ePaper

शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट, बैंकों के शेयर और टूटे

Updated at : 03 Aug 2017 8:04 PM (IST)
विज्ञापन
शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट, बैंकों के शेयर और टूटे

मुंबई : मौद्रिक नीति के रुख को लेकर चिंता के बीच शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आयी. बैंकिंग, रीयल्टी और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 239 अंक टूट गया. रिजर्व बैंक ने बुधवार को रेपो दर को चौथाई प्रतिशत घटाकर छह प्रतिशत किया था. केंद्रीय बैंक का कहना […]

विज्ञापन

मुंबई : मौद्रिक नीति के रुख को लेकर चिंता के बीच शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आयी. बैंकिंग, रीयल्टी और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 239 अंक टूट गया. रिजर्व बैंक ने बुधवार को रेपो दर को चौथाई प्रतिशत घटाकर छह प्रतिशत किया था. केंद्रीय बैंक का कहना है कि भविष्य की कार्रवाई आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी. मौद्रिक समीक्षा निवेशकों में उत्साह का संचार करने में विफल रही है. इससे ब्याज दर की दृष्टि से संवेदनशील बैंकिंग, रीयल्टी और वाहन कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला बना रहा.

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरोंवाला सेंसेक्स 238.86 अंक या 0.74 प्रतिशत के नुकसान से 32,237.88 अंक पर आ गया. इसने 32,194.58 अंक का निचला स्तर भी छुआ. बुधवार को सेंसेक्स 98.43 अंक टूटा था. नेशनल स्टाॅक एक्सचेंज का निफ्टी 67.85 अंक या 0.67 प्रतिशत के नुकसान से 10,013.65 अंक पर बंद हुआ. इसने कारोबार के दौरान 9,998.25 अंक का निचला स्तर छुआ.

ल्यूपिन के शेयर में सबसे अधिक 3.80 प्रतिशत की गिरावट आयी. कोल इंडिया का शेयर 3.36 प्रतिशत टूटा. एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और आइसीआइसीआइ बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे. सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक का शेयर 5.98 प्रतिशत टूट गया, जबकि केनरा बैंक में 3.27 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक में 2.24 प्रतिशत का नुकसान रहा. डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवारको दो साल के उच्चस्तर को छू गया. इससे भी बाजार की धारणा को बल नहीं मिल सका.

एक मासिक सर्वेक्षण के अनुसार जुलाई में सेवाओं के पीएमआइ के आंकड़े माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के क्रियान्वयन के बाद चार साल के निचले स्तर पर आ गये. इससे भी निवेशकों में बेचैनी रही. जुलाई में निक्की इंडिया सर्विसेज खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआइ) 45.9 प्रतिशत पर आ गया. यह इसका सितंबर, 2013 के बाद का निचला स्तर है. जून में यह आठ महीने के उच्चस्तर 53.1 पर था. जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘मौद्रिक समीक्षा से निराश ब्याज दर आधारित शेयरों पर दबाव रहा. यदि केंद्रीय बैंक ने अपने रुख को तटस्थ से नरम किया होता तो इसका प्रभाव न्यूनतम रहता.’

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 473.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 232.95 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर गुरुवारको 1.38 प्रतिशत चढ़ गया. भारती एयरटेल में 2.01 प्रतिशत तथा बजाज आॅटो में 1.14 प्रतिशत का लाभ रहा. एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख रहा. शुरुआती कारोबार में ज्यादातर यूरोपीय बाजार भी नीचे चल रहे थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola