Khesari Net Worth: 3 करोड़ की कार, 35 लाख के गहने, जानिए RJD के टिकट पर चुनाव लड़ रहे खेसारी कितनी संपत्ति के हैं मालिक
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 18 Oct 2025 1:54 PM
खेसारी लाल यादव अपनी पत्नी के साथ लालू यादव से आरजेडी का सिंबल लेते हुए
Khesari Lal Yadav Net Worth: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में धमाकेदार एंट्री की है. राजद ने उन्हें सारण की छपरा सीट से उम्मीदवार बनाया है. नामांकन में खेसारी ने करीब 25 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है.
Khesari Lal Yadav Net Worth| Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार राजनीति और सिनेमा का संगम देखने को मिल रहा है. भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर सारण जिले की छपरा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरकर बड़ा दांव खेला है. शुक्रवार को उन्होंने नामांकन दाखिल किया और उसी के साथ बिहार की सियासत में एक नया चेहरा जुड़ गया. नॉमिनेशन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में खेसारी ने अपनी संपत्ति 24.81 करोड़ रुपये बताई है.
25 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में खेसारी लाल यादव ने अपनी कुल संपत्ति 24.81 करोड़ रुपये बताई है. इनमें से 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. उनकी पत्नी चंदा देवी के पास भी 90 लाख रुपये की चल और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है. इस तरह दोनों के पास मिलाकर कुल संपत्ति 25 करोड़ रुपये से अधिक है.
खेसारी के पास 3 करोड़ रुपये की एक लग्जरी कार
खेसारी के पास लगभग 3 करोड़ रुपये की एक लग्जरी कार, 35 लाख रुपये के सोने के गहने, और कई बैंक खाते हैं. वहीं, नकद के रूप में उनके पास 5 लाख रुपये, जबकि उनकी पत्नी के पास 2 लाख रुपये नकद हैं.
100 से अधिक फिल्में, 5000 गाने
खेसारी लाल यादव भोजपुरी सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं. अब तक उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग किया है और 5000 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी है. “साजन चले ससुराल”, “दुल्हन गंगा पार के”, “मेहंदी लगाके रखना” जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार के दर्जे पर पहुंचा दिया.
गरीबी से शोहरत तक का सफर
खेसारी की लाइफ स्टोरी एक प्रेरणा है. उनका जन्म सारण जिले के छोटे से गांव में हुआ था. पिता मंगरू यादव कभी दिन में रेहड़ी-पटरी पर सामान बेचते और रात में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे. गरीबी के दिनों में खेसारी खुद मवेशी चराने और दूध बेचने का काम करते थे. दिल्ली जाकर उन्होंने परिवार के साथ लिट्टी-चोखा बेचकर जीवन चलाया. लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. धीरे-धीरे उनका संघर्ष रंग लाया और भोजपुरी इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई.
छपरा में हाई-प्रोफाइल मुकाबला
छपरा विधानसभा सीट पर पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है. इस सीट को अब खेसारी लाल यादव की एंट्री ने हाई-प्रोफाइल बना दिया है. राजद ने पहले यहां से उनकी पत्नी चंदा यादव को प्रत्याशी बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन आखिरी वक्त में खेसारी को मैदान में उतार दिया गया. बीजेपी की छोटी कुमारी और निर्दलीय प्रत्याशी राखी गुप्ता सुपरस्टार को टक्कर देते नजर आएंगी.
Also Read: NDA में CM फेस पर सियासी घमासान, शाह और चिराग बोले बाद में तय होगा, मांझी ने कहा पहले होना चाहिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










