कैलाश सत्यार्थी और मलाला को थोड़ी देर में मिलेगा नोबेल का शांति पुरस्कार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Dec 2014 5:04 PM

विज्ञापन

स्टॉकहोम : भारत के बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई समेत 11 हस्तियों को आज इस साल के नोबेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम और नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आज नोबेल विजेताओं को नोबेल पदक, नोबेल डिप्लोमा और उनकी पुरस्कार राशि की पुष्टि करने वाले पत्र दिए […]

विज्ञापन
स्टॉकहोम : भारत के बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई समेत 11 हस्तियों को आज इस साल के नोबेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम और नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आज नोबेल विजेताओं को नोबेल पदक, नोबेल डिप्लोमा और उनकी पुरस्कार राशि की पुष्टि करने वाले पत्र दिए जाएंगे.
साठ वर्षीय सत्यार्थी और 17 साल की मलाला यूसुफजई को ओस्लो में सम्मानित किया जाएगा और दोनों नोबेल शांति पुरस्कार की 11 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि साझा करेंगे. दूसरे क्षेत्रों के नोबेल पुरस्कार विजेताओं को स्टॉकहोम में सम्मानित किया जाएगा.
पुरस्कार से उत्साहित सत्यार्थी ने को बताया, ‘मैं यह पुरस्कार भारत के बच्चों को समर्पित करना चाहता हूं. यह पुरस्कार उनके लिए है. यह पुरस्कार भारत के लोगों के लिए है. उन्होंने फास्ट ट्रैक आधार पर बाल अधिकारों के मुद्दे देखने के लिए न्यायपालिका की सराहना की.
गौरतलब है कि भारत के उच्चतम न्यायालय ने हाल में विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं वंचितों से संबंधित सामाजिक मुद्दों से जुडे मामलों की विशेष सुनवाई के लिए एक विशेष ‘सामाजिक न्याय पीठ’ की स्थापना की है.
सत्यार्थी को इस बात की भी उम्मीद है कि सरकार बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए और प्रयास करेगी. उन्होंने कहा, हमारे अधिक से अधिक सांसदों को संसद में यह मुद्दा उठाना चाहिए और हमें भारत में बाल मजदूरी के उन्मूलन के लिए कानूनों की जरुरत है. मुझे उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में जल्द से जल्द कुछ करेगी. साथ ही समाज को भी बाल अधिकारों की एक संस्कृति के निर्माण की दिशा में काम करना चाहिए.
सत्यार्थी अपनी पत्नी सुमेधा, बेटे, बहू और बेटी के साथ कल ओस्लो पहुंचे. आज फ्रांस के पैट्रिक मोदियानो को नोबेल साहित्य पुरस्कार, अमेरिकी-ब्रिटिश वैज्ञानिक जॉन ओ-कीफ एवं नॉर्वे की पति-पत्नी की जोडी एडवर्ड और मे-ब्रिट मोजर को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार, जापानी वैज्ञानिकों इसामू अकासाकी एवं हिरोशी अमानो और जापानी मूल के अमेरिकी शुजी नाकामुरा को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा.
वहीं अमेरिका के एरिक बेटजिग एवं विलियम मोएरनर एवं जर्मनी के स्टीफन हेल को रसायनशास्त्र का नोबेल पुरस्कार जबकि फ्रांस के ज्यां तिरोले को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा.
वर्ष 1901 से नोबेल पुरस्कार हर साल दस दिसंबर को दिए जाते हैं. दस दिसंबर नोबेल पुरस्कारों के संस्थापकएल्फ्रेड नोबेल की जयंती है. स्वीडन में जन्मे आविष्कारक एवं उद्योगपति एल्फ्रेड नोबेल की वसीयत में उल्लिखित उनकी इच्छा के अनुसार भौतिकी, रसायनशास्त्र, चिकित्सा एवं साहित्य के नोबेल पुरस्कार स्टॉकहोम में दिए जाते हैं जबकि नोबेल शांति पुरस्कार ओस्लो में दिया जाता है.
1969 से स्टॉकहोम में होने वाले समारोह में एक अतिरिक्त पुरस्कार दिया जाता है. 1968 में स्वीडन के केंद्रीय बैंक स्वेरिजेज रिक्सबैंक की 300वीं वर्षगांठ के मौके पर ‘स्वेरिजेज रिक्सबैंक प्राइज इन इकोनॉमिक साइंसेज इन मेमरी ऑफ एल्फ्रेड नोबेल’ की स्थापना की गयी थी.
ओस्लो में सम्राट हेराल्ड वी और महारानी सोन्जा, नॉर्वे सरकार, नॉर्वे की संसद स्टॉर्टिंग के प्रतिनिधि और आमंत्रित अतिथियों की मौजूदगी में नॉर्वेजियन नोबेल कमिटी के प्रमुख नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान करेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola