ePaper

पूर्व जासूस को जहर देने का मामला : अमेरिका ब्रिटेन के आरोप से सहमत, रूस को जिम्मेदार ठहराया

Updated at : 15 Mar 2018 5:44 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्व जासूस को जहर देने का मामला : अमेरिका ब्रिटेन के आरोप से सहमत, रूस को जिम्मेदार ठहराया

वॉशिंगटन : एक पूर्व जासूस और उसकी बेटी को जहर देने के मामले में ब्रिटेन की ओर से रूस पर लगाये जा रहे आरोपों पर अमेरिका ने कहा है कि वह ब्रिटेन के इस आकलन से सहमत है कि इस घिनौनी घटना के लिए रूस जिम्मेदार है. अमेरिका ने यह भी कहा कि कथित हमले […]

विज्ञापन

वॉशिंगटन : एक पूर्व जासूस और उसकी बेटी को जहर देने के मामले में ब्रिटेन की ओर से रूस पर लगाये जा रहे आरोपों पर अमेरिका ने कहा है कि वह ब्रिटेन के इस आकलन से सहमत है कि इस घिनौनी घटना के लिए रूस जिम्मेदार है. अमेरिका ने यह भी कहा कि कथित हमले पर पलटवार करते हुए 23 रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने का ब्रिटेन का फैसला न्यायोचित प्रतिक्रिया थी.

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने कहा, अमेरिका अपने सबसे करीबी सहयोगी ब्रिटेन के साथ है. अमेरिका ब्रिटेन के इस आकलन से सहमत है कि एक ब्रिटिश नागरिक और उसकी बेटी पर हमले के लिए रूस जिम्मेदार है और हम रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने के ब्रिटेन के फैसले को न्यायोचित प्रतिक्रिया मानते हुए इसका समर्थन करते हैं. ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने बुधवार को 23 रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था. पिछले 30 साल से ज्यादा समय में यह राजनयिकों के निष्कासन की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. उन्होंने उच्च स्तरीय द्विपक्षीय अनुबंधों को भी निलंबित कर दिया और कहा कि मॉस्को पूर्व जासूस पर हमले के लिए जिम्मेदार है.

पूर्व रूसी जासूस सर्गेइ स्क्रिपल (66) और उनकी बेटी यूलिया (33) को पिछले हफ्ते जहर दिया गया था. दोनों को बेहोश पाया गया था. दोनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है. जहर की चपेट में आने के कारण एक पुलिस अधिकारी की भी हालत गंभीर है. उधर, रूस ने पूर्व जासूस की हत्या की कोशिश में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है. सैंडर्स ने कहा कि यह हमला बर्ताव के उस स्वरूप में फिट बैठता है जिसमें रूस अंतरराष्ट्रीय नियमों पर आधारित व्यवस्था का अनादर करता है, पूरी दुनिया में देशों की संप्रभुता एवं सुरक्षा को कमजोर करता है और पश्चिमी लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं प्रक्रियाओं को पटरी से उतारने और बदनाम करने की कोशिशें करता है.

उन्होंने कहा, अमेरिका अपने सहयोगियों एवं साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है जिससे सुनिश्चित किया जा सके कि इस तरह का घिनौना हमला फिर नहीं हो. डेमोक्रेटिक व्हिप स्टेनी एच होयर ने कहा कि ब्रिटिश सरजमीं पर बागियों के खिलाफ रूस के कथित हमले अनुचित है और इससे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन होता है. सीनेट सशस्त्र सेवा समिति के सदस्य सीनेटर बेन सैशे ने कहा कि भविष्य में आक्रमण के कदमों पर सामूहिक प्रतिक्रिया के लिए अमेरिका को अपने नाटो सहयोगियों से बातचीत करनी चाहिए. न्यू यॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अमेरिकी राजदूत निक्की हैली ने नर्व गैस के कथित इस्तेमाल के लिए रूस पर हमला बोला.

ब्रिटेन के अनुरोध पर बुलायी गयी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक विशेष बैठक के दौरान हैली ने कहा, मुझे शुरू में ही एक चीज साफ करने दें : अमेरिका पूरी तरह ग्रेट ब्रिटेन के साथ खड़ा है. अमेरिका का मानना है कि एक मिलिट्री ग्रेड के नर्व एजेंट का इस्तेमाल कर ब्रिटेन में दो लोगों पर किये गये हमले के लिए रूस जिम्मेदार है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola