Sasaram News : इंद्रपुरी में फिल्मी अंदाज में मोबाइल टावर पर चढ़ा प्रेमी
Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 31 Aug 2025 9:21 PM
इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में रविवार की सुबह दोपहर फिल्मी अंदाज में एक प्रेमी मोबाइल टावर पर जा चढ़ा.
डालमियानगर. इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में रविवार की सुबह दोपहर फिल्मी अंदाज में एक प्रेमी मोबाइल टावर पर जा चढ़ा. करीब पांच घंटे तक नाटक चला. मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने प्रेमी युवक का रेस्क्यू किया और उसे हिरासत में ले लिया. जानकारी के अनुसार, सुजानपुर गांव निवासी रामबाबू राम का 25 वर्षीय बेटा प्रीतम कुमार सुबह करीब नौ बजे गांव स्थित करीब 180 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. वह टावर से कूद आत्महत्या करने की धमकी देने लगा. कौतूहलवश ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. लगभग पांच घंटे तक हाइवोल्टेज ड्रामा चला. घटना के संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि एक लड़की के साथ प्रीतम कुमार का प्रेम संबंध है. लगभग दो वर्ष पहले दोनों घर से भाग हरियाणा के जासना में शादी कर ली थी. लेकिन, परिवार वालों के दबाव पर दोनों वापस लौटे और लड़की की शादी परिजनों ने दूसरी जगह कर दी. इससे आहत प्रीतम ने अपनी व्यथा सुनाने के लिए टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर स्टेटस डाला, तब लोगों को पता चला कि वह टावर पर चढ़ा है. मौके पर पहुंची इंद्रपुरी थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने माइकिंग से प्रीतम को उतरने, उसे सहयोग करने के लिए मनाती रही. उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. प्रीतम की मां, उसके दोस्त, परिजन सभी मनाने में लगे थे. लगभग पांच घंटे बाद प्रीतम टावर से नीचे उतरा, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. प्रीतम ने बताया कि वह जिस लड़की से प्रेम करता है, उससे शादी की है. शादी होने के बाद लड़की के घरवालों को कमाकर पैसे भी देता था. जब पैसे देना बंद कर दिया, तो लड़की के घरवालों ने उसकी शादी दूसरे लड़के से करा दी. शादी के बाद भी वह मेरे साथ ही रहना चाह रही है, पर परिजनों के दबाव में है. लड़की के घर वाले जान मारने की धमकी भी दे रहे हैं. इसकी लिखित शिकायत थाने में किया हूं. कार्रवाई नहीं होने से तंग आकर आत्महत्या करने टावर पर चढ़ा था. इंद्रपुरी थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने बताया कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. लड़के का आरोप है कि लड़की के दबाव से तंग आकर घटना को अंजाम दिया हूं. युवक का सही सलामत रेस्क्यू कर लिया गया है. दोनों पक्षों से मामले की जानकारी लेने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी. मामले की जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










