ePaper

Bokaro News : समन्वय बनाकर समय पर तैयार करें विलेज एक्शन प्लान : डीडीसी

Updated at : 24 Sep 2025 10:24 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : समन्वय बनाकर समय पर तैयार करें विलेज एक्शन प्लान : डीडीसी

Bokaro News : समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की हुई बैठक, विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा.

विज्ञापन

बोकारो, समाहरणालय सभागार में बुधवार को उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई. डीडीसी ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत तय समय सीमा के भीतर सभी पंचायतों का विलेज एक्शन प्लान समन्वय बनाकर तैयार किया जाये, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शुरू हो सके.

आदि कर्मयोगी के जिला नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने कार्य योजना से सभी संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराया. अपर समाहर्ता ने बताया कि जिला के 125 गांवों को अभियान के तहत विलेज मास्टर प्लान तैयार करना है, जिसमें सभी विभागों के साथ लाइन डिपार्टमेंट का भी अहम योगदान है. उन्होंने प्रखंड-पंचायत स्तर पर समन्वय बनाकर ट्रांजिट वाक के कार्य को पूरा करते हुए विलेज एक्शन प्लान तैयार करने को कहा.

पूर्ण योजनाओं का भौतिक निरीक्षण अनिवार्य

डीडीसी ने कहा कि जिला परिषद की ओर से पूर्ण की गयी योजनाओं का बीडीओ व सीओ स्तर से भौतिक निरीक्षण करें. इसकी रिपोर्ट शीघ्र जिला स्तर पर समर्पित हो. निरीक्षण रिपोर्ट से योजनाओं की गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, ताकि कार्य करने वाले एजेंसियों का भुगतान की प्रक्रिया की जा सकें.

आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करें

जिले में 118 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करने की जिम्मेदारी अंचल अधिकारियों को दी गयी. साथ ही डीडीसी ने डीएसडब्ल्यूओ को अंचलवार अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मनरेगा के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया. विद्यालयों से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा हुई. इसमें विद्युत कनेक्शन, पहुंच पथ, भूमि विवाद व चहारदीवारी निर्माण मुख्य थे. डीडीसी ने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि बच्चों को किसी तरह की कोई समस्या नहीं हो.

गोदाम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करें अंचलाधिकारी

सहकारिता विभाग द्वारा जिला के विभिन्न प्रखंड में 500 मीट्रिक व जिला स्तर पर 2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया. डीडीसी ने सभी अंचल अधिकारियों को भूमि चिन्हित कर विवरणी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि अनाज भंडारण क्षमता बढ़ सके.

पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा मिले

आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों पर चर्चा करते हुए डीडीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटना व डूबने आदि में मृतक के परिजन या पीड़ितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में तेजी लाना जरूरी है. अंचल स्तर से जिला भेजे जाने वाले अभिलेखों में सभी आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट रूप से संलग्न हों, जिससे लाभार्थियों को समय पर राहत मिल सके. इसे सभी अंचलाधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा.

पेंशन लाभुकों का डीएलसी सत्यापन जरूरी

बैठक में सभी पेंशन योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा हुई. डीडीसी ने निर्देश दिया कि अभियान चलाकर सभी पेंशन लाभुकों का डीएलसी सत्यापन कार्य पूर्ण करें. साथ ही एनएसएपी पेंशन व जेएमएमएसवाई के अंतर्गत छूटे हुए लाभुकों का आधार सिडिंग व मैपिंग कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा.

बिरसा हरित ग्राम योजना के शेष पौधरोपण कार्य पूर्ण करें

डीडीसी ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत शेष बचे पौधरोपण कार्य को संबंधित प्रखंड अभियान चलाकर पूरा करें. डीडीसी ने कहा कि हरित ग्राम योजना ग्रामीण अंचलों के पर्यावरण संरक्षण व रोजगार उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. डीडीसी ने निर्देश दिया कि समन्वय बनाकर योजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें. योजना प्रगति की निगरानी नियमित रूप से की जायेगी. लापरवाही की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय होगी. उन्होंने बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया.

ये थे मौजूद

मौके पर डीपीएलआर मेनका, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पीयूष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे, डीडीएमओ शक्ति कुमार समेत सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी बीडीओ व सीओ मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola