IRGC इंटेलिजेंस चीफ और कुद्स फोर्स कमांडर का खात्मा, नेतन्याहू बोले- जो हमें छुएगा उसे छोड़ेंगे नहीं

Published by : Govind Jee Updated At : 06 Apr 2026 9:44 PM

विज्ञापन

तस्वीर में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू.

Benjamin Netanyahu Warning: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरान और उसके साथियों को कड़ी चेतावनी दी है. आईडीएफ (IDF) द्वारा तेहरान में किए गए हमलों के बाद नेतन्याहू ने कहा कि जो लोग इजरायल के नागरिकों की हत्या करने की साजिश रचते हैं या आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.

विज्ञापन

Benjamin Netanyahu Warning: उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि जो भी ‘ईरानी एक्सिस ऑफ इविल’ (बुराई की धुरी) बनाने की कोशिश करेगा, वह खुद अपनी मौत का जिम्मेदार होगा. नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि इजरायल तब तक पूरी ताकत से लड़ता रहेगा जब तक खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता.

तेहरान में बड़ी स्ट्राइक: मारे गए ईरान के दो दिग्गज सैन्य अधिकारी

इजरायली डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने टेलीग्राम पर जारी एक बयान में जानकारी दी है कि रविवार रात तेहरान में एक सटीक हवाई हमला किया गया. इस हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इंटेलिजेंस ऑर्गेनाइजेशन के चीफ मेजर जनरल माजिद खादेमी मारे गए हैं. 

खादेमी ने हाल ही में ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ में मारे गए मोहम्मद काजेमी की जगह ली थी. उनके साथ ही कुद्स फोर्स की ‘स्पेशल ऑपरेशंस यूनिट 840’ के कमांडर असगर बाघेरी की भी मौत हो गई है. बाघेरी  साल 2019 से इस यूनिट की कमान संभाल रहे थे.

कौन थे माजिद खादेमी और असगर बाघेरी?

आईडीएफ (IDF) के मुताबिक, माजिद खादेमी ईरान के बेहद प्रभावशाली कमांडर थे. उन पर इजरायल और दुनिया भर में मौजूद यहूदी ठिकानों के साथ-साथ अमेरिकी लोगों के खिलाफ आतंकी साजिशें रचने और खुफिया जानकारी जुटाने का जिम्मा था. 

वहीं, तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, खादेमी के पास नेशनल सिक्योरिटी और स्ट्रैटेजिक डिफेंस साइंस में डॉक्टरेट की डिग्री थी. दूसरी तरफ, मारे गए असगर बाघेरी सीरिया और लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हमलों और ईरान से इजरायल तक हथियारों की सप्लाई करने के नेटवर्क को चलाने के आरोपी थे.

जंग के दूसरे महीने में भारी तबाही, 34 लोगों की मौत

अमेरिका और इजरायल की ईरान के साथ जारी इस जंग को एक महीना बीत चुका है. सोमवार को हुए नए हमलों में 34 लोगों की जान चली गई है, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं. फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान के बहारिस्तान काउंटी में हुए हमले में 23 लोग मारे गए, जिनमें 10 साल से कम उम्र की 4 लड़कियां और 2 लड़के शामिल थे. 

ये भी पढ़ें: ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर हमला हुआ तो तबाह हो जाएगा खाड़ी क्षेत्र, मंडराया रेडिएशन का खतरा

यह हमले तब हुए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को फिर से खोलने के लिए आखिरी समय सीमा दी थी. ईरान ने इसके जवाब में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

ये भी पढ़ें: ईरान की चेतावनी: ट्रंप की गाली का जवाब ‘तेल-गैस संकट’ से देंगे, 2026 में मचेगा हाहाकार

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola