कतर के गैस टर्मिनल में भीषण विस्फोट, भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत, क्या बढ़ेगी गैस की किल्लत!

Updated:
विज्ञापन

कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट, फोटो- एआई

Qatar Gas Terminal Explosion: कतर के प्रमुख गैस निर्यात केंद्र रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब कतरएनर्जी निर्यात टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही थी.

विज्ञापन

Qatar Gas Terminal Explosion: कतर के रास लाफान औद्योगिक सिटी में सोमवार (22 जून) को हुए भीषण धमाके में भारतीयों समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. इस घटना की पुष्टि कतर के ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल-काबी ने सोमवार को की. कतर की राजधानी दोहा में मीडिया से बात करते हुए ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल-काबी ने बताया कि रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित गैस निर्यात टर्मिनल में हुए विस्फोट में 13 लोगों की जान गई है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह घटना एक औद्योगिक दुर्घटना की तरह लग रही है. वहीं धमाके के बाद लगी आग में 66 लोग घायल हो गए हैं.

भारतीय दूतावास कर रहा है हर संभव मदद

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह कतर के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है. मृतकों और घायलों के परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा- रास लाफान औद्योगिक सिटी में हुई इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना जाहिर करते हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घायलों में भारत, कतर, तंजानिया, पाकिस्तान, गिनी, नेपाल, बांग्लादेश, केन्या और नाइजीरिया समेत कई देशों के नागरिक शामिल हैं.

रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुआ हादसा

धमाका कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुआ है. यह देश के ऊर्जा क्षेत्र का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यह इलाका प्राकृतिक गैस के उत्पादन, प्रसंस्करण (Processing) और निर्यात के लिए काफी अहम है. हादसे के बाद संयंत्र में आग लग गई. रिपोर्टों के अनुसार ईरान के होर्मुज स्ट्रेट पर प्रभाव के कारण कतर कुछ समय से अपने ग्राहकों को गैस की खेप नहीं भेज पा रहा था. इस वजह से देश ने अस्थायी रूप से गैस उत्पादन भी रोक दिया था.

निर्यात फिर शुरू करने की तैयारी के दौरान हुआ विस्फोट

क्षेत्रीय तनाव कम होने और निर्यात दोबारा शुरू करने की तैयारी के बीच सरकारी कंपनी कतरएनर्जी ने अपने निर्यात टर्मिनल को फिर से चालू करने का काम शुरू किया था. कंपनी के अनुसार इसी दौरान बरजान गैस आपूर्ति प्लांट में विस्फोट हो गया, और भीषण आग लग गई.

Also Read: ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, नए प्रधानमंत्री के चयन तक संभालेंगे पद

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola