ePaper

जापान के PM एबे ने मोदी को अपने निजी घर में दिया भाेज, कहा - मैं ‘आजीवन भारत का दोस्त'' रहूंगा

Updated at : 28 Oct 2018 6:30 PM (IST)
विज्ञापन
जापान के PM एबे ने मोदी को अपने निजी घर में दिया भाेज, कहा - मैं ‘आजीवन भारत का दोस्त'' रहूंगा

तोक्यो/यामानशी/नयी दिल्ली : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे ने रविवार को कहा कि वह ‘आजीवन भारत के मित्र’ रहेंगे. जापान-भारत रणनीतिक साझीदारी को और मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के पूर्व एबे ने अपने एक संदेश में यह बात कही. भारतीय समाचारों पत्रों में प्रकाशित इस संदेश […]

विज्ञापन

तोक्यो/यामानशी/नयी दिल्ली : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे ने रविवार को कहा कि वह ‘आजीवन भारत के मित्र’ रहेंगे. जापान-भारत रणनीतिक साझीदारी को और मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के पूर्व एबे ने अपने एक संदेश में यह बात कही.

भारतीय समाचारों पत्रों में प्रकाशित इस संदेश में उन्होंने ने कहा, जापान जब बहुत धनी नहीं था, तो प्रधानमंत्री (जवाहरलाल) नेहरू ने हजारों लोगों के सामने जापान के प्रधानमंत्री किशी का परिचय कराते हुए कहा था कि वह उनका सम्मान करते हैं. एबे ने रविवार को तोक्यो से 110 किलोमीटर पश्चिम में यामानशी में अपने निजी घर पर प्रधानमंत्री मोदी के आगवानी करते हुए याद किया कि 1957 में उनके दादा नाबुसुकु किशी भारत की यात्रा करनेवाले पहले जापानी प्रधानमंत्री थे. उसी यात्रा के बाद जापान ने भारत को 1958 में येन (जापानी मुद्रा) में ऋण सहायता देनी शुरू की. वर्ष 2006 में पहली बार प्रधानमंत्री चुने गये एबे एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से आते हैं. आबे ने अपने आलेख में लिखा है, अपने दिल में उस इतिहास को अंकित कर मैंने अपने आपको भारत के साथ जापान के रिश्ते को सींचने में समर्पित कर दिया है.

उन्होंने याद किया कि 2007 में भारत की यात्रा के दौरान उन्हें भारतीय संसद में भाषण देने का सम्मान हासिल हुआ था. एबे ने कहा कि पिछले साल सितंबर में जब वह प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात गये थे तो लोगों ने बेहद गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया था. लिबरल डेमोक्रैटिक पार्टी के 64 वर्षीय नेता ने अपने पत्र में कहा है, अपने दादा की भारत यात्रा के प्रभाव और उसकी याद करते हुए मैंने शपथ ली है कि मैं आजीवन भारत का मित्र बना रहूंगा.

इससेपूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को माउंट फूजी के पास एक खूबसूरत रिजॉर्ट में शिंजो एबे के साथ अनौपचारिक बातचीत की. इसके बाद मोदी और एबे औद्योगिक रोबोट बनानेवाली कंपनी ‘फुनक कॉरपोरेशन’ के कारखाने गये. मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच भागीदारी बुनियादी रूप से बदली है और अब यह एक विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक भागीदारी के रूप में मजबूत हुई है. रविवार को शुरू हो रहे दो दिन के सम्मेलन में आपसी रिश्तों में हुई प्रगति की समीक्षा की जायेगी और द्विपक्षीय संबंधों के रणनीतिक आयामों को और गहरा करने पर चर्चा होगी. इससे पहले दिन में मोदी के होटल माउंट फूजी पहुंचने पर एबे ने उनका स्वागत किया. मोदी ने ट्वीट किया, एबे से मिलकर काफी खुशी हुई. दोनों नेता बाग में साथ-साथ घूमे. मोदी ने एबे को कलात्मक दरियां और पत्थर के दो अलंकृत कटोरे और कुछ अन्य उपहार भेंट किये.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, आधुनिक प्रौद्योगिकी में हमारे बीच सहयोग को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे फानुक कॉरपोरेशन के कारखाने गये. यह दुनिया में औद्योगिक रोबोट की सबसे बड़ी कंपनी है. बाद में शाम को एबे ने यामानशी में कावागुची झील के पास अपने निजी घर पर मोदी के लिए रात्रि भोज आयोजित किया. यह पहला मौका है जबकि एबे ने किसी विदेशी राजनीतिक नेता को यामानशी क्षेत्र के नारुसावा गांव में अपने अवकाशकालीन आवास पर आमंत्रित किया है. मोदी ने ट्वीट किया, अपने घर पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए प्रधानमंत्री शिंजो एबे का आभार. मैं इससे काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं. जापान के प्रधानमंत्री ने चॉपस्टिक के जरिये जापानी तरीके से खाना भी सिखाया. पिछले साल सितंबर में मोदी ने अपने गृह राज्य गुजरात में आबे की मेजबानी की थी. रात्रि भोज के बाद दोनों नेता ट्रेन से तोक्यो के लिए रवाना हो गये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola