वाम मोरचा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव को लेकर वाम मोरचा ने आज अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है. चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए माकपा नेता तथा पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने पूर्ववर्ती कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस के बोर्ड को घेरते हुए कहा कि यदि वाम मोरचा नगर निगम बोर्ड पर अपना कब्जा करती […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव को लेकर वाम मोरचा ने आज अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है. चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए माकपा नेता तथा पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने पूर्ववर्ती कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस के बोर्ड को घेरते हुए कहा कि यदि वाम मोरचा नगर निगम बोर्ड पर अपना कब्जा करती है, तो नगर निगम तथा एसजेडीए में भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों की जांच करायेगी और जो भी लोग दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही श्री भट्टाचार्य ने चुनाव प्रचार के दौरान एसजेडीए घोटाले को जोर-शोर से उठाने की भी बात कही.

चुनावी घोषणा पत्र में उन्होंने कहा है कि वाम मोरचा ने 28 वर्षो तक सिलीगुड़ी नगर निगम बोर्ड का संचालन किया और विकास के कई काम किये. कभी भी किसी भी प्रकार की आर्थिक गड़बड़ी का आरोप वाम मोरचा बोर्ड पर नहीं लगा. पिछली बार वाम मोरचा की हार हुई और कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस ने संयुक्त रूप से बोर्ड का गठन किया. उसके बाद सिलीगुड़ी के लोगों को नगर निगम के काम-काज को भली-भांति देखा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए और तमाम सेवाओं के शुल्क में भारी वृद्धि कर दी गई. पांच सौ रुपये के ट्रेड लाइसेंस शुल्क को बढ़ा कर पांच हजार रुपये कर दिये गये. भवन निर्माण में नक्शा पास कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी हुई.

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग भी सत्ता में आये, उनके तथा उनके परिवार की संपत्ति में भारी वृद्धि हो गई. शहरवासी परेशान रहे और कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस के काउंसिलर गलत तरीके से पैसा कमाने में जुटे रहे. चुनावी घोषणा पत्र में उन्होंने एसजेडीए घोटाले को भी प्रमुखता से जगह दी है. उन्होंने कहा है कि 200 करोड़ रुपये के घोटाले हुए और तमाम आरोपी खुले घुम रहे हैं. किसी के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है. वाम मोरचा के नगर निगम में सत्ता में आने के बाद एसजेडीए घोटाले के आरोपियों को सजा दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के साथ-साथ आंदोलन भी करेंगे. वाम मोरचा के चुनावी घोषणा पत्र में वादों का भी अंबार लगाया गया है.

कौन-कौन से वादे किये

घोषणा पत्र में कहा गया है कि वाम मोरचा के सत्ता में आने के बाद विकास की गति को बढ़ाया जायेगा और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली जैसी घटनाओं को रोका जायेगा. बस्ती क्षेत्र के विकास, पीने के पानी की आपूर्ति, रोजगार के अवसर बढ़ाने, गरीबों को जमीन का पट्टा आदि देने के वादे किये गये हैं. चुनावी घोषणा पत्र में सभी क्लबों को खेल-कूद के सामान मुहैया कराने, खेल मैदान की उन्नति करने, पार्को के सौंदर्यीकरण करने आदि की बात कही गई है.

घोषणा पत्र में करों में कटौती करने का वादा किया गया है. गरीब तथा निम्न आय वर्ग के लोगों को करों में कटौती कर राहत देने की घोषणा की गई है. बीपीएल कार्डधारियों को पानी तथा बिजली का कनेक्शन लेने में सब्सिडी दी जायेगी. गरीब छात्र-छात्राओं को पढ़ाई मदद करने के लिए आर्थिक सहायता दी जायेगी. एडेड वार्डो के विकास के लिए अलग से प्रशासनिक केन्द्र बनाने की भी बात घोषणा पत्र में कही गई है. चुनावी घोषणा पत्र में फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले हॉकरों को परिचय पत्र देने, विधान मार्केट, निवेदिता मार्केट, हॉकर्स कॉर्नर, डीआई फंड मार्केट के दुकानदारों को मालिकाना हक देने की बात भी कही गई है. बैट्री चालित ई. रिक्शा को विभिन्न रूटों पर परमिट देने की भी बात चुनावी घोषणा पत्र में कही गई है. इस दौरान माकपा नेता जीवेश सरकार, आरएसपी नेता तापस गोस्वामी तथा भाकपा नेता उज्जवल चौधरी भी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola