Photos : गन सैल्यूट के साथ ममता बनर्जी सहित कई प्रशंसकों ने उस्ताद राशिद खान को दी अंतिम विदाई
Published by : Shinki Singh Updated At : 10 Jan 2024 6:58 PM
उस्ताद राशिद खान के निधन के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत की वह 'सुनहरी आवाज' अब अतीत की बात बन गई है. अपने आवाज के जादू से राशिद खान ने सबके दिल में एक खास जगह बनाई थी.

उस्ताद राशिद खान के पार्थिव शरीर बुधवार को यहां सरकारी सांस्कृतिक परिसर रवीन्द्र सदन में जनता के दर्शन के लिए रखा गया जहां हजारों प्रशंसकों ने शास्त्रीय गायक को अंतिम श्रद्धांजलि दी.

बहुमुखी प्रतिभा वाले शास्त्रीय गायक के पार्थिव शरीर को सफेद फूलों से सजे ताबूत में रखा गया था.उन्हें बंदूक की सलामी भी दी गई.

गायिका उषा उथुप, गायक पंडित अजय चक्रवर्ती, उनकी बेटी और गायिका कौशिकी चक्रवर्ती उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए रवीन्द्र सदन पहुंचे लोगों में शामिल थे.

उथुप ने कहा, राशिद भाई मेरे छोटे भाई की तरह हैं जो इतनी जल्दी चले गए. कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम ने श्रद्धांजलि दी.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी रवीन्द्र सदन में मौजूद थे.

हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत को अनगिनत श्रोताओं के लिए सुलभ बनाने वाले खान का प्रोस्टेट कैंसर से चार साल की लड़ाई के बाद मंगलवार को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 55 वर्ष के थे.

खान का शव एक निजी अस्पताल से ले जाए जाने के बाद सुबह उनके नकताला स्थित घर से रवीन्द्र सदन लाया गया था.

वर्ष 2007 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इससे पहले वर्ष 2006 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया.

वर्ष 2022 में पद्म भूषण से नवाजा गया. उन्होंने बांग्ला और हिंदी फिल्मों में कई गीत गाए हैं, जो काफी लोकप्रिय हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










