Tech & Auto News Updates: Twitter की तरह Gmail भी ला रहा ब्लू टिक सर्विस
Tech & Auto News Updates: टेक जगत में एक दूसरे के प्रतिद्वंद्वी माने जानेवाले गूगल और ऐपल साथ आ रही हैं. दरअसल, दोनों कंपनियां ब्लूटूथ ट्रैकिंग की समस्या का सामना कर रहीं हैं. आज टेक जगत में और क्या हलचल है? ऑटो सेक्टर में क्या कुछ नया हो रहा है? टेक ऐंड ऑटो सेक्टर की दिनभर की बड़ी खबरें जानने के लिए बने रहें हमारे साथ.
Gmail चला Twitter की राह, ला रहा ब्लू टिक सर्विस
Twitter की राह पर चलते हुए Gmail भी ब्लू टिक सर्विस लाने की तैयारी कर रहा है. कंपनी की इस नयी सर्विस से फर्जी ईमेल करनेवालों की पहचान करना आसान हो जाएगा. नयी सर्विस में वेरिफाइड जीमेल अकाउंट से आने वाले मैसेज के सामने ब्लू टिक लगा होगा. इससे यूजर्स जान पाएंगे कि कौन सा मैसेज फेक है.
Facebook Instagram के आपत्तिजनक कंटेंट पर Meta ने चलायी चाबुक
मेटा के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया मंच फेसबुक ने मार्च, 2023 में यूजर्स की करीब 45 प्रतिशत शिकायतों पर कार्रवाई की है. वहीं मेटा इंस्टाग्राम ने इस दौरान 64 प्रतिशत शिकायतों पर कार्रवाई की है. कंपनी की भारत के लिए मासिक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है. सोशल मीडिया मंच ने उन मामलों में एक-चौथाई से भी कम शिकायतों पर कार्रवाई की, जहां उपयोगकर्ताओं ने नग्नता या आंशिक नग्नता की शिकायत की थी.
EV ग्राहकों को वापस मिलेंगे इतने रुपये
ईवी कंपनियों ने इलेक्ट्रिक बाइक या स्कूटी खरीदनेवाले ग्राहकों से चार्जर के लिए अलग से 10,000 से 15,000 रुपये तक चार्ज किये हैं. ग्राहकों को ये पैसे वापस मिलेंगे. EV पर सब्सिडी का जोर-शोर से प्रचार होने के बाद साल 2023 में ग्राहक चार्जर की अलग से कीमत लेने की शिकायत करने लगे. इस पर संज्ञान लेते हुए भारी उद्योग मंत्रालय ने कंपनियों को नोटिस जारी किया. ओला इलेक्ट्रिक ने इस संबंध में 4 मई, गुरुवार सुबह Twitter पर अपना बयान जारी किया है.
सरकार ने नोटिस जारी कर कही थी यह बात
केंद्र सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय ने इलेक्ट्रिक बाइक बनाने वाली कंपनियों को नोटिस जारी किया था. ये कंपनियां सरकार से फेम सब्सिडी लेने के बाद भी ग्राहकों को उसका पूरा फायदा नहीं दे रही थीं. ग्राहकों से शिकायत मिलने के बाद केंद्र सरकार ने इस ओर ध्यान दिया और कंपनियों को नोटिस भेजा. इसके बाद कंपनियों ने चार्जर के लिए लिये गए पैसे लौटाने का फैसला लिया है.
इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर ग्राहकों को वापस मिलेंगे चार्जर के पैसे
इलेक्ट्रिक बाइक या स्कूटी खरीदने वालों के लिए गूड न्यूज है. अगर आपने चार्जर के लिए अलग से पैसे दिये हैं, तो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी आपको चार्जर के पैसे वापस लौटाने वाली है. ओला, एथर, हीरो, टीवीएस जैसी बड़ी कंपनियां अपने ग्राहकों को चार्जर के लिए वसूले गए कुल 288 करोड़ रुपये की रकम वापस करने जा रही हैं.
UIDAI की साइट या mAadhaar ऐप से हो जाएगा काम
आपके आधार में कौन-सा मोबाइल नंबर और ईमेल लिंक है, अगर आपको यह पता या याद नहीं है, तो आपकी सहूलियत के लिए UIDAI की ओर से नयी सुविधा शुरू की गई है. इसके जरिये यूजर्स पता लगा सकते हैं कि आखिर उनके आधार के साथ कौन सा मोबाइल और ईमेल लिंक है. आधार से लिंक मोबाइल नंबर और ईमेल की जांच के लिए आप UIDAI की ऑफिशियल साइट या mAadhaar ऐप का सहारा ले सकते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए