ePaper

दिवाली पर आभूषण बाजार में धूम, धनतेरस में सोने-चांदी के साथ डायमंड की बढ़ी डिमांड

Updated at : 20 Oct 2025 3:50 PM (IST)
विज्ञापन
Diwali Jewellery Sale

Diwali Jewellery Sale

Diwali Jewellery Sale: इस साल की दिवाली और धनतेरस ने आभूषण बाजार में नई चमक भर दी. जीजेसी रिपोर्ट के अनुसार, दो दिनों में 85,000 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और डायमंड आभूषणों की बिक्री हुई. चांदी की मांग दोगुनी रही और ग्राहकों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई. त्योहारों के मेल से ज्वेलरी कारोबार में रिकॉर्ड उछाल आया है, जिससे कुल बिक्री 1.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.

विज्ञापन

Diwali Jewellery Sale: इस साल की दिवाली जौहरियों के लिए धमाकेदार रही. धनतेरस के दिन भारत में करीब 50 से 60 टन आभूषणों की बिक्री की गई, जिनकी कीमत करीब 85,000 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. इसके साथ ही, उम्मीद यह जाहिर की जा रही है कि दिवाली के दिन तक आभूषणों की बिक्री 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगी. इस साल दिवाली की खास बात यह रही कि सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी के बावजूद लोगों ने इनके आभूषणों की खरीद की. चौंकाने वाली बात यह है कि धनतेरस और दिवाली के लिए न केवल सोने-चांदी के आभूषण खरीदे गए, बल्कि डायमंड की डिमांड में भी जोरदार तेजी देखी गई.

दो दिनों में 50-60 टन आभूषणों की हुई बिक्री

अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (जीजेसी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल पूरे भारत में धनतेरस के अवसर पर आभूषण बाजार में अभूतपूर्व रौनक देखने को मिली. जीजेसी ने बताया कि मजबूत मांग के चलते केवल दो दिनों में ही 85,000 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की बिक्री दर्ज की गई. जीजेसी के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा, “भारत भर में धनतेरस के दो दिनों के दौरान लगभग 50 से 60 टन आभूषणों की बिक्री हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 85 हजार करोड़ रुपये थी. ग्राहकों की प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही और सभी श्रेणियों के आभूषणों में उल्लेखनीय मांग दर्ज की गई.”

बिक्री में 35-40% मूल्य वृद्धि

राजेश रोकड़े के अनुसार, मात्रा के हिसाब से इस बार की बिक्री पिछले वर्ष के बराबर रही, लेकिन मूल्य के आधार पर बिक्री में 35-40% की जोरदार बढ़ोतरी देखी गई है. इस बार न केवल सोने, बल्कि चांदी और डायमंड ज्वेलरी की भी मांग में जबरदस्त उछाल देखा गया.

सोने की कीमतों में उछाल के बीच चांदी की बढ़ी चमक

इस त्योहारी सीजन की एक बड़ी खासियत चांदी की बढ़ती लोकप्रियता रही. सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते उपभोक्ताओं ने अधिक किफायती विकल्पों की तलाश की, जिससे चांदी की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई. जीजेसी के अनुसार, ग्राहकों ने इस बार चांदी के सिक्के, गहने और घरेलू इस्तेमाल की वस्तुओं की बड़ी मात्रा में खरीदारी की. यह रुझान बताता है कि भारत का मध्यम वर्ग अब निवेश और स्टाइल दोनों के लिए चांदी को प्राथमिकता दे रहा है.

वीकेंड के मेल से बढ़ी ग्राहकों की भीड़

इस बार धनतेरस का पर्व वीकेंड के साथ मेल खा गया, जिससे ग्राहकों की संख्या और बिक्री दोनों में तेजी आई. देशभर के बाजारों में ज्वेलरी शोरूम्स पर भारी भीड़ उमड़ी. इसके साथ ही दिवाली और भाई दूज जैसे त्योहारों ने भी खरीदारी के उत्साह को और बढ़ावा दिया. जीजेसी के अनुसार, यह ट्रेंड इस बात का संकेत है कि भारत में त्योहारी खरीदारी संस्कृति लगातार मजबूत हो रही है और उपभोक्ता अब त्योहारों के दौरान लक्जरी उत्पादों पर भी अधिक खर्च करने को तैयार हैं.

पांच दिवसीय त्योहारी अवधि में जोरदार बिक्री की उम्मीद

जीजेसी को उम्मीद है कि इस वर्ष की पांच दिवसीय त्योहारी अवधि के दौरान कुल आभूषण बिक्री 100 से 120 टन तक पहुंच सकती है. परिषद के अनुसार, इस बिक्री का कुल बाजार मूल्य 1 लाख करोड़ से 1.35 लाख करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है. राजेश रोकड़े ने बताया, “खासकर चांदी की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है, क्योंकि ग्राहकों में इसका स्पष्ट रुझान देखा गया है. सप्ताहांत के साथ जुड़ी धनतेरस और आगामी दिवाली-भाई दूज के चलते यह सीजन भारतीय ज्वेलरी सेक्टर के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है.”

5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का अनुमान

इस बीच, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने भी त्योहारी सीजन के दौरान देशभर में व्यापार में जबरदस्त उछाल का अनुमान लगाया है. कैट ने कहा कि इस बार त्योहारी सीजन का कुल व्यापार 5 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर को पार कर सकता है, जिसमें ऑफलाइन बाजारों में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: Diwali Shopping Tips: दिवाली में जरा संभल के करें ऑनलाइन शॉपिंग वर्ना लग जाएगा चूना, जानें ठगों से बचने के 5 जरूरी टिप्स

त्योहारों ने लौटाई बाजार की रौनक

धनतेरस की खरीदारी ने यह साबित कर दिया है कि भारत का रत्न और आभूषण क्षेत्र आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ रहा है. जहां सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों ने दिल खोलकर खरीदारी की, वहीं चांदी ने भी बाजार में अपनी नई पहचान बनाई. त्योहारी उमंग और बढ़ती क्रयशक्ति ने इस बार न केवल व्यापारियों के चेहरे पर मुस्कान लौटाई, बल्कि भारत को फिर से विश्व के सबसे तेज़ी से बढ़ते आभूषण बाजारों में शामिल कर दिया.

इसे भी पढ़ें: Luxury Watch: बाजार में छा गईं लग्जरी घड़ियां, तेजी से बढ़ रहा क्रेज

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola