ePaper

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ जिला

Updated at : 22 Jun 2015 7:55 AM (IST)
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ जिला

योग करने की रही होड़ छपरा (नगर) : क्या बच्चे, क्या बूढ़े व क्या जवान, रविवार को हर किसी पर योग का जलवा सर चढ़ कर बोल रहा था. मौका था अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का. करीब महीने भर से जिले में चल रही तैयारी रविवार को एक साथ नजर आया. सिर्फ शहर में ही दर्जन […]

विज्ञापन
योग करने की रही होड़
छपरा (नगर) : क्या बच्चे, क्या बूढ़े व क्या जवान, रविवार को हर किसी पर योग का जलवा सर चढ़ कर बोल रहा था. मौका था अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का. करीब महीने भर से जिले में चल रही तैयारी रविवार को एक साथ नजर आया.
सिर्फ शहर में ही दर्जन भर से अधिक संगठन, संस्थाओं व स्कूलों द्वारा अलग-अलग योगाभ्यास शिविरों का आयोजन किया गया. सबसे बड़ी बात तो यह रही कि हर जगह पर योग करनेवालों की भारी भीड़ जुटी. इस क्रम में राजेंद्र स्टेडियम में योग के माध्यम से एकता व अनुशासन का अद्भुत नजारा देखने को मिला. एनसीसी के सेवन बिहार बटालियन द्वारा आयोजित योग शिविर में एनसीसी के एक हजार से अधिक ब्वायज एवं गल्र्स कैडेटों ने सुबह सात बजे से 7.35 तक योग शिक्षक सुनील त्यागी के निर्देशन में एक साथ योग के अंतर्गत विभिन्न आसनों का अभ्यास किया. इसके पूर्व शिविर का शुभारंभ रामकृष्ण मिशन आश्रम छपरा के सचिव स्वामी अतिदेवानंद जी महाराज तथा एनसीसी के कर्नल एसबी सिंह ने संयुक्त रूप से किया.
योगाभ्यास के पूर्व स्वामी अतिदेवानंद जी महाराज ने भारतीय परंपरा में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला. वहीं, कर्नल श्री सिंह ने कहा कि छपरा समेत पूरे देश में एक साथ 11 लाख कैडेटों ने योग शिविर में हिस्सा लिया. इस दौरान एनसीसी, एनओ कैप्टन डॉ एसए अता, लेफ्टिनेंट डॉ विश्वामित्र पांडेय, डॉ संजय कुमार समेत एनसीसी के पीआइ स्टाफ उपस्थित थे. बाद में एनसीसी कैडेटों ने शहर में रैली निकाल कर लोगों से नियमित रूप से योग करने के लिए जागरूक किया.
स्कूलों में भी हुआ योगाभ्यास : उधर, शहर के विभिन्न स्कूलों में भी रविवार को योग शिविर का आयोजन किया गया. इसमें बी सेमिनरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित योग शिविर में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बी सेमिनरी के बच्चों के साथ ही स्कूल के शिक्षक, अभिभावक तथा भारत स्काउट एंड गाइड बच्चों ने योगाभ्यास किया.
वहीं, सेंट्रल पब्लिक स्कूल में आयोजित योग शिविर में डॉ ओपी सिंह तथा शारीरिक शिक्षक अविनाश पांडेय के मार्गदर्शन में स्कूली बच्चों, शिक्षक तथा अभिभावकों ने योगाभ्यास किया. इस दौरान स्कूल के निदेशक हरेंद्र सिंह, योग के लाभ के बारे में जिले से जानकारी दी. वहीं, होली किड्स इंटरनेशनल स्कूल में भी निदेशक एसके शर्मा के निर्देशन में योग शिविर का आयोजन किया गया.
पतंजलि योग समिति ने भी लगाया शिविर : वहीं पतंजलि योग समिति व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट द्वारा शहर के मारुति मानस मंदिर परिसर में आयोजित योग शिविर में शहर के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व बुजुर्गो ने हिस्सा लिया. इस मौके पर लोक अदालत छपरा के जज रामप्रवेश चौबे, स्वामी अतिदेवानंद जी महाराज, भाजपा गंगा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश उपाध्याय, उपाध्यक्ष धर्मेद्र सिंह, विधायक ज्ञानचंद मांझी, पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष पारसनाथ श्रीवास्तव, डॉ सुधा बाला, विहिप के प्रांतीय प्रभारी श्यामलाल चौधरी, सत्यनारायण शर्मा आदि उपस्थित थे.
योगाभ्यास में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने भी हिस्सा लिया तथा स्टॉल लगा कर योग के बाद लोगों के बीच अल्पाहार का वितरण किया. वहीं, तेलपा स्थित हवाई अड्डा परिसर में भी पूर्व प्रत्याशी कन्हैया सिंह तथा प्राणनाथ सेवा आश्रम ट्रस्ट द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया. भारतीय स्टेट बैंक के भगवान बाजार शाखा में भी योग शिविर का आयोजन किया गया.
छात्रों ने किया योगाभ्यास :सदर प्रखंड के खलपुरा स्थित एएनडी (आवासीय) पब्लिक स्कूल में भी योग दिवस के अवसर पर शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें छात्र-छात्राओं को शिक्षक वीरेंद्र मिश्र ने योगाभ्यास कराया. इस मौके पर सचिव अनिता सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे छात्रों का समग्र विकास संभव हो सकेगा. प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने छात्रों को जीवन में सफलता के लिए योग को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि इसे छात्र साधना के रूप में अपने जीवन में उतारे तथा दिनचर्या में शामिल करें. इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद थे.
तरैया एसएसबी कैंप में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना : तरैया (सारण). तरैया रेफरल अस्पताल की बगल में स्थित एसएसबी कैंप में रविवार की सुबह योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एसएसबी के सहायक सेनानायक रितेश कुमार के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों व युवक तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने कैंप में योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया.
सहायक सेनानायक श्री कुमार ने उपस्थित जवानों व पंचायत प्रतिनिधियों से प्रतिदिन सुबह योगाभ्यास करने की सलाह दी तथा कहा कि योगाभ्यास से शरीर में किसी प्रकार की बीमारी नहीं होगी. कार्यक्रम के मौके पर सहायक सेनानायक रितेश कुमार, एसएसबी के इंस्पेक्टर मेधाचंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, पैक्स अध्यक्ष राहुल सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में एसएसबी के जवान व पंचायत प्रतिनिधि कैंप में उपस्थित थे.
योग शिविर लगा : मांझी. प्रखंड के दलन सिंह उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को योग शिविर का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन थानाध्यक्ष धर्मेद्र कुमार कुशवाहा तथा पृथ्वीनाथ ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस मौके पर अनुपम कुमार सिंह, अशोक पांडेय, मोहन तिवारी, अमिताभ ओझा आदि मौजूद थे.
सोनपुर से संवाददाता के अनुसार, योग दिवस के अवसर पर रविवार को सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक राकेश तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके पश्चात योग पर प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola