, पूनम गिरी, ताप्ती वर्मा, सीमा तिवारी, प्रियंका भारती, रवि चौरसिया, शंभू सोनी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अजीत चौरसिया, गद्दार दास विद्रोही, हैप्पी यादव, सत्यम तिवारी, नीलम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में मानसून सक्रिय, कल कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानिए गोपालगंज, सीवान, सारण समेत पूरे राज्य का मौसम



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन