भारत के साथ रिश्ते सामान्य करना चाहता है पाकिस्तान

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज कहा कि वह भारत के साथ सभी लंबित मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत करना चाहता है और द्विपक्षीय रिश्तों को सामान्य करने के समस्त प्रयासों का स्वागत करता है. कुछ दिन पहले ही दोनों देशों में आरोप-प्रत्यारोपों के बीच दोनों के प्रधानमंत्रियों ने एक दूसरे से बात की थी. विदेश […]
इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज कहा कि वह भारत के साथ सभी लंबित मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत करना चाहता है और द्विपक्षीय रिश्तों को सामान्य करने के समस्त प्रयासों का स्वागत करता है. कुछ दिन पहले ही दोनों देशों में आरोप-प्रत्यारोपों के बीच दोनों के प्रधानमंत्रियों ने एक दूसरे से बात की थी.
विदेश कार्यालय (एफओ) के प्रवक्ता काजी खलीलुल्ला ने एक साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान बातचीत के जरिये भारत के साथ लंबित समस्त मुद्दों का समाधान चाहता है.मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के वजीर-ए-आजम नवाज शरीफ की टेलीफोन पर हुई बातचीत का जिक्र करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य करने के सभी प्रयासों का स्वागत करता है.
उन्होंने कहा, हम क्षेत्र में सभी पडोसियों से अच्छे रिश्ते रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच गंभीर मुद्दों को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए.
जब प्रवक्ता से पूछा गया कि क्या 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तान के टूटने में भारत की भूमिका पर मोदी के बयान को लेकर पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संपर्क किया था तो उन्होंने कहा कि देश अपने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए सभी उचित कदम उठाएगा.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मछुआरों को लाने के बंदोबस्त किये जा रहे हैं जिन्हें मोदी की घोषणा के बाद छोडा जा सकता है. पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान और भारत के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखा गया और दोनों पक्षों के नेताओं की एक दूसरे के खिलाफ कडी टिप्पणियां आईं.प्रधानमंत्री शरीफ ने पिछले हफ्ते भारतीय नेताओं के बयानों को गैरजिम्मेदाराना और अविवेकपूर्ण करार देते हुए कहा था कि हर कीमत में पाकिस्तान के महत्वपूर्ण हितों की रक्षा की जाएगी.
म्यामां में भारतीय सेना की कार्रवाई के मद्देनजर सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड ने कहा था कि यह अन्य देशों के लिए संदेश है. इसे पाकिस्तान को चेतावनी के तौर पर देखा गया.चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर को लेकर पूछे गये सवाल पर प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देश इस बडी परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
प्रवक्ता ने देश में इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों की मौजूदगी की बात को खारिज कर दिया और कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद पर जंग के लिए प्रतिबद्ध है. रुस के साथ संबंधों के बारे में उन्होंने कहा कि वह एक महत्वपूर्ण देश है और पाकिस्तान आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में संबंधों का विस्तार चाहता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




