रोटरी क्लब बक्सर के नए अध्यक्ष बने निर्मल सिंह, 45वें अधिष्ठापन समारोह में संभाली जिम्मेदारी

Author Manish mishra|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
photo कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियन | Prabhat Khabar Network

photo कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियन | Prabhat Khabar Network

रोटरी क्लब बक्सर के 45वें अधिष्ठापन समारोह में निर्मल कुमार सिंह ने अध्यक्ष पद संभाला। क्लब में 9 नए सदस्य शामिल हुए, जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

Buxar News : रोटरी क्लब बक्सर का 45वां अधिष्ठापन समारोह मंगलवार को ब्लॉक रोड स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया. रोटरी जिला 3250 की गवर्नर अनु नारंग के आधिकारिक भ्रमण के दौरान नए सत्र 2026-27 के लिए रोटेरियन निर्मल कुमार सिंह ने क्लब के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली. वहीं रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष सागर वर्मा और इंटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष हर्षिता ने भी पदभार ग्रहण किया.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

समारोह का उद्घाटन रोटरी जिला गवर्नर अनु नारंग, पूर्व मंडलाध्यक्ष संदीप नारंग, सहायक मंडलाध्यक्ष टी.एन. चौबे एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर क्लब की वार्षिक स्मारिका ‘सार्थक’ का भी विमोचन किया गया.

समाजसेवा के कार्यों की जिला गवर्नर ने की सराहना

मुख्य अतिथि अनु नारंग ने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर ने समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने रोटरी सहेली सेंटर, डुमरांव स्थित रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल, प्रताप सागर के मेथाडिस्ट अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर और बक्सर के ब्लड बैंक जैसे स्थायी प्रोजेक्ट्स की सराहना की.

गांवों तक सेवा कार्य पहुंचाने का संकल्प

नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि उनका प्रयास ऐसे स्थायी प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने का होगा, जिनसे समाज में दीर्घकालिक बदलाव आए. उन्होंने गांवों तक विकास की किरण पहुंचाने, स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, सरकारी विद्यालयों के विकास, जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें, बैग और साइकिल उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की प्रतिबद्धता जताई.

नौ नए सदस्यों का हुआ स्वागत

समारोह के दौरान रोटरी क्लब बक्सर में नौ नए सदस्यों को शामिल किया गया. इनमें डॉ. प्रशांत चतुर्वेदी, डॉ. अंजली पांडे, संत मैरी स्कूल के प्राचार्य डोमिनिक अमलान, इंजीनियर राहुल राघवन, नेहा सिंह, श्यामला पाठक, राजन खेतान, सुमित कुमार और शमशाद अली शामिल हैं. सभी को रोटरी पिन पहनाकर सदस्यता दिलाई गई. इसके साथ ही क्लब की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 86 हो गई.

कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में रोटरी और रोट्रैक्ट क्लब के पदाधिकारियों के अलावा बिहारशरीफ, बलिया सहित विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि, शहर के गणमान्य नागरिक, चैंबर ऑफ कॉमर्स, लायंस क्लब और कई सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन मीना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया.


विज्ञापन
Manish Mishra

लेखक के बारे में

By Manish Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन