Weather Forecast LIVE Update: झारखंड में झमाझम बारिश, जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्य का मौसम

Kolkata: Pedestrians use umbrellas to shield themselves as they walk on a road amid heavy monsoon rainfall, in Kolkata, Sunday, July 10, 2022. (PTI Photo/Swapan Mahapatra)(PTI07_10_2022_000170A)
Weather Forecast LIVE Update Today: दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है. झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाले दबाव वाले क्षेत्र के कारण ओडिशा और पड़ोसी पश्चिम पश्चिम बंगाल में अगले दो से तीन दिन के दौरान और बारिश होने का अनुमान है. जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
झारखंड के इन जिलों में बारिश
राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकें में बारिश जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) रांची ने पाकुड़, गढ़वा, दुमका के कुछ भागों में भी वज्रपात के साथ बारिश की प्रबल संभावना है.
ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बारगढ़, संबलपुर, अंगुल और क्योंझर जिलों में कुछ स्थानों पर 204 मिमी से अधिक बारिश होने की चेतावनी जारी की है. विभाग ने बुधवार को झारसुगुडा, सुंदरगढ़, संबलपुर, क्योंझर, देवगढ़, अंगुल, मयूरभंज, बालासोर और बारगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट किया है, जिसके तहत बहुत भारी स्तर की बारिश होने का अनुामन जताया जाता है.
झारखंड के इन जिलों में बारिश
झारखंड के कुछ जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग (आईएमडी) रांची ने जताई है. राजधानी रांची समेत लातेहार, लोहरदगा जिले के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही अधिकतम तापमान के 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
राजस्थान में कई जगह भारी बारिश जारी
राजस्थान के अनेक हिस्सों में मानसून की बारिश जारी है और बीते चौबीस घंटे में मध्यम से लेकर अति भारी बारिश दर्ज की गयी. इस दौरान सबसे अधिक 13 सेंटीमीटर बारिश बाड़मेर के सिणधरी में दर्ज की गयी. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सुबह आठ बजे तक बीते चौबीस घंटे में राज्य के सिणधरी में 13 सेमी., सिरोही में 10 सेमी., जोधपुर के लूणी में आठ सेमी., जालौर के जसवंतपुरा और उदयपुर के सलूंबर में पांच-पांच सेमी. बारिश हुई.
अगस्त-सितंबर में मानसून की सामान्य बारिश
मानसून के आगमन के बाद से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हो रही बारिश के चलते किसानों को बड़ी राहत मिली है. धान की रोपाई के बाद फसल को पानी की जरूरत होती है, जोकि अब बारिश के चलते पूरी हो रही है. मानसून को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगस्त-सितंबर में मानसून की सामान्य बारिश होगी.
झारखंड में बारिश शुरू
झारखंड की राजधानी रांची सहित कुछ जिलों में बारिश शुरू हो गयी है. यहां अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जतायी गयी है.
मुंबई में तेज बारिश
मुंबई में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. जहां तेज़ बारिश के बीच मरीन ड्राइव पर हाई टाइड देखी गयी. वहीं अंधेरी सबवे में बारिश के बाद जलजमाव नजर आ रहा है.
दिल्ली में उमस भरी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया. अब बारिश का दौर हल्का हो चुका है इसके 15 अगस्त के बाद से फिर सक्रिय होने के आसार हैं. 12 अगस्त को हल्की बारिश व तेज सतही हवा चलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने वयक्त किया है. अभी दो दिन उत्तर पश्चिमी राज्यों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
बिहार में मानसून की सक्रियता कम
बिहार में मानसून (Bihar Monsoon 2022) की सक्रियता कम हो गई है. प्रदेश में बारिश होगी लेकिन कहीं भी तेज या भारी बारिश जैसी कोई संभावना नहीं है. हालांकि राजधानी पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश के संकेत हैं.
झारखंड में में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना
कम बारिश के कारण सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे झारखंड में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार से भारी बारिश होने की संभावना है और यह मंगलवार और बुधवार को और बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय
उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन के बाद से राज्य के अलग-अलग इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिन मानसून सक्रिय रहेगा. इस बीच हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, हालांकि, कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.
दिल्ली में बारिश का पूर्वानुमान 80 प्रतिशत से ज्यादा सटीक
भारत मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्रा ने कहा है कि जून और जुलाई में दिल्ली में बारिश होने संबंधी आईएमडी का पूर्वानुमान 80 फीसदी से ज्यादा सटीक साबित हुआ. आईएमडी के महानिदेशक ने कहा कि प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एक हालिया घटनाक्रम है और इसमें वक्त के साथ सुधार होगा तथा यह 2025 तक और सटीक होगा.
दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश
दक्षिणी ओडिशा में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मूसलाधार बारिश होने से निचले इलाकों में नदियां उफान पर हैं. मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों से दूर बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी में यह मौसमी घटना हो रही है. भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान इसके एक दबाव के रूप में तेज होने और ओडिशा और छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है.
महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग और दक्षिणी कोंकण के अन्य हिस्सों में भारी बारिश
दक्षिण पश्चिमी मानसून दो हफ्ते के अंतराल के बाद महाराष्ट्र में एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस बार यह दक्षिणी कोंकण में भारी बारिश लेकर आया है. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के तटीय जिलों, मुख्य रूप से सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के कुछ हिस्सों में 24 घंटों के दौरान 200 मिमी. से अधिक बारिश हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी में संपर्क मार्गों के जलमग्न होने के कारण कई गांवों और बस्तियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए