बिहार के बक्सर में चला विशेष अभियान, बैंक ग्राहकों से लूट की घटना के बाद अलर्ट मोड में पुलिस

Published by :kumarsuryakant
Published at :11 May 2026 5:32 PM (IST)
विज्ञापन
baxar news

बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करती पुलिस टीम

Buxar News: बक्सर में आए दिनों बैंक ग्राहकों से हो रही लुटपाट की घटनाओं के बाद पुलिस ने जिले के 12 बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया. बैंक ग्राहकों से बड़ी राशि निकालते समय ज्यादा सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर पुलिस से मदद लेने की अपील की.

विज्ञापन

Buxar News (सुजीत कुमार ओझा): बक्सर के डुमरांव थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी और बैंक ग्राहकों से लूटपाट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. बैंक उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डुमरांव पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग बैंक शाखाओं में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया.

एक दर्जन बैंकों का निरीक्षण

एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन और डुमरांव एसएचओ संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब एक दर्जन बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी व्यवस्था की गहन जांच की गई.

बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों को दिए गए जरूरी निर्देश

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने, ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया.

पांच अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अलर्ट

हाल के दिनों में बैंक से कैश निकालकर लौट रहे ग्राहकों से लूट की घटनाएं सामने आई थीं. इन मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छपरा के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लाखों रुपये कैश भी बरामद किए गए हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. लगातार बैंक क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में गश्ती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है.

मुंह ढंककर बैंक में प्रवेश पर रोक

एसएचओ संजय कुमार सिन्हा ने आम लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि बिना आवश्यक कार्य के बैंक परिसर के आसपास भीड़ न लगाएं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को मुंह ढंककर बैंक में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने बैंक ग्राहकों से बड़ी राशि निकालते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर पुलिस से मदद लेने की अपील की. पुलिस के इस विशेष अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं आम लोगों में पुलिस की सक्रियता को लेकर भरोसा भी बढ़ा है.

Also Read: बक्सर रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस और RPF की बड़ी कार्रवाई, टिकट दलाल गिरफ्तार

विज्ञापन
kumarsuryakant

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन