कालियाचक : दहशत फैलानेवाले खुद आये दहशत में
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :22 Sep 2016 7:33 AM (IST)
विज्ञापन

मालदा. कालियाचक में बीते एक महीने में एक दर्जन से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए हैं. आजकल यहां हर तरफ यही चर्चा रहती है कि अब किसकी बारी है. कालियाचक को भयमुक्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम लगातार अभियान चला रही है. इससे अपराधियों के बीच हड़कंप मचा […]
विज्ञापन
मालदा. कालियाचक में बीते एक महीने में एक दर्जन से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए हैं. आजकल यहां हर तरफ यही चर्चा रहती है कि अब किसकी बारी है. कालियाचक को भयमुक्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम लगातार अभियान चला रही है. इससे अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
वर्षों से अपराध कालियाचक की पहचान बन गयी है. हत्या, अपहरण, फिरौती, अवैध वसूली, हिंसक संघर्ष, बलात्कार, गैरकानूनी अफीम की खेती और जाली नोट के धंधे से लोग कालियाचक को जानने लगे हैं. गत 3 जनवरी को कालियाचक थाना फूंके जाने के बाद यह जगह पूरे देश में चर्चा में आ गयी. लेकिन अब ऐसा लगता है कि राज्य सरकार ने कालियाचक में शांति बहाल करने का मन बना लिया है. बताया जाता है कि इसी इरादे से अर्णव घोष को मालदा के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गयी है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार रात कालियाचक के नउदा जदुपुर में अभियान चलाकर पुलिस ने कुख्यात अपराधी गुलाम किबरिया को गिरफ्तार किया. उस पर हाल ही में एक तृणमूल कार्यकर्ता जब्बार शेख की हत्या करने का आरोप लगा था. इसके अलावा गुलाम किबरिया पर इलाके में आतंक फैलाने, हत्या, संघर्ष, अवैध वसूली, अवैध हथियार जमा करने, अपहरण समेत कई आपराधिक मामले कालियाचक थाने में दर्ज हैं.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक महीने में कालियाचक और वैष्णवनगर थाना इलाकों से एक दर्जन से ज्यादा बदमाश गिरफ्तार किये गये हैं. इसमें बकुल शेख, जाकिर शेख, असादुल्ला विश्वास, हमीदुर रहमान और गुलाम किबरिया जैसे कुख्यात बाहुबली भी शामिल हैं. स्थानीय लोगों का कहन है कि पुलिस की ऐसी दबिश पहले कभी नहीं देखी गयी. डर के मारे बदमाश इलाका छोड़कर भागते फिर रहे हैं. लोगों का कहना है कि अर्णव घोष जैसा एसपी सरकार को और पहले ही मालदा में भेज देना चाहिए था. अगर ऐसा हुआ होता, तो बहुत से निरीह लोग नहीं मारे जाते.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राज्य एसटीएफ के जवानों और जिला पुलिस के दबंग अफसरों व जवानों को लेकर एक विशेष टीम गठित की गयी है. इसकी कमान खुद पुलिस अधीक्षक संभाल रहे हैं. बीते जुलाई महीने के आखिरी सप्ताह से कालियाचक के बदमाशों की धरपकड़ का अभियान शुरू किया गया. इस ऑपरेशन को ‘क्लीन सिटी’ नाम दिया गया है. इस अभियान में बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ-साथ 30 से ज्यादा आग्नेयास्त्र बरामद किये गये हैं. इसमें नाइन एमएम की पिस्तौल, पाइपगन, मसकट जैसे असलहे शामिल हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस और देसी बम जब्त किये गये हैं.
पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष ने बताया कि सिर्फ कालियाचक नहीं, बल्कि पूरे जिले में अपराध के दमन के लिए अभियान चलाया जा रहा है. किसी तरह की दादागीरी को बख्शा नहीं जायेगा. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव कदम उठाये जा रहे हैं.
पुलिस के इस अभियान पर सभी पक्षों के नेताओं ने संतोष जाहिर किया है. जिला कांग्रेस की अध्यक्ष तथा उत्तर मालदा की सांसद मौसम नूर ने कहा कि पुलिस अच्छा काम कर रही है. मालदा में अपराध के दमन के लिए पुलिस सक्रियता दिखा रही है. वहीं तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोअज्जम हुसैन ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अच्छा काम कर रहे हैं. हम लोग चाहते हैं कि जिला अपराध मुक्त हो. विभिन्न मामलों में संलिप्त अपराधी पकड़े जायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










