इंडोनेशिया में भूकंप के तगड़े झटके, 7.4 तीव्रता से कांपी धरती, सुनामी की उठीं लहरें
Published by : Pritish Sahay Updated At : 02 Apr 2026 10:09 AM
इंडोनेशिया में भूकंप के झटके, फोटो- एक्स
Earthquake Tremor: इंडोनेशिया में गुरुवार को 7.4 तीव्रता वाले भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए. मोलूका सागर में आए इस भूकंप के बाद सुनामी की छोटी लहरें उठीं. एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई घर और इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं. कई इलाकों में 10 से 20 सेकंड तक झटके महसूस किए गए.
Earthquake Tremor: इंडोनेशिया में गुरुवार को भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई. तेज भूकंप के बाद सुनामी की छोटी लहरें उठीं. भूकंप में एक महिला की मौत की भी खबर है. जबकि कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र मोलूका सागर में जमीन से करीब 35 किलोमीटर नीचे था.
भूकंप के बाद उठी सुनामी की छोटी लहरें
इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने बताया कि भूकंप के आधे घंटे के भीतर कई सुनामी की छोटी लहरें दर्ज की गईं. इनमें बिटुंग में करीब 8 इंच और पश्चिम हलमाहेरा में करीब 1 फुट ऊंची लहरें शामिल हैं. होनोलुलु स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने बताया कि दक्षिणी फिलीपीन के दावाओ में भी करीब 2 इंच ऊंची लहरें देखी गईं, लेकिन दूरदराज के इलाकों के लिए सुनामी का कोई बड़ा खतरा नहीं है.
10 सेकंड तक महसूस किये गये भूकंप के झटके
इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि उत्तरी सुलावेसी के तटीय शहर बिटुंग, आसपास के इलाकों और उत्तर मलुकु के टेरनेट शहर में 10 से 20 सेकंड तक भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक टेरनेट के कुछ हिस्सों में हल्का नुकसान हुआ है. बटांग दुआ द्वीप जिले में एक चर्च प्रभावित हुआ है, जबकि दक्षिण टेरनेट में दो घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं. बिटुंग में कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन किया जा रहा है.
आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया अलर्ट
खोज और बचाव एजेंसी ने भूकंप के बाद अलर्ट जारी किया है. आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहरी ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अधिकारियों की अनुमति के बाद ही समुद्र के पास जाने की अपील की है. भूकंप के बाद समुद्र के भीतर कम से कम दो और झटके महसूस किए गए, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया कि उनसे सुनामी का कोई खतरा नहीं है.
रिक्टर स्केल पर कैसे मापी जाती है भूकंप की ताकत?
भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर मापी जाती है. इसी के आधार पर पता चलता है कि झटका कितना कमजोर, मध्यम, तेज या बेहद खतरनाक है. भूकंप जितना ज्यादा तीव्र होता है, नुकसान की संभावना भी उतनी ही बढ़ जाती है.
8 या उससे ज्यादा: बेहद विनाशकारी भूकंप
अगर किसी भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8 या उससे अधिक हो, तो उसे बहुत बड़ा और बेहद खतरनाक भूकंप माना जाता है. ऐसे भूकंप में भारी तबाही, इमारतों के गिरने और बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान का खतरा रहता है.
7 से 7.9 तीव्रता: बड़ा और खतरनाक भूकंप
7 से 7.9 तीव्रता वाला भूकंप भी काफी शक्तिशाली माना जाता है. इस स्तर के भूकंप से बड़े इलाके प्रभावित हो सकते हैं और भारी नुकसान की आशंका रहती है.
6 से 6.9 तीव्रता का भूकंप: मजबूत झटका, नुकसान संभव
6 से 6.9 तीव्रता के भूकंप को खतरनाक श्रेणी में रखा जाता है. अगर यह भूकंप घनी आबादी वाले इलाके में आए, तो इमारतों, सड़कों और अन्य ढांचों को काफी नुकसान पहुंच सकता है.
5 से 5.9 तीव्रता: मध्यम श्रेणी का भूकंप
5 से 5.9 तीव्रता के भूकंप को मध्यम श्रेणी का माना जाता है. इससे कमजोर मकानों को नुकसान हो सकता है, दीवारों में दरारें आ सकती हैं और हल्की संरचनात्मक क्षति हो सकती है.
2 से कम तीव्रता: सिर्फ मशीनें पकड़ पाती हैं झटके
रिक्टर स्केल पर 2 या उससे कम तीव्रता के भूकंप आमतौर पर इंसानों को महसूस नहीं होते. ऐसे झटकों का पता सिर्फ भूकंप मापने वाले उपकरणों से चलता है. जमीन की सतह पर इनका असर बहुत कम या लगभग नहीं के बराबर होता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










