अमेरिका ने लगाए ड्रग तस्करी के आरोप: मेक्सिको के गवर्नर और मेयर ने पद छोड़ा, ट्रंप का डर! मादुरो जैसा होता हाल?

Published by :Anant Narayan Shukla
Published at :03 May 2026 11:35 AM (IST)
विज्ञापन
Mexico Sinaloa Governor and Mayor Steps Down over US Indictment on Drug Trafficking.

सिनालोआ के गवर्नर रुबेन रोचा और मेयर जुआन मेंडिविल. फोटो- सोशल मीडिया- फेसबुक और एक्स.

Mexico Drug Trafficking: अमेरिका के द्वारा ड्रग्स तस्करी का आरोप लगाए जाने के बाद मैक्सिको के सिनालोआ प्रांत के गवर्नर और मेयर ने अपना पद छोड़ दिया है. अमेरिका ने इन दोनों सहित 10 नेताओं पर अभियोग लगाया था. डोनाल्ड ट्रंप जिस तरह से ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहे है, उसके बाद मैक्सिको में इसके अपराधियों पर लगाम लगाने पर पूरा जोर दिया जा रहा है.

विज्ञापन

Mexico Drug Trafficking: अमेरिका द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाए जाने के बाद मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम की पार्टी के दो सदस्यों ने अपने पद से अस्थायी रूप से हटने की घोषणा की है. उत्तर पश्चिमी सिनालोआ राज्य से शिनबाम की पार्टी के इन सदस्यों ने बताया कि अमेरिका ने उन पर और 8 अन्य नेताओं एवं सुरक्षा अधिकारियों पर मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप लगाए हैं. पद छोड़ने वालों में सिनालोओ राज्य के गवर्नर और मेयर शामिल हैं. 

शुक्रवार मध्यरात्रि को जारी एक वीडियो संदेश में अभियोग में नामित गवर्नर रुबेन रोचा मोया ने उन आरोपों का खंडन किया. उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह ‘सिनालोआ कार्टल’ को संरक्षण देने के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने लाखों डॉलर की रिश्वत के बदले में उसे अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी में मदद करने से इनकार किया. रोचा कुख्यात मैक्सिकन ड्रग सरगना एल चापो के ही शहर में जन्मे हैं. रोचा को पहले भी इस तरह के आरोपों का सामना करना पड़ा था. 

पद से हटने के बाद क्या बोले रोचा?

पूर्व राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्राडोर के लंबे समय से सहयोगी रहे 76 वर्षीय रोचा ने कहा, ‘मेरा ईमान साफ है. मैं अपने लोगों और अपने परिवार से आंख मिलाकर कह सकता हूं कि मैंने कभी आपको धोखा नहीं दिया और न ही कभी दूंगा.’ उन्होंने कहा कि वह छह साल से इस पद पर हैं, लेकिन अब वह अस्थायी रूप से इस पद से हट रहे हैं. वह अवकाश पर जा रहे हैं ताकि वह अपने ऊपर लगे ‘झूठे और दुर्भावनापूर्ण’ आरोपों से अपना बचाव कर सकें और मेक्सिको की सरकार की जांच में सहयोग कर सकें.

मेयर ने भी आरोपों से किया इनकार

सिनालोआ राज्य की राजधानी कुलियाकान के मेयर जुआन डी डियोस गामेज मेंडिविल का नाम भी अभियोग में शामिल है. उन्होंने भी आरोपों से इनकार किया और पद से हटने का ऐलान किया. शनिवार को एक विशेष मतदान में राज्य की स्थानीय कांग्रेस ने रोचा की सहयोगी येराल्डिन बोनिला वाल्वरडे को अंतरिम गवर्नर नियुक्त किया.

ड्रग्स तस्करी के खिलाफ ट्रंप की लड़ाई

मैक्सिको में ड्रग्स और उसकी तस्करी के कारण हिंसा भी बहुत होती है. लेकिन हाल के दिनों में अमेरिका की ओर से उस पर इस धंधे पर लगाम लगाने का भी दबाव है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को इन्हीं आरोपों के तहत उनके देश में उनके बिस्तर से गिरफ्तार कर लिया. अमेरिकी नौसेना ने कैरिबियाई समुद्र में अब तक लगभग 100 ड्रग तस्करों को मौत के घाट उतारा है. अमेरिका ने मैक्सिको में भी इसी तरह की कार्रवाई की धमकी दी है. 

राष्ट्रपति शीनबाम का भ्रष्टाचार खत्म करने का अभियान

गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम को अपनी प्रगतिशील मोरेना पार्टी के हितों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा कार्टेल के खिलाफ लड़ाई तेज करने के दबाव के बीच संतुलन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है. भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के अपनी पार्टी के संकल्प के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए, शीनबाम ने कहा कि वह किसी भी ऐसे व्यक्ति का बचाव नहीं करेंगी जो अपराध करने का दोषी पाया गया हो. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर इन 10 लोगों के खिलाफ सबूत मिलते हैं, तो उन पर मैक्सिको में ही केस चलाया जाएगा. 

ये भी पढ़ें:- होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान को पैसे दिए तो लगेगा प्रतिबंध, अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को दी चेतावनी 

ये भी पढ़ें:- चीन का खुला ऐलान: न मानेंगे और न लागू करेंगे अमेरिका के ये प्रतिबंध, ईरान के साथ हमारा ट्रेड लीगल

ड्रग्स तस्करों ने फैलाया आतंक

मैक्सिको में कई तरह के ड्रग कार्टेल काम करते हैं. पिछले दिनों, फरवरी 2026 में एल मेंचो नाम के ड्रग लॉर्ड और जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का संंचालक की मौत काफी चर्चा में था. उसकी मौत के बाद पूरे मैक्सिको में हिंसा फैली थी. हालांकि, सिनालोआ कार्टेल मैक्सिको का सबसे शक्तिशाली ड्रग नेटवर्क है, जो फेंटानिल, कोकीन, हेरोइन और मेथम्फेटामाइन की तस्करी मुख्यतः अमेरिका तक करता है और रिश्वत व गठजोड़ के जरिए अपनी पकड़ बनाए रखता है. 

इसकी जड़ें सिनालोआ के पारंपरिक नशीली खेती वाले इलाकों में हैं, जहां से 1970–80 के दशक में यह संगठित अपराध नेटवर्क बना और बाद में जोआक्विन गुज़मैन लोएरा जैसे नेताओं के तहत विस्तार हुआ. आज यह एक केंद्रीकृत संगठन नहीं बल्कि गुटों का नेटवर्क है. हाल के सालों में इसे एल चापो चला रहा था. हालांकि, उसे 2016 में गिरफ्तार करके अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया. 

फिलहाल यह कार्टेल उसके दो बेटों में  एल मायो और चापिटोस में बंटा हुआ है. इनके पास कार्टेल की सशस्त्र शाखाएँ हैं. यह कार्टेल गोल्डन ट्रायंगल समेत कई मैक्सिकन राज्यों और वैश्विक स्तर पर सक्रिय है, जहां से ड्रग केमिकल का उत्पादन और तस्करी का नेटवर्क चलता है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola