ePaper

शेयर बाजार में हाहाकार : कोरोना वायरस के नये मामले के बढ़ने की फिक्र में 700 अंक गिरा सेंसेक्स

Updated at : 04 Mar 2020 3:15 PM (IST)
विज्ञापन
शेयर बाजार में हाहाकार : कोरोना वायरस के नये मामले के बढ़ने की फिक्र में 700 अंक गिरा सेंसेक्स

शेयर बाजार में भूचाल. फाइल फोटो

कोरोना वायरस के खतरों से निपटने को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने आपात बैठक की है. इसके साथ ही, अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए अपनी ब्याज दरों में करीब 0.5 फीसदी की कटौती की है. इस महामारी का अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर और इस वायरस के नये मामलों के बढ़ने की फिक्र में बुधवार को भारतीय शेयर बाजार का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स दोपहर के कारोबार में करीब 700 अंकों का गोता लगा लिया.

विज्ञापन

मुंबई : भारत में कोरोना वायरस के नये मामले बढ़ने की फिक्र में बुधवार को दोपहर के सत्र तक बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 700 अंक गिरकर 38,000 के नीचे फिसल गया. फिलहाल, बीएसई का यह संवेदी सूचकांक 416.79 अंक यानी 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ 38,206.91 अंक पर कारोबार कर रहा है. वहीं, दोपहर के सत्र में एनएसई का प्रमुख सूचकांक निफ्टी करीब 200 अंक लुढ़ककर 11,113 के स्तर पर आ गया. इस गिरावट में निवेशकों का करीब 2.43 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया.

बुधवार की सुबह बाजार खुलने के साथ ही शेयर बाजार ने सुस्ती के साथ कारोबार की शुरुआत और बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी सूचकांक में शुरुआती कारोबार के दौरान मामूली गिरावट देखने को मिली. इस दौरान वैश्विक बाजारों से विदेशी फंडों के लगातार वाह्य प्रवाह ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया और निवेशक कोरोना वायरस से फैली महामारी के आर्थिक प्रभाव को लेकर चिंतित रहे.

शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 47.12 अंकों या 0.12 फीसदी की गिरावट के साथ 38,576.58 अंक और एनएसई निफ्टी 10.20 अंकों या 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 11,293.10 पर कारोबार कर रहा था. इस दौरान गिरने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक शामिल थे, जबकि बजाज ऑटो, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और एचसीएल टेक के शेयरों में बढ़त देखने को मिली.

मंगलवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 479.68 अंक या 1.26 फीसदी बढ़कर 38,623.70 और निफ्टी 170.55 अंक या 1.53 फीसदी चढ़कर 11,303.30 पर बंद हुआ था. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने मंगलवार को समग्र आधार पर 2,415.80 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,135.24 करोड़ रुपये की लिवाली की.

चीन, हांगकांग और जापान में शेयर बाजार भी अपने सुबह के सत्र में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे. वहीं, अमेरिका में फेडरल रिजर्व ने आश्चर्यजनक रूप से ब्याज दरों में कटौती की, लेकिन इसके बावजूद वहां शेयर बाजार तेज गिरावट के साथ बंद हुए. अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने कोरोना वायरस के प्रकोप से अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए अपनी प्रमुख ब्याज दरों में 0.5 फीसदी की कटौती की है. रुपया सुबह के सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 24 पैसे बढ़कर 72.95 के स्तर पर खुला, जबकि ब्रेंट क्रूड वायदा 1.45 फीसदी उछलकर 52.61 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola