US Embassy Attacked: ईरान युद्ध के बीच अमेरिका के सैन्य ठिकानों के साथ-साथ उसके राजनयिक प्रतिष्ठान भी हमलों की जद में आते दिखाई दे रहे हैं. शनिवार को इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया गया. यह दूतावास शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके ग्रीन जोन में स्थित है. इराकी अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने एक मिसाइल दागी जो दूतावास परिसर के अंदर बने हेलिपैड के पास आकर गिरी. हमले के तुरंत बाद दूतावास परिसर से काला धुआं उठता देखा गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दूतावास में लगे रडार सिस्टम को भी एक आत्मघाती ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की गई. सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में दूतावास के अंदर से घना धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि अमेरिका की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस हमले में कोई हताहत हुआ है या परिसर को कितना नुकसान पहुंचा है. एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. NOW: Smoke and fire seen at US Embassy compound in Baghdad, Iraq after reported Iranian drone attack pic.twitter.com/FeKTpa6LoJ— Rapid Report (@RapidReport2025) March 14, 2026 पहले भी निशाना बन चुका है अमेरिकी दूतावास दुनिया में अमेरिका के सबसे बड़े राजनयिक परिसरों में गिने जाने वाला यह दूतावास पहले भी कई बार हमलों का निशाना बन चुका है. बीते वर्षों में ईरान समर्थित मिलिशिया समूह यहां रॉकेट और ड्रोन हमले कर चुके हैं. फिलहाल बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास की ओर से इस ताजा हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब दूतावास ने शुक्रवार को इराक के लिए सुरक्षा चेतावनी को फिर से लेवल-4 तक बढ़ा दिया था. रिपोर्टों में कहा गया है कि ईरान और उससे जुड़े मिलिशिया गुट अमेरिकी हितों को निशाना बना सकते हैं. ये भी पढ़ें:- अफगानिस्तान का दावा: पाकिस्तान में किए ड्रोन हमले, इस्लामाबाद में ‘हमजा’ और कोहाट सैन्य किला उड़े यूएस सैनिकों की जानकारी देने पर घोषित हुआ ईनाम इससे पहले, इराकी संगठन इराकी इस्लामिक रेजिस्टेंस ने अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों के कर्मियों के बारे में जानकारी देने पर 150 मिलियन इराकी दीनार (95 लाख रुपये) इनाम घोषित किया. यह इनाम इराकियों और वहां रह रहे विदेशी नागरिकों के लिए भी है. संगठन ने यह भी दावा किया था कि उसने एक अमेरिकी विमान KC-135 को मार गिराया है. हालांकि, अमेरिकी सेना ने कहा कि उसका एयर रिफ्यूलर तकनीकी कारण से गिरा. इस घटना में 6 यूएस सैनिकों की मौत हो गई. दुबई पर भी हुआ हमला इसके अलावा, ईरान दुबई को अब भी लगातार निशाना बना रहा है. दुबई मिडिया ऑफिस ने शनिवार को बताया कि एक हवाई हमले को सफलतापूर्वक रोक दिए जाने के बाद उसके मलबे का कुछ हिस्सा दुबई के मध्य इलाके में स्थित एक इमारत के बाहरी हिस्से पर गिर गया. मीडिया कार्यालय के अनुसार इस घटना में न तो कहीं आग लगी और न ही किसी के घायल होने की सूचना है. Authorities confirmed that the incident caused by debris from a successful interception, which struck the façade of a building in central Dubai, has been fully contained. No fire occurred and no injuries were reported.— Dubai Media Office (@DXBMediaOffice) March 14, 2026 फिलहाल स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया गया है. हालांकि, प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह हमला मिसाइल से किया गया था या ड्रोन के जरिए. दुबई में यह बीते 24 घंटे में दूसरा हमला हुआ है. ये भी पढ़ें:- भारत और दुनिया के सामने गिड़गिड़ा रहा US, ईरानी विदेश मंत्री ने ट्रंप प्रशासन पर कसा तंज