बांका में शिक्षक पर जानलेवा हमला : लोहे की रॉड से फोड़ा सिर, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर
Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन
Banka Crime News : बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. इग्नू की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक शिक्षक पर कार सवार युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया. शिक्षक का आरोप है कि पहले उन्हें कार से रौंदने का प्रयास किया गया और जब वे बच गए तो लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
विज्ञापन
धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
Banka News : धोरैया थाना क्षेत्र के चलना मोड़ के समीप गुरुवार देर रात रजौन प्रखंड में कार्यरत शिक्षक मो. नय्यर पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया. घायल शिक्षक के अनुसार वह गोड्डा से इग्नू की परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कार सवार कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. चलना मोड़ के पास पहुंचते ही आरोपितों ने उन्हें निशाना बनाते हुए हमला कर दिया.कार से कुचलने की कोशिश, फिर रॉड से हमला
शिक्षक का आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार से उन्हें टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की. स्थिति को भांपते हुए उन्होंने बाइक गिराकर किसी तरह अपनी जान बचाई. इसके बाद कार से उतरे युवकों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी.पुराने विवाद को बताया हमले की वजह
घायल शिक्षक ने बताया कि वर्षों पहले उनका कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था. उन्होंने सनाउल्लाह और यासीन नामक दो व्यक्तियों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है. जबकि तीन अन्य हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है. शिक्षक का मानना है कि पुरानी रंजिश के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.अस्पताल में प्राथमिक उपचार, मायागंज रेफर
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. घायल शिक्षक को तत्काल धोरैया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया.पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










