बंगाल की खाड़ी में नाव हादसा: 500 रोहिंग्या शरणार्थियों की मौत की आशंका

बंगाल की खाड़ी में नाव हादसे का डेमो इमेज (फोटो : AI)
म्यांमार से बांग्लादेश के शिविरों की ओर जा रही दो नावें बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम के कारण डूब गईं. इस हादसे में लगभग 500 रोहिंग्या शरणार्थियों की डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
Rohingya refugee boat tragedy : बंगाल की खाड़ी में एक बेहद दर्दनाक समुद्री हादसा होने की खबर है. म्यांमार के रखाइन राज्य में जारी हिंसा और उत्पीड़न से बचने के लिए निकले करीब 500 रोहिंग्या शरणार्थियों की समुद्र में नाव डूबने से मौत होने की आशंका है. अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) और संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) द्वारा जारी एक साझा बयान के मुताबिक, जून के आखिरी हफ्ते में म्यांमार से दो नावें रवाना हुई थीं. इन दोनों नावों में करीब 500 से अधिक लोग सवार थे, जिनका अब कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है.
खराब मौसम में टूटा नावों से संपर्क
जानकारी के अनुसार, इन दोनों नावों में से एक नाव पर लगभग 250 लोग सवार थे, जिससे अचानक संपर्क पूरी तरह टूट गया. वहीं दूसरी नाव, जिसमें करीब 280 लोग सवार थे, वह 8 जुलाई को म्यांमार के अयायारवाड़ी तट के पास समुद्र की तेज लहरों में समा गई. दोनों अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने इस भारी जान-माल के नुकसान पर गहरी चिंता जताई है. वर्तमान समय में लगभग 12 लाख रोहिंग्या शरणार्थी बांग्लादेश के राहत शिविरों में बेहद कठिन और दयनीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं.
खतरनाक रास्तों का सहारा ले रहे शरणार्थी
इस संकट का कोई पक्का समाधान न होने के कारण, बेहतर जिंदगी की तलाश में ये शरणार्थी लगातार समुद्र के इन खतरनाक और जानलेवा रास्तों का सहारा ले रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों ने इस संभावित समुद्री त्रासदी की गहराई से जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक मौतों के आधिकारिक आंकड़ों की अंतिम पुष्टि होना बाकी है. पिछले साल भी इसी तरह के समुद्री हादसों में 900 से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों की मौत हो गई थी या वे हमेशा के लिए लापता हो गए थे.
ये भी पढ़ें : PHOTO: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 17 जुलाई से ट्रैक पर, जींद-सोनीपत रूट से होगी शुरुआत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










