दिल्ली-मुंबई छोड़ कोलकाता क्यों पहुंचे मार्को रूबियो? 14 साल बाद ‘सिटी ऑफ जॉय’ में अमेरिकी विदेश मंत्री, 3 फैक्ट और 4 थ्योरीज में समझें

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 23 May 2026 9:36 AM

विज्ञापन

Marco Rubio Kolkata Visit: 14 साल बाद अमेरिका का कोई विदेश मंत्री पहली बार कोलकाता पहुंचा है. ट्रंप प्रशासन के टफ मैन सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो 23 मई की सुबह कोलकाता में लैंड हुए. उन्हें रिसीव करने भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर पहुंचे. हालांकि, दिल्ली और मुंबई से अपनी यात्रा शुरू न करके अमेरिकी विदेश मंत्री ने कोलकाता को क्यों चुना?

विज्ञापन

Marco Rubio Kolkata Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो का भारत दौरा इस बार कई वजहों से चर्चा में है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत नई दिल्ली या मुंबई जैसे पारंपरिक शहरों से नहीं, बल्कि कोलकाता से की. 23 मई 2026 की सुबह उनका जहाज कोलकाता में उतरा.  करीब 14 साल बाद कोई अमेरिकी विदेश मंत्री कोलकाता पहुंचा है. इससे पहले साल 2012 में हिलेरी क्लिंटन ने ‘सिटी ऑफ जॉय’ का दौरा किया था. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता को ही पहली मंजिल क्यों चुना गया?

इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक कई तरह की चर्चाएं और एक तरह की कॉन्सिरेसी थ्योरीज (लोगों द्वारा लगाए जा रहे आंकलन) भी सामने आ रही हैं. हालांकि इसके पीछे कुछ ठोस कूटनीतिक कारण भी बताए जा रहे हैं.

पहला फैक्ट: बंगाल की नई राजनीतिक स्थिति

मार्को रूबियो का दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब पश्चिम बंगाल में हाल ही में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी की सरकार का पतन हो चुका है. अब बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद राज्य राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया है. विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका यह समझना चाहता है कि पूर्वी भारत की नई राजनीतिक दिशा क्या असर डाल सकती है. कोलकाता का चुनाव इस बदले राजनीतिक माहौल को करीब से समझने की रणनीति भी हो सकता है.

दूसरा फैक्ट: QUAD और पूर्वी भारत की रणनीतिक अहमियत

भारत-अमेरिका संबंधों में अब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सबसे अहम मुद्दों में शामिल है. कोलकाता भौगोलिक रूप से बंगाल की खाड़ी और पूर्वी एशियाई समुद्री मार्गों के काफी करीब माना जाता है. यही वजह है कि QUAD देशों- भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया  के बढ़ते सहयोग के बीच पूर्वी भारत का महत्व बढ़ गया है.  रूबियो के दौरे में ऊर्जा, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख हैं. रूबियो इस दौरे पर क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मीटिंग भी करने वाले हैं. ऐसे में कोलकाता से यात्रा शुरू करना एक प्रतीकात्मक रणनीतिक संदेश भी माना जा रहा है.

तीसरा फैक्ट: मदर टेरेसा कनेक्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्को रूबियो मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ भी जा सकते हैं. यह संस्था मदर टेरेसा से जुड़ी हुई है और दुनिया भर में मानवीय सेवा के प्रतीक के रूप में देखी जाती है. अमेरिका अक्सर अपनी विदेश नीति में ‘सॉफ्ट डिप्लोमेसी’ का इस्तेमाल करता रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में ईसाई धार्मिक प्रतीकों का खुल कर इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में कोलकाता दौरे को मानवीय और सांस्कृतिक संदेश से भी जोड़ा जा रहा है.

अब बात कॉन्सिरेसी थ्योरीज की…

थ्योरी 1: क्या बंगाल की राजनीति पर अमेरिका की नजर?

सोशल मीडिया पर कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि अमेरिका पश्चिम बंगाल की नई राजनीतिक स्थिति को लेकर विशेष रुचि दिखा रहा है. कुछ यूजर्स का कहना है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में भारत की आंतरिक राजनीति और क्षेत्रीय समीकरणों को समझने की कोशिश भी हो सकता है. हाल ही भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण में भी गए थे. यह थोड़ा हैरान करने वाली खबर थी. 

चूंकि पिछले लगभग दो साल से बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार का पतन, मोहम्मद यूनुस का भारत विरोधी रवैया और तारिक रहमान की वापसी ने भारत के पड़ोसी देश में काफी हलचल मचा रखी थी. शेख हसीना ने तो यहां तक कह दिया था कि अमेरिका ने खुलकर कहा था कि उसे बांग्लादेश का सेंट मार्टिन आईलैंड चाहिए. इसी के बाद हसीना की मुलाकात दिल्ली में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी हुई थी. हालांकि, फिर भी उनकी सरकार नहीं बच सकी. दबी जुबान कहा गया कि इसके पीछे अमेरिका का हाथ था. इस बाबत एक अमेरिकी डिप्लोमैट की रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई थी. हालांकि,  तमाम इस दावे का कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है.

स्ट्रेटजिक एक्सपर्ट नवरूप सिंह ने सोशल मीडिया पर इस बारे में बात की. उन्होंने कहा कि कोलकाता में एक तैयार एसेट का नुकसान और सीमा पार से जमात की पाइपलाइन! हमारे खुफिया जासूसों ने ‘ईस्टर्न कॉरिडोर’ की उन योजनाओं पर पानी फेर दिया है, जिनके लिए ढाका में तख्तापलट किया गया था. हालांकि, यह श्रीमान सिंह के निजी विचार हैं, प्रभात खबर इससे इत्तेफाक नहीं रखता.

थ्योरी 2: क्या चीन को संदेश देने की कोशिश?

एक और चर्चा यह है कि कोलकाता का चुनाव चीन को अप्रत्यक्ष संदेश देने के लिए किया गया. पूर्वी भारत, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर क्षेत्र को लेकर चीन और अमेरिका के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. ऐसे में कुछ विश्लेषक मानते हैं कि रूबियो की यात्रा का पहला पड़ाव प्रतीकात्मक रूप से इंडो-पैसिफिक रणनीति से जुड़ा हो सकता है. 

अमेरिका चीन को काउंटर करने के लिए बांग्लादेश के साथ ही म्यांमार में सक्रिय बताया जाता है. हाल ही में अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक और 6 यूक्रेनी नागरिक भारत के अलग-अलग राज्यों से पकड़े गए थे. इन पर आरोप है कि ये सभी मिजोरम राज्य तक बिना परमिशन गए थे. यही नहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी कहा था कि अमेरिका भारत से सटे इलाके में एक ईसाई राज्य बनाना चाहता है. सेंट मार्टिन आईलैंड, ईसाई राज्य और म्यांमार में अमेरिका का दखल ये सभी चीन को घेरने की योजना बताए जाते रहे हैं. 

नॉर्थ म्यांमार के काचिन और शान इलाके रेयर अर्थ मैटेरियल से भरपूर हैं. यहां पर कई गुटों में संघर्ष चलता रहा है. जिसका फायदा चीन को मिलता है. वह यहां पर खुदाई करके इन दुर्लभ खनिजों को निकालता है और दुनिया भर में इंपोर्ट करता है. चीन ने अमेरिका पर दबाव बनाने के लिए पिछले साल इन्हीं खनिजों के आयात पर रोक लगा दी थी, जिसकी वजह से ट्रंप को चीन के साथ सुलह करने पर मजबूर होना पड़ा.  हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने इस तरह की किसी राजनीतिक मंशा की पुष्टि नहीं की है.

ये भी पढ़ें:- ट्रंप सरकार की खुफिया चीफ तुलसी गबार्ड ने दिया इस्तीफा, पति के लिए छोड़ा पद, ईरान ने भी दिया रिएक्शन

ये भी पढ़ें:- मसौदा तैयार, ईरान और अमेरिका में हो सकता है समझौता! मुनीर पहुंच रहे तेहरान

थ्योरी 3: इतिहास से जोड़ने की कोशिश

बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुनिया के सबसे पुराने अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों में से एक और भारत का पहला वाणिज्य दूतावास स्थित है.  19 नवंबर, 1792 को अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन ने न्यूबरीपोर्ट के बेंजामिन जॉय को कोलकाता के लिए पहले अमेरिकी वाणिज्य दूत के रूप में नियुक्त किया था. चूंकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चुनावी नारा मेक अमेरिका ग्रेट अगेन का है. ऐसे में वह अमेरिका के गोल्डन इतिहास से खुद को जोड़ने की कोशिश करते रहते हैं. मार्को रूबियो अपने कोलकाता प्रवास में यहां भी जाएंगे. उनकी कोलकाता यात्रा इसी नजरिए की एक पेशकश हो सकती है. 

भारत के इतिहास से आप थोड़ा भी रूबरू हुए होंगे, तो आप यह जरूर जानते होंगे कि अंग्रेजों के जमाने में कोलकाता का क्या महत्व था. कहा जाता है कि  सन 1690 में बंगाल में अंग्रेजों ने जब जॉब चारनॉक के नेतृत्व में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की  बस्ती बसाई, तो उन्होंने गोविंदपुर और सुतानाती के साथ ‘कालि’ और ‘काता’ गाँव को भी इसमें मिलाया था. तब इसे कलकत्ता नाम दिया गया था. यही दो गांव मिलकर आज इस शहर सिटी ऑफ जॉय यानी कोलकाता की नींव हैं.

अमेरिकी काउंसेलेट का थोड़ा इतिहास- बेंजामिन जॉय 1794 में भारत पहुंचे, लेकिन ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने उन्हें औपचारिक मान्यता नहीं दी. इस दूतावास के इतिहास में सबसे दिलचस्प घटनाओं में आइस ट्रेड का जिक्र आता है. 1830 के दशक में अमेरिका के बोस्टन से विशाल बर्फ के टुकड़े जहाजों के जरिए गर्म और उमस भरे कलकत्ता लाए जाते थे, जबकि उस दौर में रेफ्रिजरेशन जैसी कोई तकनीक मौजूद नहीं थी. कहा जाता है कि पहली बार बर्फ देखकर कोलकाता के लोग हैरान रह गए थे. कुछ लोगों को लगा कि बर्फ छूने से हाथ जल गया, जबकि किसी ने पूछा कि क्या अमेरिका में पेड़ों पर बर्फ उगती है.

समय के साथ यह अमेरिकी दूतावास दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में अमेरिका के हितों का अहम केंद्र बना. इसने वियतनाम युद्ध के दौर में शीत युद्ध की राजनीति देखी. 22 जनवरी 2002 में इसी कोलकाता काउंसेलेट ने आतंकी हमले का सामना किया. अब QUAD तथा इंडो-पैसिफिक रणनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. ऐसे में मार्को रूबियो का कोलकाता दौरा केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों के दो सौ साल से ज्यादा पुराने इतिहास से जुड़ा एक प्रतीकात्मक और रणनीतिक संदेश भी माना जा रहा है.

थ्योरी 4: दिल्ली की बजाय ‘सांस्कृतिक भारत’ दिखाने की कोशिश?

कुछ लोगों का मानना है कि अमेरिका इस बार दुनिया को ‘सिर्फ सत्ता वाला भारत’ नहीं, बल्कि ‘सांस्कृतिक और बौद्धिक भारत’ दिखाना चाहता है. कोलकाता लंबे समय से साहित्य, कला, राजनीति और बौद्धिक आंदोलनों का केंद्र रहा है. ऐसे में रूबियो का यहां आना एक सांस्कृतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि किसी भी बड़े राजनयिक दौरे में प्रतीकात्मक संदेश बेहद अहम होते हैं. दिल्ली भारत की राजनीतिक राजधानी है, मुंबई आर्थिक शक्ति का केंद्र है, लेकिन कोलकाता ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक महत्व रखता है. इसलिए संभव है कि मार्को रूबियो का यह दौरा सिर्फ एक सामान्य यात्रा न होकर कई स्तरों पर संदेश देने की कोशिश हो.

मार्को रूबियो का कोलकाता दौरा केवल एक प्रोटोकॉल विजिट नहीं माना जा रहा. इसमें राजनीति, रणनीति, संस्कृति और वैश्विक कूटनीति के कई संकेत छिपे दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही कई कॉन्सिरेसी थ्योरी के ठोस सबूत नहीं हैं, लेकिन इतना तय है कि 14 साल बाद किसी अमेरिकी विदेश मंत्री का कोलकाता पहुंचना अपने आप में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola