मुक़ाबला है फ़ुटबॉलरों की पत्नियों और प्रेमिकाओं में भी

Updated at : 25 Jun 2014 8:22 PM (IST)
विज्ञापन
मुक़ाबला है फ़ुटबॉलरों की पत्नियों और प्रेमिकाओं में भी

शोभन सक्सेना ब्राज़ील से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए मिक जैगर फ़ुटबॉल विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े ‘मनहूस’ शख़्स माने जाते हैं. उन्होंने एक बार फिर इसकी मिसाल पेश की है. अब लोग इस ब्रितानी गायक को इटली के विश्व कप से बाहर होने के लिए जिम्मेदार मान रहे हैं. एक चैनल के […]

विज्ञापन

मिक जैगर फ़ुटबॉल विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े ‘मनहूस’ शख़्स माने जाते हैं. उन्होंने एक बार फिर इसकी मिसाल पेश की है. अब लोग इस ब्रितानी गायक को इटली के विश्व कप से बाहर होने के लिए जिम्मेदार मान रहे हैं.

एक चैनल के मुताबिक़ रोम के एक शो में जैगर ने बीते सप्ताहांत इटली के 2014 के विश्वकप की विजेता टीम होने की भविष्यवाणी की थी.

उन्होंने शो के दौरान कहा, "इटली विश्व कप जीतेगी. मैं सोचता हूँ कि मंगलवार के खेल में (उरुग्वे के विरुद्ध) इटली 2-1 से जीतेगी." मगर इटली उरुग्वे से 1-0 से हार गई और टूर्नामेंट से ही बाहर हो गई.

इससे पहले जैगर इंग्लैंड को शुभकामनाएँ देते हुए उसके शुरुआती दो मैच देखने गए थे. दोनों ही मौक़ों पर इंग्लैंड हार गई.

उन्हें ‘पनौती’ का तमग़ा 2010 के विश्व कप में मिला था जब वह इंग्लैड के हर मैच में थे जहाँ टीम हारती गई. जब वह ब्राज़ील का समर्थन करते हुए ब्राज़ील और हॉलैंड के मैच में पहुँचे तो ब्राज़ील भी हार गई थी.

‘ख़तरनाक’ खिलाड़ी

उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी लुई सुआरेज़ पर एक बार फिर प्रतिद्वन्द्वी खिलाड़ी को दांत काटने का आरोप लगा है. इस मैच में इटली की हार हुई, लेकिन दांत काटने की घटना पर इंग्लैंड और इटली में गुस्सा था. सुआरेज़ इंग्लैंड में क्लब स्तर पर खेलते हैं.

लेकिन अधिकतर दक्षिण अमरीकी देशों में लोगों ने इसे हल्के में लिया. मैदान पर हुई इस घटना के थोड़ी देर बाद ट्विटर पर ‘माइक टायसन’ ट्रेंड कर रहा था.

undefined

टायसन अपने विरोधियों को दांत काटने के लिए जाने जाते थे.

सुआरेज़ के काटने की ताक़त को कुछ अन्य प्राणियों से भी जोड़कर भी देखा गया. सोशल नेटवर्क पर कुछ जगहों पर उन्हें ड्रैकुला और गॉडज़िला के तौर पर भी दिखाया गया है.

फ़ेसबुक पर साझा हुई कुछ तस्वीरों में उनको ‘जॉज़’ फ़िल्म की शार्क जैसा दिखाया गया तो कहीं किंग कॉन्ग की तरह.

मैच देखने पहुंचे प्रिंस हैरी

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी भी कैमरून और ब्राज़ील के बीच हुए मैच का लुत्फ़ उठाते नज़र आए. उन्होंने एक पत्रकार को बताया कि मैच के बारे में उनकी भविष्यवाणी 3-1 से ब्राज़ील की जीत की है.

मंगलवार को प्रिंस हैरी साओ पाउलो में इंग्लैंड और कोस्टा रिका के बीच हुआ मुकाबला भी देखने पहुंचे. वो मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ.

इससे दो दिन पहले प्रिंस हैरी कनूइंग के लिए गए जिससे ये पता चल सके कि मरीज़ों को किस तरह इस खेल से स्वास्थ्य लाभ में मदद मिलती है. वह जिन मरीजों से मिले उनमें से अधिकतर लकवाग्रस्त थे.

इसके बाद 29 वर्षीय हैरी जब एक इंस्ट्रक्टर और मरीज़ के साथ ब्राज़ीलिया में तीन लोगों वाली छोटी नाव में बैठ रहे थे तो उनके कपड़े भी गीले हो गए.

सुंदरियों की प्रतिस्पर्धा

विश्व कप के दौरान मैदान पर हो रहे खेल में जिन लोगों की दिलचस्पी नहीं है, उनके लिए मैदान से बाहर भी काफ़ी कुछ दिलचस्प हो रहा है.

यूँ तो इस मुक़ाबले के लिए कोई ट्रॉफ़ी नहीं दी जाने वाली है मगर कुछ खिलाड़ियों की पत्नियाँ और उनकी प्रेमिकाएँ ख़ूबसूरती के मामले में एक दूसरे को पछाड़कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में लगी हुई हैं.

इंग्लैंड, स्पेन और इटली की टीमों की वापसी के साथ ही अब ये खींचतान कुछ ही सुंदरियों के बीच सिमट गई है.

अब मुख्य टक्कर फ़्रांसीसी डिफेंडर बाकरी सागना की पत्नी लुडिवाइन कादरी सागना और मारियो गोत्ज़े की प्रेमिका मॉडल एन कैथरीन ब्रोमेल के बीच है. कैथरनी एक ब्लॉगर, मॉडल और सिंगर भी हैं.

इस प्रतिस्पर्धा में नीदरलैंड्स के मिडफ़ील्डर वेस्ली स्नाइडर की पत्नी योलांते स्नाइडर-काबाउ भी हैं जो एक स्पेनिश-डच अभिनेत्री और मॉडल हैं. अन्य सुंदरियों में इटैलियन मॉडल और टीवी प्रस्तोता मेलिसा साता भी शामिल हैं जिनका नाम घाना के फ़ुटबॉलर केविन प्रिंस बोयतेंग से जोड़ा जा रहा है.

इस फ़ुटबॉल विश्व कप में टीमों के हार कर बाहर होने के साथ-साथ यह मुकाबला भी कठिन होता जा रहा है.

(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें. आप ख़बरें पढ़ने और अपनी राय देने के लिए हमारे फ़ेसबुक पन्ने पर भी आ सकते हैं और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola