मानसून पिकनिक पर बच्चों को लेकर रहें सावधान, इन 5 बातों का रखें ध्यान
Monsoon Picnic Safety Tips
मानसून में बच्चों के साथ पिकनिक पर जाते समय सिर्फ मस्ती नहीं, सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है. बहते पानी, फिसलन, कीड़े-मकोड़ों, खुले खाने और भीड़ जैसी चीजों से बच्चों को बचाएं. पिकनिक से पहले उन्हें ये आसान सेफ्टी टिप्स जरूर समझा दें.
Monsoon Picnic Safety Tips: बारिश के मौसम में घूमने का मजा ही अलग होता है. चारों तरफ हरियाली, ठंडी हवा और झरनों का खूबसूरत नजारा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को अपनी ओर खींचता है. लेकिन मानसून में पिकनिक का प्लान बनाते समय थोड़ी सावधानी रखना भी जरूरी है. खासकर अगर आपके साथ बच्चे हैं, तो उन्हें कुछ जरूरी बातें पहले से समझा देना चाहिए.
बहते पानी से बच्चों को रखें दूर
मानसून में नदी, झरने और पहाड़ी इलाकों में पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है. कई बार ऊपर हुई बारिश का असर कुछ देर बाद नीचे दिखाई देता है. इसलिए बच्चों को बहते पानी के पास जाने या उसमें उतरने से रोकें. झरने के आसपास फिसलन भी काफी होती है, इसलिए पत्थरों पर चढ़ने या वहां सेल्फी लेने से भी बचना चाहिए.
घनी झाड़ियों में न जाने दें
बारिश के दिनों में सांप, बिच्छू और कई तरह के कीड़े-मकोड़े बाहर निकल आते हैं. ऐसे में बच्चों को घनी झाड़ियों, लंबी घास और सुनसान जगहों पर जाने से रोकें. पिकनिक के दौरान उन्हें खुले और साफ स्थान पर ही खेलने दें. बिना देखे किसी पत्थर, लकड़ी या झाड़ी में हाथ डालने से भी मना करें.
कपड़े और जूते सोच-समझकर चुनें
पिकनिक पर बच्चों के लिए ऐसे कपड़े चुनें जिनमें वे आराम से चल-फिर सकें. पूरी आस्तीन के हल्के कपड़े और फुल पैंट पहनाना बेहतर रहेगा. चप्पल की जगह अच्छी ग्रिप वाले जूते पहनाएं, ताकि गीली या कीचड़ वाली जमीन पर पैर फिसलने का खतरा कम रहे.
बाहर का खाना खाने से बचें
बारिश में खुले में रखा खाना जल्दी खराब हो सकता है. इसलिए बच्चों को पिकनिक स्पॉट पर खुले में बिकने वाली चाट, पकौड़ी या कटे हुए फल खाने से बचाएं. घर से ताजा और साफ खाना लेकर जाना बेहतर है. पीने के लिए भी साफ और सुरक्षित पानी ही दें.
बच्चों को अकेला न छोड़ें
पिकनिक स्पॉट पर भीड़ के बीच बच्चे कब दूर निकल जाएं, पता नहीं चलता. इसलिए उन पर नजर रखें और उन्हें हमेशा परिवार के किसी बड़े सदस्य के आसपास ही खेलने दें. वॉशरूम जाने पर भी अकेले न भेजें. साथ ही बच्चों को समझाएं कि किसी अनजान व्यक्ति से खाना या कोई सामान लेकर उसके साथ कहीं न जाएं.
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त पर बेटियों को दें ये खास तोहफा, सुनाएं इन 10 महिलाओं की प्रेरणादायक कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By पुष्पांजलि
मेरा नाम पुष्पांजलि है. मैं पिछले 2.5 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर रही हूं. इस दौरान मैंने मुख्य रूप से लाइफस्टाइल, हेल्थ, फैशन, ब्यूटी और होम टिप्स से जुड़े कंटेंट पर काम किया है. मुझे ऐसे आर्टिकल लिखना पसंद है जो आसान भाषा में हों और पाठकों के लिए उपयोगी भी हों. मैं ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर रिसर्च करके SEO-फ्रेंडली कंटेंट तैयार करती हूं. इसके साथ ही आकर्षक हेडलाइन लिखना, सही जानकारी जुटाना और डिजिटल ऑडियंस की पसंद के अनुसार कंटेंट तैयार करना मेरी प्रमुख जिम्मेदारियों का हिस्सा रहा है. मैं हमेशा नई चीजें सीखने और अपने लेखन को बेहतर बनाने की कोशिश करती हूं. मेरा उद्देश्य ऐसा कंटेंट तैयार करना है जो लोगों तक सही जानकारी सरल और दिलचस्प तरीके से पहुंचाए.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










