Gold Price: सोने की कीमत ने फिर दिया झटका, चांदी 1 लाख रुपये के पार

Updated:
विज्ञापन
Gold Price Today

Gold Price Today

Gold Price: वैश्विक बाजारों में मजबूती और भू-राजनीतिक तनाव के कारण दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 330 रुपये बढ़कर 98,930 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है. वहीं, चांदी 1,00,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है. ट्रंप की टैरिफ नीति, रूस-यूक्रेन युद्ध और फेडरल रिजर्व की संभावित टिप्पणियों के चलते सोने की मांग बढ़ी है. सोने-चांदी कीमतों के इस उछाल के पीछे कई वजहें हैं, जिसे निवेशकों को जानना बेहद जरूरी है.

विज्ञापन

Gold Price Today: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच सोने में सुरक्षित निवेश करने वालों को इसकी कीमतों ने एक बार फिर झटका दिया है. सोमवार 2 जून 2025 को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला. वैश्विक बाजारों में मजबूती और भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशकों का रुझान फिर से सुरक्षित निवेश यानी गोल्ड की ओर बढ़ा है.

सोना 330 रुपये चढ़कर 98,930 रुपये प्रति 10 ग्राम

अखिल भारतीय सर्राफा संघ (IBJA) के मुताबिक, सोमवार को 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत 330 रुपये बढ़कर 98,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई. इससे पहले शुक्रवार को इसकी कीमत 98,600 रुपये थी. वहीं, 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 300 रुपये बढ़कर 98,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा.

चांदी की कीमतों में भी आई मजबूती

चांदी की कीमत में भी 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1,00,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई. यह पहली बार है, जब चांदी ने 1 लाख रुपये के आंकड़े को पार किया है. यह बढ़ोतरी निवेशकों की बढ़ती मांग और वैश्विक संकेतों का नतीजा मानी जा रही है.

वैश्विक बाजारों में सोना 1.80% महंगा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया. हाजिर सोना 1.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 59.21 डॉलर चढ़कर 3,348.61 डॉलर प्रति औंस हो गया.

ट्रंप की घोषणा से बढ़ी अनिश्चितता

अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने बताया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इस्पात और एल्युमीनियम आयात शुल्क को 25% से बढ़ाकर 50% करने की योजना की घोषणा के चलते अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ी. इसका असर गोल्ड मार्केट पर पड़ा.

रूस-यूक्रेन और पश्चिम एशिया में तनाव

भू-राजनीतिक स्तर पर रूस-यूक्रेन युद्ध और मिडल ईस्ट में जारी संघर्ष ने भी सोने की कीमतों को मजबूती दी है. ऐसे समय में निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर जाते हैं और गोल्ड इस सूची में सबसे ऊपर होता है.

निवेशकों की नजर अमेरिकी आंकड़ों और फेड चेयरमैन पर

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, निवेशक अब अमेरिकी मई महीने की ISM मैन्युफैक्चरिंग PMI रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. इसके साथ ही, फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पावेल की टिप्पणी भी बाजार की दिशा तय कर सकती है.

इसे भी पढ़ें: RBI Repo Rate: आपका होम लोन 0.5% तक हो सकता है सस्ता, RBI कर सकता है बड़ी कटौती

निवेशकों को रहना होगा सतर्क

वर्तमान में सोने और चांदी की कीमतें वैश्विक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों की वजह से तेजी पकड़ रही हैं. निवेशकों को अब अमेरिकी डेटा और फेड की अगली नीति को लेकर सतर्क रहना होगा.

इसे भी पढ़ें: प्रीति जिंटा के आंख मारते सबको पता चल गई सरपंच अय्यर की संपत्ति, जानकर करने लगेंगे इश्श्श

विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola