आदिवासी युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या

Published at :23 Sep 2016 7:57 AM (IST)
विज्ञापन
आदिवासी युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या

सिलीगुड़ी. 20 वर्षीय एक आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने का एक संगीन और सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती के शव को उसके घर से कुछ ही दूरी पर दागापुर चाय बागान इलाके में फेंक दिया गया था. मृत युवती का बड़ा भाइ सिलीगुड़ी नगर निगम में सफाई कर्मचारी है. यह […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. 20 वर्षीय एक आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने का एक संगीन और सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती के शव को उसके घर से कुछ ही दूरी पर दागापुर चाय बागान इलाके में फेंक दिया गया था. मृत युवती का बड़ा भाइ सिलीगुड़ी नगर निगम में सफाई कर्मचारी है. यह घटना सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के प्रधाननगर थाना अंतर्गत सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46 स्थित ढकनीकाटा उत्पल नगर की है.

पीड़ित परिवार का कहना है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया. पीड़ित परिवार ने प्रधाननगर थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार घटना स्थल से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं.

गुरूवार की सुबह दागापुर चाय बागान इलाके में एक युवती का नग्न शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. सुबह काम पर निकले चाय बागान कर्मचारी ने शव देखकर पुलिस को जानकारी दी. घटना की खबर फैलते देर नहीं लगी. चाय बागान सहित आस-पास बसे बस्ती इलाके से काफी लोग मौके पर उपस्थित हो गये. जानकारी मिलते ही प्रधान नगर थाने के पुलिस अधिकारी अनिर्बान भट्टाचार्य के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटना स्थल की बारिकी से छानबीन करने के बाद पुलिस युवती का शव थाने ले आयी और बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती का शव पूरी तरह से निर्वस्त्र था. युवती के कपड़े शव से कुछ दूरी पर पड़े पाये गये. इसके अतिरिक्त मौका ए वारदात से खून से सना हुआ एक युवक का भी कपड़ा पुलिस ने बरामद किया है. मृत युवती की पहचान लक्ष्मी उरांव(20) के रूप में की गयी है. उसका घर चाय बागान से सटे इलाके वार्ड नंबर 46 स्थित ढकनीकाटा के उत्पल नगर में है. इस घटना से इलाकावासी काफी चिंचित हैं. मृतका के भाई अमर उरांव ने बताया कि वह सिलीगुड़ी नगर निगम में सफाइ कर्मचारी है.
उसकी छोटी बहन लक्ष्मी नौवीं तक पढ़ाई की . इसके बाद से वह डिजाइनिंग का काम सीखने लगी थी. हाल ही में सालबाड़ी स्थित एक संस्था में उसे नौकरी भी मिली थी. उसे पहली तनख्वाह भी नहीं मिली थी. वह प्रत्येक दिन सुबह के 9 बजे अपने कार्य के लिये घर से निकल जाती थी. शाम के 5 बजे छुट्टी मिलते ही करीब 1 घंटे बाद वह वापस घर लौट आती थी. लक्ष्मी रोजाना की तरह बुधवार को भी 9 बजे घर से निकली लेकिन रात भर वापस नहीं आयी.

देर शाम तक उसका इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने उसकी तालाश शुरू की. इस दौरान उसके कार्यस्थल पर फोन किया गया, वहां से बताया गया कि लक्ष्मी रोजाना की तरह 5 बजे चली गयी. फिर उसके सहेलियों के साथ भी संपर्क किया गया, लेकिन किसी के पास कोई जानकारी नहीं थी. परिवार के सदस्य रात भर काफी परेशान रहे. गुरुवार की सुबह खबर मिली कि बागान इलाके में एक युवती का शव बरामद हुआ है. जानकारी मिलते ही परिवार के सभी सदस्य घटना स्थल पर गये और शव की शिनाख्त की. मृतका के पिता रतिया उरांव ने थाने में प्राथमिक दर्ज करायी है. उनके अनुसार उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गयी है. उनकी बेटी एक सुशील लड़की थी. किसी भी लड़के के साथ उसका प्रेम प्रसंग नहीं था. वह ऑटो से चंपासारी से दार्जिलिंग मोड़ होकर सालबाड़ी तक जाना-आना करती थी.

मेयर ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
इस घटना से सिलीगुड़ी नगर निगम को हिला कर रख दिया. निगम के सफाइ कर्मचारी की बहन के साथ हुई इस दर्दनाक वारदात से मेयर व विधायक अशोक भट्टाचार्य भी झल्ला उठे. उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ इस तरह की वारदात को बरदाश्त नहीं किया जा सकता. ऐसे आरोपियों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है. पुलिस द्वारा आरोपी को अविलंब गिरफ्तार किया जाना चाहिए. पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए श्री भट्टाचार्य ने कहा कि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी ना होने पर माकपा प्रधान नगर थाने का घेराव करेगी.
क्या कहते हैं डीसीपी
प्रधान नगर थाने की पुलिस ने बताया कि गुरुवार की सुबह स्थानीय बागान श्रमिकों ने शव की जानकारी दी. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है. परिवार की ओर से मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के रहस्य से परदा उठ सकेगा. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर(हेडक्वाटर) इंद्र चक्रवर्ती ने बताया कि दागापुर चाय बागान इलाके से एक युवती का शव बरामद हुआ है. परिवार की ओर से बलात्कर कर हत्या किये जाने की आशंका पर प्रधान नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने मौका ए वारदात से कुछ सबूत हासिल किये हैं. युवती के शव पर भी कई जख्म पाये गये है. शव को पोस्टमार्टम के लिये उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है. मामला काफी संगीन है. पुलिस ने अपनी ओर से आरोपी को गिरफ्त में लेने की कवायद तेज कर दी गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola