ePaper

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक गिरा, रुपया भी टूटा

Updated at : 31 Oct 2018 11:26 AM (IST)
विज्ञापन
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक गिरा, रुपया भी टूटा

मुंबई : रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार के बीच तनाव बढ़ने तथा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की जारी बिकवाली के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक गिर गया. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स मजबूती में खुलने के तुरंत बाद गिर गया. सेंसेक्स 163.74 अंक यानी […]

विज्ञापन

मुंबई : रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार के बीच तनाव बढ़ने तथा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की जारी बिकवाली के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक गिर गया. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स मजबूती में खुलने के तुरंत बाद गिर गया. सेंसेक्स 163.74 अंक यानी 0.48 प्रतिशत गिरकर 33,727.39 अंक पर रहा. एक समय यह 237.65 अंक गिर गया था. मंगलवार को सेंसेक्स 176.27 अंक यानी 0.52 प्रतिशत कमजोर होकर 33,891.13 अंक पर रहा.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 62.55 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 10,135.85 अंक पर रहा. सरकार द्वारा रिजर्व बैंक अधिनियम की धारा सात का इस्तेमाल करने पर गवर्नर ऊर्जित पटेल के इस्तीफा देने की अफवाहें हैं.

सरकार इस धारा का इस्तेमाल गवर्नर को उन मुद्दों पर परामर्श व निर्देश देने के लिये करती है जिनके बारे में सरकार को लगता है कि ये मुद्दे गंभीर हैं और सार्वजनिक हित में हैं. टाटा स्टील, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, पावरग्रिड, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, अडाणी पोर्ट्स, आईटीसी, विप्रो और वेदांता के शेयर चार प्रतिशत तक गिर गये. हालांकि इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, यस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, सन फार्मा और ओएनजीसी के शेयर दो प्रतिशत तक चढ़ गये.

कारोबारियों ने कहा कि ऊर्जित पटेल के इस्तीफे की खबरें उड़ने से बाजार पर दबाव रहा. प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को एफपीआई 1,592.02 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,363.04 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की.

वैश्विक बाजारों में एशियाई बाजारों शुरुआती कारोबार में जापान का निक्की 1.70 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.13 प्रतिशत, हांग कांग का हैंग सेंग 0.60 प्रतिशत और ताईवान का शेयर बाजार 1.80 प्रतिशत की तेजी में रहा. अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज मंगलवार को 1.77 प्रतिशत उछलकर बंद हुआ था.

आयातकों की डॉलर मांग आने तथा विदेशी निवेशकों की सतत लिवाली से बुधवार को अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में शुरुआती कारोबार में रुपया 43 पैसे कमजोर होकर 74.11 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया. कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजारों में अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत रहने तथा सरकार एवं रिजर्व बैंक के बीच खींचतान की चिंताओं का भी रुपये पर दबाव रहा.

मंगलवार को रुपया 23 पैसे गिरकर 73.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. हालांकि कच्चा तेल के लगभग स्थिर रहने से रुपये की गिरावट पर कुछ लगाम रही। वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत मजबूत होकर 76.38 डॉलर प्रति बैरल पर रहा.

प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने शेयर बाजारों से 1,592.02 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की. इस बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मजबूती में खुलने के तुरंत बाद 263.30 अंक गिरकर 33,627.83 अंक पर आ गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola