मेहंदी समारोह की शूटिंग कर लौट रहे वीडियोग्राफर की सड़क हादसे में मौत
मौत के बाद लोगों की जुटी भीड़
Road Accident: जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के महिसौड़ी मोहल्ला निवासी दिनेश साव के पुत्र कुणाल कुमार के रूप में हुई है. वह पेशे से वीडियोग्राफर था और एक कार्यक्रम की शूटिंग कर घर लौट रहा था. हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:
Road Accident: शादी समारोह से काम खत्म कर घर लौट रहे एक युवा वीडियोग्राफर की सड़क हादसे में मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कुणाल कुमार सोमवार की रात सिकंदरा थाना क्षेत्र के मंजोष गांव में आयोजित मेहंदी-हल्दी समारोह की वीडियोग्राफी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान खड़गौर गांव के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से हुआ घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कुणाल बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही टाउन थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई ले गई. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि कुणाल परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था. शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में वीडियो शूटिंग कर वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभा रहा था. उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
मंगलवार की सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया. वहीं दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है. स्थानीय लोगों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ: जमुई सदर अस्पताल अपडेट: हड्डी, आँख, दाँत से लेकर मानसिक रोग OPD तक, आज कौन से डॉक्टर बैठेंगे?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










