'क्या कोई नाचने वाला अब रोजगार बांटेगा?' खेसारी पर बरसे लालू के लाल

खेसारीलाल- तेज प्रताप यादव
Bihar Chunav 2025: बिहार की चुनावी राजनीति में नया मोड़ आ गया है. जनशक्ति जनता दल (JJD) के मुखिया तेज प्रताप यादव ने NDA के 'संकल्प पत्र' पर चुटकी ली. साथ ही, RJD के स्टार प्रचारक खेसारीलाल यादव की नौकरी की गारंटी को 'नाचने वाले का रोजगार' बताकर कटाक्ष किया. उन्होंने राहुल गांधी के 'छठ' ज्ञान और मुकेश सहनी के बयान पर भी तीखा हमला बोला.
Bihar Chunav 2025: बिहार की चुनावी राजनीति आजकल एक तीखे मोड़ पर आ गई है. जैसे-जैसे मतदान की तारीखें नजदीक आ रही हैं, नेताओं के बयान सुर्खियां बटोर रहे हैं. इसी क्रम में, जनशक्ति जनता दल (JJD) के मुखिया तेज प्रताप यादव ने NDA के चुनावी घोषणापत्र और RJD के स्टार प्रचारक खेसारीलाल यादव दोनों पर हमला बोला है.
NDA के संकल्प पत्र पर चुटकी
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के “संकल्प पत्र 2025” को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इस घोषणापत्र पर तंज कसते हुए कहा, “चुनाव का वक्त है, हर कोई बड़े-बड़े वादे करेगा. देखना तो यह है कि इन वादों का नतीजा क्या निकलता है.”
खेसारीलाल की नौकरी की गारंटी पर कटाक्ष
तेज प्रताप यहीं नहीं रुके। उन्होंने RJD के लिए प्रचार कर रहे और छपरा से उम्मीदवार खेसारीलाल यादव के उस दावे पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं को 2 करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी. इस पर तेज प्रताप ने मजाकिया लहजे में टिप्पणी की, ‘खेसारीलाल भला कौन सी नौकरी दे पाएगा? क्या कोई नाचने वाला व्यक्ति अब रोजगार बांटेगा?’
राहुल गांधी के ‘छठ’ ज्ञान पर भी सवाल
तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी के विरोधियों तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक हालिया बयान पर भी कड़ा पलटवार किया, जिसके कारण वह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं.
दरअसल, राहुल गांधी ने दिल्ली में यमुना के किनारे छठ पूजा के आयोजन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री पर ‘ड्रामा’ करने का आरोप लगाया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने कहा, ‘क्या राहुल गांधी ने कभी छठ का पर्व किया है? उन्हें छठ पूजा की महत्ता का क्या अंदाजा होगा? जो नेता हर समय देश से बाहर चला जाता है, उसे छठ मैया के इस महान त्योहार के बारे में कोई जानकारी नहीं होगी.’
मुकेश सहनी को ‘पहचानने’ से इनकार
पत्रकारों से बातचीत के दौरान, वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के एक बयान का भी जिक्र हुआ, जिसमें सहनी ने कहा था कि वह तेज प्रताप यादव को नहीं जानते. इस पर तेज प्रताप बुरी तरह भड़क उठे। उन्होंने गुस्से में पत्रकारों से पूछा कि अभी आपने किसका नाम लिया? जब मुकेश सहनी का नाम दोहराया गया, तो तेज प्रताप ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए साफ कह दिया कि वह इस नाम के किसी भी व्यक्ति को नहीं जानते हैं.
Also Read: 2 को पटना में रोड शो, 3 को कटिहार में रैली, NDA के पक्ष में माहौल बनाने के लिए उतरे PM मोदी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anshuman Parashar
अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




