CBS vs ABS: आपकी बाइक के लिए कौन सा ब्रेकिंग सिस्टम रहेगा सही, जान लें फायदे और नुकसान

CBS vs ABS ब्रेकिंग सिस्टम
CBS vs ABS: दोनों ब्रेकिंग सिस्टम अपने-अपने फायदे और नुकसान के साथ आते हैं. लेकिन सवाल ये है कि आपकी बाइक के लिए कौन सा सही रहेगा. आइए आपको आसान शब्दों में बताते हैं CBS और ABS के फायदे, नुकसान और सेफ्टी फीचर्स.
CBS vs ABS: बाइक की सेफ्टी की बात करें तो ब्रेकिंग सिस्टम सबसे बड़ा रोल प्ले करता है. ये वही चीज है जो अचानक ब्रेक लगाने पर आपकी जान बचा सकती है. आजकल दो ब्रेकिंग टेक्नोलॉजीज काफी चर्चा में हैं. पहला कॉम्बी ब्रेक्स (Combi Brakes) और दूसरा एबीएस (ABS). अब सवाल ये है कि इन दोनों में से कौनसा ब्रेकिंग सिस्टम ज्यादा बढ़िया, सेफ और पैसे का सही वेल्यू देता है? आइए इसी सवाल का जवाब जानने की कोशिश करते हैं.
कॉम्बी ब्रेक्स (Combi Brakes) क्या होता है?
कॉम्बी ब्रेक्स को CBS (Combined Braking System) भी कहते हैं. ये थोड़ी स्मार्ट टेक्नोलॉजी है जो आपकी बाइक के आगे और पीछे ब्रेक्स का काम बैलेंस कर देती है. मतलब, अगर आप सिर्फ आगे या सिर्फ पीछे ब्रेक दबाएं, तो भी बाइक सेफ तरीके से रुक जाएगी. ये ज्यादातर एंट्री लेवल वाली बाइक में देखने को मिलती है.
CBS के फायदे
सबसे पहले तो ये पॉकेट-फ्रेंडली होते हैं. मतलब बाइक की कीमत ज्यादा नहीं बढ़ती. शुरुआती राइडर्स के लिए भी बढ़िया होता है. ऐसा इसलिए क्योंकि ब्रेक दबाओ और सिस्टम अपने आप दोनों पहियों को कंट्रोल करता है. और हां, फिसलने का डर भी कम इसमें हो जाता है, खासकर स्कूटर और कम्यूटर बाइक में.
CBS के नुकसान
बता दें कि बारिश या फिसलन वाले रास्तों पर ये थोड़ा कमजोर पड़ जाते हैं. यानी कंट्रोल अच्छे से नहीं मिल पता है. और अगर बाइक तेज हो या जोर से ब्रेक मारें, तो ABS की तुलना में ये थोड़ा पीछे रह जाते हैं.
ABS क्या होता है?
ABS यानी एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम है. इसका सबसे बड़ा फायदा ये है कि अचानक ब्रेक मारो तो भी पहिए लॉक नहीं होते. बाइक की ग्रिप बनी रहती है और आप राइड करते-करते अपने रास्ते को बदल सकते हो. कई देशों में 125cc से ऊपर की बाइक पर ये अनिवार्य है और प्रीमियम या स्पोर्टी बाइक में ये स्टैण्डर्ड फीचर होता है. अब हाल ही में MoRTH ने ये भी कह दिया है कि 1 जनवरी 2026 से भारत में बिकने वाली सभी नई बाइक में, चाहे कोई भी इंजन हो, ABS होना जरूरी है. पहले ये सिर्फ 125cc से ऊपर की बाइक पर ही जरूरी था.
ABS के फायदे
ABS वाली बाइक में सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा गया है. ये फिसलने से रोकता है और मुश्किल हालात या इमरजेंसी में भी बाइक का कंट्रोल बनाए रखता है. हाई-स्पीड राइडिंग या स्पोर्ट बाइक के शौकीनों के लिए भी ये बढ़िया है, क्योंकि ब्रेकिंग बिलकुल सटीक होती है. और सबसे बढ़िया बात, यह अलग-अलग रास्तों पर भी बढ़िया काम करता है.
ABS के नुकसान
ABS सिस्टम बाइक की सेफ्टी तो बढ़ा देता है, लेकिन इसका एक छोटा सा झटका ये भी है कि कीमत थोड़ी बढ़ा देता है. मतलब बजट पर ध्यान देने वाले लोग थोड़ा सोचेंगे. और हां, सिस्टम थोड़ा जटिल भी है, तो रिपेयर या मेंटेनेंस में भी ज्यादा खर्चा आ सकता है.
आप कौन सा चुनें?
अगर आप शहर में रोजाना चलते हैं या नए राइडर हैं, तो CBS एक प्रैक्टिकल और बजट-फ्रेंडली ऑप्शन है. ये आपकी सेफ्टी बढ़ाता है बिना ज्यादा पैसे खर्च किए. लेकिन अगर आप ज्यादा स्पीड में बाइक चलाते हैं, मुश्किल रास्तों पर जाते हैं, या पूरी कंट्रोल चाहते हैं, तो ABS आपके लिए बेटर ऑप्शन है.
जैसे-जैसे बाइक्स एडवांस्ड हो रही हैं, CBS और ABS के बीच चुनाव आपकी राइडिंग स्टाइल, एक्सपीरियंस और रास्तों पर डिपेंड करेगा. चाहे आप शहर के ट्रैफिक में फास्ट से चलते हों या पहाड़ी रास्तों पर बाइक चलाते हों, सही ब्रेकिंग सिस्टम चुनना बड़ा फर्क डाल सकता है.
यह भी पढ़ें: गाड़ी का इंश्योरेंस खरीद रहे हैं? जान लें 5 ऐसे टर्म्स जो हर ड्राइवर को पता होने चाहिए
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ankit Anand
अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




