जीत के बाद बोले महेंद्र सिंह धौनी, उम्र नहीं फिटनेस महत्वपूर्ण

Updated at : 28 May 2018 10:09 AM (IST)
विज्ञापन
जीत के बाद बोले महेंद्र सिंह धौनी, उम्र नहीं फिटनेस महत्वपूर्ण

मुंबई : चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में कई उम्रदराज खिलाड़ी थे लेकिन इसके बावजूद वह आईपीएल-11 की चैंपियन बनने में सफल रही और उसके कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी जीत के बाद कहा कि उम्र नहीं बल्कि फिटनेस मायने रखती है. चेन्नई ने आज सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल […]

विज्ञापन

मुंबई : चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में कई उम्रदराज खिलाड़ी थे लेकिन इसके बावजूद वह आईपीएल-11 की चैंपियन बनने में सफल रही और उसके कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी जीत के बाद कहा कि उम्र नहीं बल्कि फिटनेस मायने रखती है. चेन्नई ने आज सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल खिताब जीता. सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर छह विकेट पर 178 रन बनाये. चेन्नई शेन वाटसन के नाबाद 117 की मदद से दो विकेट पर 181 रन बनाकर चैंपियन बना.

धौनी से मैच के बाद टीम में अधिक उम्र के खिलाड़ियों की मौजूदगी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उम्र केवल नंबर है लेकिन खिलाड़ी का पूरी तरह फिट होना जरूरी है. धौनी ने कहा, ‘हम उम्र के बारे में बात करते हैं लेकिन फिटनेस अधिक महत्वपूर्ण है. रायुडू 33 साल का है लेकिन यह वास्तव में मायने नहीं रखता. अगर आप किसी भी कप्तान से पूछोगे तो वे ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं जो चपल हो. ‘ उन्होंने कहा, ‘हम अपनी कमजोरियों से वाकिफ थे.

अगर वाटसन डाइव लगाने की कोशिश करता तो वह चोटिल हो सकता था इसलिए हमने उसे ऐसा नहीं करने के लिए कहा. उम्र केवल नंबर है लेकिन आपको पूरी तरह फिट होना चाहिए.’ धौनी ने कहा, ‘जब आप फाइनल में पहुंचते हैं तो हर कोई अपनी भूमिका जानता है. जब आप क्षेत्ररक्षण करते हैं तो आपको अपनी रणनीति के अनुसार सामंजस्य बिठाना पड़ता है. हमारे बल्लेबाज अपनी शैली से परिचित हैं. अगर किसी को यह मुश्किल लगती तो अगले बल्लेबाज के लिए भी आसान नहीं होता.’ उन्होंने कहा, ‘हमें पता था कि उनकी टीम में भुवनेश्वर कुमार और राशिद खान दो अच्छे गेंदबाज हैं जो हम पर दबाव बना सकते हैं.

इसलिए मैं मानता हूं कि हमारी बल्लेबाजी बहुत अच्छी रही. लेकिन हमें विश्वास था कि बीच के ओवरों में हम अच्छे रन जुटा सकते हैं.’ धौनी से पूछा गया कि उनकी सर्वश्रेष्ठ जीत कौन सी रही उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक जीत महत्वपूर्ण होती है इसलिए एक जीत को चुनना मुश्किल है. ‘ धौनी ने बताया कि उनकी टीम आज चेन्नई में होगी जहां वह केवल एक मैच खेल पायी थी. सनराइजर्स के कप्तान केन विलिमयसन ने हार पर निराशा जतायी लेकिन साथ ही उन्होंने वाटसन की भी तारीफ की.

विलियमसन ने कहा, ‘हमें लग रहा था कि हमने चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया था लेकिन शेन वाटसन की तारीफ करनी होगी. मैं चेन्नई को बधाई देता हूं. यह निराशाजनक है क्योंकि हमने सत्र में अधिकतर समय अच्छा प्रदर्शन किया.’ उन्होंने कहा, ‘हमने अपनी तरफ से अच्छे प्रयास किये. हम खिताब नहीं जीत पाये लेकिन कई सकारात्मक पहलू हमारे साथ जुड़े. प्रत्येक टीम संतुलन स्थापित करने की कोशिश करती है लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि हमारे पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण था और यह हमारे लिए बहुत मजबूत पक्ष था.’

सनराइजर्स के कोच टॉम मूडी ने भी माना कि वाटसन की पारी ने अंतर पैदा किया. मूडी ने कहा, ‘वाटसन की पारी विशेष थी. हमें लग रहा था कि हमारा प्रतिस्पर्धी स्कोर है. इसे हासिल करने के लिए कुछ खास करने की जरूरत थी और वाटसन ने वह किया. हमारे लिए यह सत्र अच्छा रहा.’ चेन्नई के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में रखने की रणनीति अपनायी जो कारगर साबित हुई.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola