West Bengal Breaking News : शुभेंदु ने सीएम के विदेश दौरे के बारे में मांगी जानकारी
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
शुभेंदु ने सीएम के विदेश दौरे के बारे में मांगी जानकारी
विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दुबई और स्पेन यात्रा पर राज्य के खजाने से खर्च की गयी राशि पर सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी है. शुभेंदु अधिकारी ने विदेश यात्रा के नतीजे और उस विदेश यात्रा के माध्यम से निवेश में वास्तविक उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी मांगी है. श्री अधिकारी ने स्वयं गुरुवार को अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) वॉल पर एक संदेश के माध्यम से इसकी जानकारी दी.
बर्दवान आबकारी विभाग और पुलिस ने अभियान चला सैकड़ों लीटर अवैध देशी शराब जब्त किया
पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर थाना इलाके के चबूदा गांव में बुधवार देर रात गुप्त सूचना के बाद आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाकर करीब 800 लीटर देशी शराब और शराब बनाने वाले सामानों को जब्त किया है. हालांकि इस घटना में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नही है. रात के अंधेरे का फायदा उठाकर शराब बनाने वाले लोग भाग गये. पुलिस ने जब्त शराब को नष्ट कर दिया. आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत
बीरभूम जिले के मल्लारपुर रेल गेट के पास मालगाड़ी की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई. रेल पुलिस ने मृत युवक का नाम जाकिर हुसैन (30) बताया है. वह जिले के मोहम्मद बाजार इलाके का रहने वाला था. वह प्लास्टिक की बोतलें एकत्र करने के लिए रेल गेट स्थित रेल लाइन से जा रहा था तभी एक मालगाड़ी की चपेट में आ गया. शव को जीआरपी ने पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है.
विमान की खिड़की में दिखी दरार, करायी गयी इमरजेंसी लैंडिंग
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद विमान की खिड़की में अचानक दरार देखी गयी. इसके बाद पायलट ने तुरंत कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर यांत्रिक गड़बड़ी की जानकारी दी और लैंडिंग की अनुमति मांगी. एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अनुमति मिलते ही तुरंत विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करायी गयी.
तृणमूल के बीरभूम जिला अध्यक्ष अनुब्रत 30 अक्टूबर तक रहेंगे जेल में
अनुब्रत मंडल की जेल अवधि 30 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है. अनुब्रत मंडल इस साल की पूजा दिल्ली की तिहाड़ जेल में बिताएंगे. गौ तस्करी मामले में आरोपी अनुब्रत को आज दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया. अनुब्रत वकीलों से जानना चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में जमानत अर्जी का क्या हुआ. अनुब्रत की बेटी सुकन्या को भी अगले साल जनवरी तक तिहाड़ जेल में रहना होगा.
जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में डेंगू के लार्वा की तलाश में पहुंचे डिप्टी मेयर
जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में डेंगू के लार्वा की तलाश में पहुंचे डिप्टी मेयर. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे. इसके बाद डिप्टी मेयर जादवपुर में बंद पड़ी कृष्णा ग्लास फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे. मच्छर के लार्वा की तलाश के लिये ड्रोन का भी उपयोग किया जाएगा.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए