ePaper

IPL 2018 : सनराइजर्स की उम्दा गेंदबाजी ने आरसीबी को आईपीएल से किया लगभग बाहर

Updated at : 07 May 2018 7:42 PM (IST)
विज्ञापन
IPL 2018 : सनराइजर्स की उम्दा गेंदबाजी ने आरसीबी को आईपीएल से किया लगभग बाहर

हैदराबाद : टी20 क्रिकेट को भले ही बल्लेबाजों का खेल माना जाता हो लेकिन आईपीएल के मौजूदा सत्र में लगातार इसे झुठलाती आ रही सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर अपनी कहर बरपाती गेंदबाजी के दम पर रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को पांच रन से हराकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर दिया . आईपीएल के इस […]

विज्ञापन

हैदराबाद : टी20 क्रिकेट को भले ही बल्लेबाजों का खेल माना जाता हो लेकिन आईपीएल के मौजूदा सत्र में लगातार इसे झुठलाती आ रही सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर अपनी कहर बरपाती गेंदबाजी के दम पर रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को पांच रन से हराकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर दिया . आईपीएल के इस सत्र में कम स्कोर बनाने के बावजूद मैच जीतती आ रही सनराइजर्स ने आज उसी कहानी को दोहराया.

पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरी टीम 146 रन पर आउट हो गई लेकिन एबी डिविलियर्स और विराट कोहली जैसे आक्रामक बल्लेबाजों की मौजूदगी के बावजूद बेंगलूर छह विकेट पर 141 रन ही बना सकी.

बेंगलूर को आखिरी 12 गेंद में 19 रन की जरूरत थी लेकिन 19वें ओवर में सिद्धार्थ कौल ने सिर्फ सात रन दिये . आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने छह रन दिये और आखिरी गेंद पर कोलिन डि ग्रांडहोमे को बोल्ड भी किया . भुवनेश्वर , कौल, राशिद खान और संदीप शर्मा ने एक एक विकेट लिये जबकि शाकिब अल हसन को दो विकेट मिले.

बेंगलूर के लिये कप्तान विराट कोहली ने 30 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाये जबकि ग्रांडहोमे ने 33 रन की पारी खेली . इस हार के बाद आरसीबी दस मैचों में छह अंक लेकर छठे स्थान पर है जबकि सनराइजर्स दस मैचों में 16 अंक लेकर शीर्ष पर है और उसने प्लेआफ में जगह बनाने की ओर अगला कदम रख दिया है.

इससे पहले कप्तान केन विलियमसन के अर्धशतक के बावजूद सनराइजर्स की टीम मोहम्मद सिराज और टिम साउदी की गेंदों का सामना नहीं कर सकी और 146 रन पर आउट हो गई . विलियमसन ने 39 गेंद में 56 रन बनाये जबकि शाकिब अल हसन ने 35 रन की पारी खेली . आरसीबी के लिये सिराज ने 25 रन देकर और साउदी ने 30 रन देकर तीन तीन विकेट लिये.

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई सनराइजर्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही . एलेक्स हेल्स ( पांच ) और शिखर धवन ( 13 ) दोनों सस्ते में आउट हो गए. मनीष पांडे ( पांच ) भी ज्यादा देर टिक नहीं सके जिन्होंने युजवेंद्र चहल की गेंद पर कप्तान विराट कोहली को कैच थमाया.

इसके बाद विलियमसन और शाकिब ने 50 गेंद में 64 रन की साझेदारी की . विलियमसन ने कोई जोखिम लिये बिना मैदान के चारों ओर शाट खेले. उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पांचवां अर्धशतक 35 गेंद में पूरा किया . विलियमसन जब क्रीज पर जम चुके थे, तभी उमेश यादव ने उन्हें डीप मिडविकेट पर मनदीप सिंह के हाथों लपकवाया.

विलियमसन ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये . विलियमसन के आउट होने के बाद शाकिब पर रन बनाने की जिम्मेदारी आ गई लेकिन वह साउदी की गेंद पर डीप स्क्वेयर लेग पर यादव को कैच दे बैठे. युसूफ पठान ने साउदी की गेंद पर इसी ओवर में दो चौके लगाये लेकिन अगले ओवर में सिराज का शिकार हुए . रिधिमान साहा ने सिराज को छक्का लगाया लेकिन आठ रन बनाकर आउट हो गए.

साउदी के आखिरी ओवर में सनराइजर्स के तीन विकेट गिरे . राशिद खान और भुवनेश्वर कुमार रन आउट हुए जबकि संदीप शर्मा आखिरी गेंद पर पगबाधा आउट हुए .

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola