राजा मार्केट की 56 दुकानें सील, छह गिरफ्तार

Published at :28 Nov 2013 10:53 PM (IST)
विज्ञापन
राजा मार्केट की 56 दुकानें सील, छह गिरफ्तार

संवाददाता, पटना चिरैयाटांड़ पुल चौराहा के समीप राजा मार्केट में जांच के दौरान वाणिज्य कर पदाधिकारियों के साथ हुई मारपीट की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. घटना के दूसरे दिन वाणिज्य कर विभाग की 80 सदस्यीय भारी-भरकम टीम ने पुलिस-प्रशासन के सहयोग से मार्केट में दोबारा छापेमारी की और 56 दुकानों को […]

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

चिरैयाटांड़ पुल चौराहा के समीप राजा मार्केट में जांच के दौरान वाणिज्य कर पदाधिकारियों के साथ हुई मारपीट की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. घटना के दूसरे दिन वाणिज्य कर विभाग की 80 सदस्यीय भारी-भरकम टीम ने पुलिस-प्रशासन के सहयोग से मार्केट में दोबारा छापेमारी की और 56 दुकानों को सील कर दिया. जांच पूरी होने तक दुकानें सील रहेंगी. इन दुकानों पर नोटिस चिपका कर उनके मालिकों को तमाम कागजात के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया गया है. छापेमारी को लेकर चिरैयाटांड़ चौराहा के आस पास का इलाका दोपहर तीन बजे से लेकर देर शाम तक छावनी में तब्दील रहा. बुधवार को हुई मारपीट मामले में छह लोगों को गिरफ्तार गांधी मैदान थाने भी लाया गया है.

भारी-भरकम प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

गुरुवार को दुकानों की सीलिंग से पहले प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता तैयारी कर रखी थी. हंगामे की आशंका को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर सिंह और एएसपी मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में 100 से भी ज्यादा पुलिसकर्मी घंटों स्थल पर मौजूद रहे. वज्र वाहन और टियर गैस का इंतजाम भी कर रखा गया था. भारी-भरकम इंतजाम को देखते हुए आस-पास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी, मगर इस भीड़ को प्रशासन ने हटा दिया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आस-पास के चार थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी इकट्ठा किया गया था.

शाम पांच बजे शुरू हुई सीलिंग

शाम करीब पांच बजे वाणिज्य कर विभाग के 80 अधिकारियों की टीम पहुंची और एक-एक दुकान में जांच आरंभ की. करीब तीन घंटे चली सघन जांच में 56 उन दुकानों को सील किया गया, जिन्होंने पिछले तीन दिन से चल रही जांच प्रक्रिया के दौरान अपनी दुकानों के शटर गिरा रखे थे. इन दुकानों के बाहर नोटिस भी चिपका दिया गया. इस नोटिस में दुकान मालिक को निर्धारित समय पर सभी कागजातों के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया गया है. जांच में सहयोग करने वाले दुकानदारों को छोड़ दिया गया. विभागीय सूत्रों के मुताबिक राजा मार्केट में 90 रजिस्टर्ड जबकि दर्जनों की संख्या में अन रजिस्टर्ड दुकानें भी हैं.

हंगामा-मारपीट में छह गिरफ्तार

बुधवार को हंगामा और वाणिज्य कर पदाधिकारियों के साथ मारपीट करने वाले छह लोगों को चिह्न्ति कर गिरफ्तार किया गया. इनमें संस्कृति ट्रेडिंग के चिंटू, न्यू जयकारा इलेक्ट्रिक के मुरारी अग्रवाल, इनके चचेरे भाई सुमित कुमार, अंबा इलेक्ट्रिक के नीरज वर्मा, वैष्णवी ऑटो के पप्पु प्रसाद व खुशबू पे फोन के मो नौशाद शामिल हैं. वाणिज्य कर अधिकारियों ने इस मामले में 30 नामजद व 500 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.

घायल पदाधिकारी को मिली छुट्टी

मारपीट में घायल हुए परिक्ष्यमान वाणिज्य कर पदाधिकारी अनिल कुमार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. बुधवार को सिर पर चोट लगने के बाद उनको चिरैयाटांड़ स्थित महावीर आरोग्य अस्पताल में भरती कराया गया था. मामले की वाणिज्य कर पदाधिकारी संघ के नेताओं ने भी निंदा की. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है.

नहीं थी हंगामे की आशंका

वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वाणिज्य कर अदायगी की जांच सामान्य प्रक्रिया है. जांच के दौरान पुलिसकर्मी हमेशा साथ रहते हैं. मगर बुधवार को इस तरह सुनियोजित ढ़ंग से हमले की आशंका नहीं थी. इस हमले में व्यवसायी वर्ग कर्म अपराधिक प्रवृति के लोगों के अधिक होने की आशंका है. व्यवसायी हंगामा-प्रदर्शन पसंद नहीं करते. अधिकारियों ने बताया कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक दुकानों को सील रखा जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola