ePaper

श्रेयस अय्यर ने चोट के बाद की शानदार वापसी, करियर को लेकर थे चिंतित, बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो

Updated at : 27 Aug 2023 8:25 PM (IST)
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर ने चोट के बाद की शानदार वापसी, करियर को लेकर थे चिंतित, बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो

पीठ की चोट से जूझने वाले भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का दर्द अक्सर असहनीय हो जाता था और जब दर्द कम होने का नाम नहीं लेता था तो वह अपने करियर को लेकर चिंतित हो जाते थे. ऑपरेशन करवाने से पहले अय्यर दर्द से इतना परेशान हो जाते थे कि वह खुद नहीं समझ पा रहे थे कि वह किस दौर से गुजर रहे हैं.

विज्ञापन
undefined

श्रेयस अय्यर अब चोट से उबर गये हैं और उन्होंने एशिया कप के लिए भारतीय टीम में वापसी की है. अय्यर ने चोट के दिनों के अपने संघर्ष को याद करते हुए बीसीसीआई से कहा कि यह वास्तव में स्लिप डिस्क था जिससे मेरी तंत्रिका दब रही थी और दर्द पांव की छोटी उंगली तक जा रहा था. यह भयावह दौर था. यह असहनीय दर्द था और मैं समझ नहीं पा रहा था कि मैं किस दौर से गुजर रहा हूं.

undefined

इस बल्लेबाज को तब अहसास हुआ कि इस दर्द से निजात पाने का एकमात्र उपाय ऑपरेशन है. उन्होंने कहा कि मैं उस स्थिति में पहुंच गया था जहां मुझे अहसास हुआ कि अब मुझे ऑपरेशन करवाना ही होगा. फिजियो और विशेषज्ञों ने मुझसे कहा कि ऑपरेशन करवाना बेहद जरूरी है.

undefined

मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने अपने साथियों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने मुश्किल दौर में उनका साथ दिया और टीम में वापसी पर उन का तहेदिल से स्वागत किया. अय्यर ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो टीम में शामिल होकर और चारों तरफ खुशनुमा चेहरे देखकर बहुत खुशी हो रही है और मैं वापसी करके रोमांचित हूं.’

undefined

अय्यर ने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट मैच के रूप में खेला था. इसके बाद चोट के कारण वह आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुवाई भी नहीं कर पाए थे. अय्यर ने कहा कि ऑपरेशन करवाने का उनका फैसला सही था क्योंकि अभी उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट खेलना है.

undefined

अय्यर ने कहा, ‘इसलिए मुझे लगा कि ऑपरेशन करवाना ही सबसे अच्छा फैसला होगा और मैं इस फैसले से वास्तव में खुश था. ऑपरेशन के बाद सर्जन ने भी कहा कि यह बहुत अच्छा फैसला था.’ अय्यर ने कहा कि ऑपरेशन के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में बिताए दिन उनके लिए कड़ी परीक्षा जैसे थे.

undefined

उन्होंने कहा, ‘यह कड़ी परीक्षा का दौर था तथा फिजियो और ट्रेनर मेरी मजबूत वापसी को लेकर आश्वस्त थे. लेकिन अपने मन में मैं दर्द महसूस कर सकता था. उस समय में इस बात को लेकर बेखबर था कि मैं इस परीक्षा में खरा उतर पाऊंगा या नहीं. लेकिन कुछ समय बाद दर्द कम होने लगा और मेरे पांव की ताकत लौटने लगी.’

undefined

अय्यर आगामी वनडे विश्वकप को ध्यान में रखकर एशिया कप में दमदार वापसी करना चाहते हैं लेकिन वह बहुत आगे के बारे में सोच कर खुद पर दबाव नहीं बनाना चाहते हैं और वर्तमान में जीना चाहते हैं. अय्यर ने कहा, ‘अभी मेरे लिए यही महत्वपूर्ण है कि मैं वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करूं और अपनी दिनचर्या सही रखूं. मैं इस बारे में नहीं सोचना चाहता हूं कि आगे क्या होगा और अतीत में क्या हुआ.’

undefined

अय्यर ने कहा, ‘जहां तक तैयारियों की बात है तो मैंने अपने साथियों के साथ दो दिन बहुत अच्छा अभ्यास किया और यह प्रतिस्पर्धी था. इसलिए मैं अभी हर पल का लुत्फ उठा कर खुश हूं.’ एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम अभी बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग ले रही है. एशिया कप में उसका पहला मैच दो सितंबर को पाकिस्तान से होगा.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola