Jharkhand Crime News: गिरिडीह के बगोदर में जमीन कारोबारी का अपहरण, हवाई फायरिंग कर फैलायी दहशत

गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र से हथियार के बल पर अपराधियों ने जमीन काराेबारी का अपहरण कर लिया. लोगों के विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गयी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इस मामले को लेकर पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
Jharkhand Crime News (कुमार गौरव, बगोदर, गिरिडीह) : झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड़ संतुरपी के समीप हथियार के बल पर अपराधियों ने एक युवक का अपहरण कर लिया. घटना शाम साढ़े पांच बजे की है. अपहृत युवक का नाम मोहम्मद शमशेर आलम है. शमशेर संतुरपी का रहने वाला है. इस दौरान अपराधियों ने जाते-जाते दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी किया.
घटना के संबंध में बताया गया कि बगोदर थाना क्षेत्र के संतुरपी जीटी रोड़ के समीप युवक मोहम्मद शमशेर बन रहे नये घर के बाहर खड़ा था. तभी बरकट्ठा की दिशा से बोलोरो और एक बाइक से करीब पांच से छह की संख्या में हथियार बंद अपराधी उक्त स्थल पर पहुंचे. अपराधियों ने हथियार के बल पर शमशेर का अपहरण कर लिया.
इस दौरान हथियार के बल पर शमशेर को जबरन गाड़ी में बैठाने लगे, तभी आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया. इसको लेकर अपराधियों ने हवाई फायरिंग करते हुए शमशेर को अपने साथ ले गये. तत्काल इसकी सूचना बगोदर पुलिस को दी गयी. जानकारी मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गयी.
इस मामले में थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने अपहरण की पुष्टि की है. साथ ही कहा कि पुलिस जांच- पड़ताल तेज कर दी है. घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है. बताया जाता है कि युवक जमीन का करोबार से जुड़ा था. इसके साथ ही संतुरपी में ही एक नर्सिंग होम बनाने को लेकर कार्य की देखरेख में जुटा था. स्थानीय लोगों की मानें, तो शमशेर का अपहरण कर अपराधी बरही की ओर भागे हैं.
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




