ASI ने साइड नहीं मिलने पर छात्र को पीटा और पहुंच गये ससुराल, ग्रामीणों ने वहीं घेरा, माफी मांग छुड़ायी जान
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 28 Dec 2023 3:11 AM
सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित युवक सब इंस्पेक्टर के ससुराल के घर के बाहर धरना पर बैठ गये. ग्रामीणों ने पुलिस से कहा कि जब तक सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी हमलोग यहां से नहीं हटेंगे.
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव में बुधवार की शाम सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार द्वारा साइड नहीं देने पर एक छात्र को पीटने व गोली मारने की धमकी देने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हो-हंगामा किया. कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण सब इंस्पेक्टर के ससुराल के घर के बाहर धरना पर बैठ गये. अंतत: सब इंस्पेक्टर के माफी मांगने के बाद मामला खत्म हुआ.
क्या है मामला
विष्णुगढ़-हजारीबाग निवासी चाइबासा में पोस्टेड सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार का ससुराल मधुगोड़ा-बिराजपुर है. सब इंस्पेक्टर श्री कुमार हजारीबाग से अपने चार पहिया वाहन (जेएच 02 बीडी 0676) से अपने ससुराल आ रहे थे. इस दौरान खरनी, बिराजपुर सड़क में बाइक से आ रहे बिराजपुर निवासी छात्र प्रसन्नजीत कुमार पांडेय को साइड मांगने के लिए हाॅर्न बजाया. सड़क सकरी होने के कारण छात्र साइट नहीं दे पाया. फिर सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार ने बाइक को ओवरटेक कर बिराजपुर मोड़ में छात्र को रोका. इसके बाद गाड़ी से उतर कर छात्र की जमकर पिटाई कर दी और गोली मार देने की धमकी दी. सब इंस्पेक्टर द्वारा छात्र की पिटाई की खबर फैलते ही दर्जनों नाराज ग्रामीण युवक बिराजपुर बाजार पहुंचे और सब इंस्पेक्टर को खोजने लगे. खोजबीन में पता चला कि सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार अपने ससुराल में है. आक्रोशित युवक उनके ससुराल पहुंचे और सब इंस्पेक्टर को घर से निकालने की मांग करने लगे. इधर, घटना की सूचना पर बरवाअड्डा पुलिस पहुंची और आक्रोशित युवकों को समझाने- बुझाने लगी. इस बीच हरिजन टोला बिराजपुर के एक ट्रैक्टर चालक भी पहुंचा और सब इंस्पेक्टर पर मारपीट करने का आरोप लगाने लगा. करीब दो घंटे तक हो-हंगामा होता रहा. नाराज ग्रामीण किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे.
धरने पर बैठ गये युवक
सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित युवक सब इंस्पेक्टर के ससुराल के घर के बाहर धरना पर बैठ गये. ग्रामीणों ने पुलिस से कहा कि जब तक सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी हमलोग यहां से नहीं हटेंगे.
सब इंस्पेक्टर के माफी मांगने पर सुलझा मामला
दो घंटे तक चले हो, हंगामा के बाद गणमान्य लोगों के समझाने- बुझाने पर आक्रोशित ग्रामीण युवक शांत हुए. नाराज युवकों ने शर्त रखी की सब इंस्पेक्टर को सभी के सामने माफी मांगनी होगी. फिर आधे घंटे के बाद सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार अपने ससुराल से निकले और ग्रामीणों के सामने छात्र से माफी मांगी. इसके बाद सभी अपने-अपने घर वापस लौट गये.
सब इंस्पेक्टर ने गोली मारने धमकी दी : प्रसन्नजीत
इस संबंध में छात्र प्रसन्नजीत ने कहा कि वह धनबाद से अपने वापस लौट रहा था. इस दौरान साइड लेने के लिए सब इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार ने हॉर्न बजाया. जगह कम रहने के कारण साइड नहीं दे पाया. फिर सब इंस्पेक्टर ने तेजगति से गाड़ी चलाते हुए ओवरटेक कर मेरा रास्ता रोका और मुझसे मारपीट की. गोली मारने की धमकी दी. वहीं ट्रैक्टर चालक ने बताया कि उसके साथ भी इंस्पेक्टर ने मारपीट की है.
Also Read: धनबाद : कोरोना के नये वेरिएंट की आशंका को लेकर सीएस ने तैयारियों का लिया जायजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










