Bihar Politics: 'बीड़ी और बिहार' वाले पोस्ट पर बवाल! तेजस्वी बोले- बिहार की अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं...
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 05 Sep 2025 9:18 PM
तेजस्वी यादव की फाइल फोटो
Bihar Politics: केरल कांग्रेस के विवादित पोस्ट ने बिहार की राजनीति गरमा दी है. इस पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार की अस्मिता से समझौता नहीं होगा और कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए.
Bihar Politics: बिहार की राजनीति इन दिनों एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गर्मा गई है. केरल कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से किए गए पोस्ट- “बीड़ी और बिहार, दोनों ‘बी’ से शुरू होते हैं, अब इसे पाप नहीं माना जा सकता” ने राज्यवासियों की भावनाओं को गहराई से आहत किया है. इस टिप्पणी ने न केवल बिहार की अस्मिता पर चोट पहुंचाई बल्कि सियासी हलकों में भी भूचाल मचा दिया है.
तेजस्वी यादव का कड़ा रुख
राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पोस्ट पर सख्त नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति और सम्मान के खिलाफ कोई भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. तेजस्वी ने स्पष्ट किया- “बिहार एक महान राज्य है और यहां के लोग अपनी अस्मिता पर गर्व करते हैं. कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए.” उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले बयानों की कड़ी निंदा की जाएगी, चाहे वह सहयोगी दल से ही क्यों न आए.
महागठबंधन में दरार की आशंका
तेजस्वी का यह सख्त बयान कांग्रेस को सीधा संदेश माना जा रहा है कि महागठबंधन में एकता बनाए रखने के लिए ऐसे विवादास्पद बयानबाजी से बचना जरूरी है. जानकार मानते हैं कि राजद प्रमुख विपक्षी दल के रूप में यह जताना चाहती है कि वह बिहार के मतदाताओं की भावनाओं का सम्मान करती है.
कांग्रेस बैकफुट पर
गौरतलब है कि कांग्रेस ने अब विवादित पोस्ट को हटा लिया है और दावा किया है कि उनका अकाउंट हैक हुआ था. कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि गलती का अहसास होते ही माफी मांग ली गई है. हालांकि, इससे पहले ही यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका था.
वोटर अधिकार यात्रा के बीच विवाद
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा दरभंगा में मंच से दिए गए अपशब्दों को लेकर पहले ही आलोचनाओं के घेरे में है. अब केरल कांग्रेस के इस पोस्ट ने कांग्रेस की साख पर और सवाल खड़े कर दिए हैं. विरोधियों को मौका मिल गया है कि कांग्रेस बिहार का सम्मान नहीं करती.
नतीजा क्या होगा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद कांग्रेस को बिहार में नुकसान पहुंचा सकता है. एक ओर एनडीए पहले से हमलावर है, दूसरी ओर अब राजद ने भी सार्वजनिक तौर पर अपनी नाराजगी जता दी है. इससे साफ संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस को बिहार में अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना होगा, वरना यह मुद्दा चुनावी राजनीति में उसके लिए और भारी पड़ सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










