पाकिस्तान: पीआइए का प्लेन क्रैश, मशहूर गायक जुनैद जमशेद सहित 48 की मौत

Updated at : 08 Dec 2016 8:13 AM (IST)
विज्ञापन
पाकिस्तान: पीआइए का प्लेन क्रैश, मशहूर गायक जुनैद जमशेद सहित 48 की मौत

इस्लामाबाद : पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स का एक विमान इंजन में दिक्कत आने के बाद बुधवार को एबटाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में लोकप्रिय पॉप गायक से इस्लामिक उपदेशक बने जुनैद जमशेद और तीन विदेशी नागरिकों सहित सभी 48 लोग मारे गए. विमान बुधवार शाम पाकिस्तान के छावनी शहर एबटाबाद के नजदीक एक पहाडी […]

विज्ञापन

इस्लामाबाद : पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स का एक विमान इंजन में दिक्कत आने के बाद बुधवार को एबटाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में लोकप्रिय पॉप गायक से इस्लामिक उपदेशक बने जुनैद जमशेद और तीन विदेशी नागरिकों सहित सभी 48 लोग मारे गए. विमान बुधवार शाम पाकिस्तान के छावनी शहर एबटाबाद के नजदीक एक पहाडी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ.

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चित्राल से इस्लामाबाद जाते समय पीआईए का विमान पीके-661 हवेलियां स्थित पाकिस्तान आयुद्ध फैक्टरी के पास सद्धा बटोलनी गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में जुनैद जमशेद, उनकी पत्नी और चित्राल के उपायुक्त ओसामा वराइच सहित कुल 48 लोग सवार थे. नागर विमानन प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि कोई जीवित नहीं बचा है. अभी तक मलबे से 36 शव निकाले गए हैं.

पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमानन सेवा ने इस विमान ने दोपहर 3:30 बजे चित्राल से उडान भरी थी और शाम करीब 4:40 बजे इसे इस्लामाबाद के बेनजीर भुट्टो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरना था. पीआईए के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि इस विमान के राडार से हटने से पहले विमान के पायलट ने यातायात नियंत्रक को ‘आपात स्थिति संबंधी सूचना’ दी थी. पीआईए के प्रवक्ता दानियल गिलानी ने कहा कि विमान में 42 यात्री, चालक दल के पांच सदस्य और एक ग्राउंड इंजीनियर सवार थे.

विमान में सवार लोगों की सूची के अनुसार, उसमें 31 पुरुष, नौ महिलाएं और दो शिशु थे. इनमें से तीन विदेशी नागरिक हैं. विमानन क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमान के इंजन में खराबी आ गयी थी. इस्लामाबाद हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में विमानन सचिव इरफान इलाही ने पुष्टि की है कि एटीआर-42 विमान में इंजन संबंधी दिक्कत आयी थी. उन्होंने कहा, ‘‘अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी, लेकिन हम जानते हैं कि विमान के इंजन में दिक्कत आयी थी.”

नागर विमानन क्षेत्र में होने वाले हादसों और आपात स्थिति पर रोजाना सूचनाएं देने वाले अखबार ‘एविएशन हेराल्ड’ ने भी कहा था कि विमान के ‘‘इंजन में दिक्कत” थी. पीआईए के एक प्रवक्ता ने ‘एक्सप्रेस न्यूज’ से कहा कि करीब ‘‘10 साल पुराना यह विमान अच्छी हालत में था.” जुनैद जमशेद के भाई ने मीडिया से कहा कि विमान में उनके भाई और भाभी आयशा जुनैद तथा तबलीगी :धार्मिक समूह: के अन्य सदस्य सवार थे. सभी चित्राल की धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे. इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस का कहना है कि सेना की टुकडी और हेलीकॉप्टर को मौके पर रवाना कर दिया गया है.

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ अधिकारी आबिद अली का कहना है कि बचाव कार्य जारी है और छह हेलीकॉप्टरों को मदद के लिए लगाया गया है. चूंकि हादसा पर्वतीय क्षेत्र में हुआ है, ऐसे में मलबे को हटाने तथा शवों को निकालने में कुछ वक्त लगेगा. विमान शुरू में पेशावर से चित्राल गया था और वहां से इस्लामाबाद वापसी के दौरान राडार से गायब हो गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola