PM Modi New Zealand Visit: ऑकलैंड में भव्य स्वागत, तिरंगे की रोशनी से जगमगाया प्रतिष्ठित स्काई टॉवर

Updated:
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन, गोल घेरे में स्काई टॉवर की तस्वीर, फोटो- एएनआई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन, गोल घेरे में स्काई टॉवर की तस्वीर, फोटो- एएनआई

PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्यूजीलैंड में शानदार स्वागत हुआ है. पीएम मोदी के दौरे को यादगार बनाने के लिए ऑकलैंड के विख्यात स्काई टॉवर को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया. चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है.

विज्ञापन

PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे के स्वागत में ऑकलैंड का प्रतिष्ठित स्काई टॉवर भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा. यह चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा है, जिसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर स्काई टॉवर की तस्वीरें साझा करते हुए इसे भारत और न्यूजीलैंड के बीच गहरी मित्रता का प्रतीक बताया है.

चार दशकों में पहली भारतीय प्रधानमंत्री यात्रा

ऑकलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार जताया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- कुछ देर पहले ऑकलैंड पहुंचा. हवाई अड्डे पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभारी हूं. यह यात्रा ऐतिहासिक है, क्योंकि यह चार दशकों में न्यूजीलैंड की पहली भारतीय प्रधानमंत्री यात्रा है.

द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री लक्सन के साथ वार्ता को लेकर उत्साहित हैं. दोनों नेता व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो सालों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच विशेष रूप से व्यापार, वाणिज्य और रक्षा के क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है और इस यात्रा के दौरान इन संबंधों को और मजबूत करने पर जोर रहेगा.

प्रवासी भारतीयों और उद्योग जगत से भी करेंगे मुलाकात

ऑकलैंड प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों और खेल जगत की हस्तियों से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय शामिल होंगे.

मुक्त व्यापार समझौते के बाद पहली बड़ी यात्रा

इसी साल अप्रैल महीने में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है. माना जा रहा है कि यह दौरा व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देगा. इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात 17 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा के दौरान नई दिल्ली में हुई थी.

ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद पहुंचे न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया का सफल दौरा पूरा किया. वहां उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के साथ तीसरे ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेता शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला और स्वच्छ ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने से जुड़े कई अहम समझौतों पर सहमति बनी.


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola