ईरान-अमेरिका जंग: अधिकारी की पत्नी की मौत पर भड़के राष्ट्रपति पेजेश्कियान, बोले- दुनिया करे फैसला कौन आतंकी?

Published by : Govind Jee Updated At : 04 Apr 2026 2:32 PM

विज्ञापन

तस्वीर में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान.

Iran-US War: ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग अब और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका की नीयत पर कड़े सवाल उठाए हैं. उन्होंने बताया कि एक हालिया हमले में ईरान के एक बड़े अधिकारी की पत्नी की मौत हो गई है.

विज्ञापन

Iran-US War: पेजेश्कियान के मुताबिक, यह हमला तब हुआ जब ईरान के ‘स्ट्रैटेजिक काउंसिल ऑन फॉरेन पॉलिसी’ के हेड को मारने की कोशिश की गई, लेकिन इस हमले में उनकी बेगुनाह पत्नी की जान चली गई. राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जिस वक्त वह अमेरिकी जनता को शांति का संदेश दे रहे थे, ठीक उसी वक्त उनके अधिकारी के परिवार को निशाना बनाया गया. 

उन्होंने सवाल किया कि अब दुनिया ही फैसला करे कि कौन बातचीत चाहता है और कौन आतंकवाद फैला रहा है. पेजेश्कियान ने अमेरिका के उन दावों को भी गलत बताया जिसमें ईरान को एक खतरे के रूप में पेश किया जाता है. उन्होंने कहा कि ईरान की आम अमेरिकी नागरिकों से कोई दुश्मनी नहीं है.

जंग के बीच सड़कों पर दिखे ईरानी नेता

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद से यह युद्ध लगातार फैल रहा है. दबाव के बावजूद ईरान के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री अब्बास अराघची तेहरान की सड़कों पर आम लोगों के बीच जाकर सेल्फी खिंचवा रहे हैं. जानकारों का कहना है कि वे दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि ईरान डरा नहीं है और सब कुछ कंट्रोल में है. सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स इन ईरान के हादी घेमी का कहना है कि भीड़ के बीच रहकर ये नेता खुद को हमलों से भी बचा रहे हैं.

अमेरिका के विमानों को गिराने का दावा

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने स्ट्रैटेजिक जलमार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के पास अमेरिका के एक A-10 थंडरबोल्ट विमान को मार गिराया है. तस्नीम न्यूज एजेंसी ने भी सेना के हवाले से इस खबर की पुष्टि की है. हालांकि, पेंटागन या व्हाइट हाउस ने अभी तक इस पर कोई कमेंट नहीं किया है. A-10 विमान खास तौर पर जमीन पर मौजूद टैंकों और सेना को निशाना बनाने के लिए बनाया गया है.

F-15E क्रैश: एक पायलट बचा, दूसरे की तलाश जारी

सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को ईरान के ऊपर अमेरिका का एक F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट भी गिर गया. अमेरिकी सेना ने इसके एक क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया है और उसका इलाज चल रहा है, लेकिन दूसरे मेंबर का अभी कुछ पता नहीं चला है. सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है. ईरानी मीडिया ने इस मलबे की फोटो भी जारी की है, जिसे सीएनएन ने सही पाया है. यह विमान ब्रिटेन के RAF लेकनहीथ स्थित 494वीं फाइटर स्क्वाड्रन का बताया जा रहा है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने ईरानी ब्रॉडकास्टर IRIB के हवाले से वह मैप भी दिखाया है जहां यह तलाश चल रही है.

ये भी पढ़ें: पूर्व अमेरिकी सैनिक बना भाड़े का हत्यारा, UAE के लिए किए ‘किल जॉब’, हर महीने करोड़ों की कमाई

सड़कों पर सन्नाटा

ईरान में जहां एक तरफ सरकारी समर्थक रात में रैलियां निकाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आम लोग डरे हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने विरोध रोकने के लिए सुरक्षा सख्त कर दी है और गिरफ्तारियां भी की जा रही हैं. हादी घेमी का कहना है कि रात होते ही लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक जाते हैं. फिलहाल शांति की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है, क्योंकि ट्रंप ने और बड़े हमलों की धमकी दी है, वहीं ईरान ने भी और ज्यादा विनाशकारी पलटवार की चेतावनी दी है.

ये भी पढ़ें:- ईरान ने किया रिजेक्ट, औंधे मुंह गिरा पाकिस्तान का पीस प्लान, मुनीर-शहबाज की चौधराहट फेल; भारी संकट सामने

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola