निकाय चुनाव: उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार ने पकड़ा जोर, बड़े नेताओं ने संभाला मोरचा
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के सात जिलों के 12 नगरपालिका क्षेत्रों में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है. 28 तारीख को नामांकन वापस लेने की तिथि खत्म होने के बाद विभिन्न वार्डो में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है. उसके बाद से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार […]
उम्मीदवारों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के हैवीवेट नेताओं ने भी अपने-अपने इलाकों में मोरचा संभाल लिया है. यह लोग भी जी-जान से उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए हैं. अगर सिलीगुड़ी की बात करें तो यहां चारों प्रमुख राजनीतिक दलों के तमाम बड़े नेता जी-जान एक कर चुनाव प्रचार करने में लगे हुए हैं. तृणमूल कांग्रेस की कमान स्वयं पार्टी के जिला अध्यक्ष तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने संभाल रखी है.
वह न केवल वार्ड नंबर 15 में अपनी पत्नी शुक्ला देव के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं, बल्कि अन्य वार्डो में भी जाकर अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए रोड शो कर रहे हैं. मंत्री ने रोड शो की शुरूआत रविवार से ही शुरू कर दी है. वार्ड नंबर 42, 43, 46, 47 आदि में उन्होंने उम्मीदवारों के साथ रोड शो किया. आज सोमवार को भी वह कई वार्डो में रोड शो करने में लगे हुए हैं. वाम मोरचा की ओर से भी विभिन्न वार्डो में चुनाव प्रचार जारी है. वाम मोरचा की कमान स्वयं पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने संभाल रखी है. हालांकि वह इस बार स्वयं ही वार्ड नंबर 6 से माकपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. वार्ड नंबर 6 में तो वह चुनाव प्रचार कर ही रहे हैं साथ ही वाम मोरचा के उम्मीदवारों के पक्ष में अन्य वार्डो में भी जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. रविवार और आज सोमवार को वह चुनाव प्रचार में व्यस्त रहे. कमोबेश ऐसी ही स्थिति भाजपा तथा कांग्रेस की है.
भाजपा के जिला अध्यक्ष रथीन्द्र बोस ने कई वार्डो में रोड शो किया. इसके अलावा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तथा विधायक शंकर मालाकार भी चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए हैं. सिलीगुड़ी के अलावा कूचबिहार जिले में चार स्थानों पर नगर निगम का चुनाव होना है. कूचबिहार, दिनहाटा, माथाभांगा तथा तूफानगंज में भी चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है. तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रविन्द्र नाथ घोष कूचबिहार नगरपालिका का चुनाव भी लड़ रहे हैं. वह 16 नंबर वार्ड से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. वह न केवल कूचबिहार, बल्कि दिनहाटा, माथाभांगा तथा तूफानगंज में भी पार्टी की चुनावी कमान संभाल रहे हैं. कूचबिहार जिले में वाम मोरचा की ओर से फारवार्ड ब्लॉक नेता उदयन गुहा ने कमान संभाल रखी है. जलपाईगुड़ी जिले में जलपाईगुड़ी के अलावा माल बाजार नगरपालिका का चुनाव होना है. इन दोनों स्थानों पर ही चुनावी रंग दिखने लगा है. तृणमूल कांग्रेस ने हालांकि यहां उम्मीदवारों की घोषणा सबसे बाद में की, लेकिन चुनाव प्रचार में यह पार्टी सबसे आगे दिख रही है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी यहां आ रही हैं. हालांकि वह अलीपुरद्वार में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगी, लेकिन नगरपालिका चुनाव के समय उनका उत्तर बंगाल दौरे पर आना अपने आप में काफी महत्वपूर्ण है. उत्तर दिनाजपुर जिले में कालियागंज तथा इस्लामपुर में सभी दलों के उम्मीदवार जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. दोनों ही शहर विभिन्न उम्मीदवारों के झंडे और पोस्टर से पटे हुए हैं. उत्तर दिनाजपुर जिला कांग्रेस का गढ़ रहा है. इसी को ध्यान में रखकर रायगंज की पूर्व सांसद तथा कांग्रेस नेता दीपा दासमुंशी इन दोनों शहरों का दौरा कर चुकी हैं. हालांकि उन्होंने चुनाव प्रचार भी किया, लेकिन अपनी पार्टी के उम्मीदवारों तथा नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
उन्होंने दोनों नगरपालिकाओं पर जीत के दावे किये हैं. दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर तथा मालदा जिले के ओल्ड मालदा तथा इंगलिश बाजार नगरपालिका चुनाव की गूंज भी चारों तरफ सुनाई पड़ रही है. इन स्थानों पर भी जमकर चुनाव प्रचार का काम चल रहा है. मालदा जिले में मंत्री कृष्णोन्दु चौधरी ने कमान संभाल रखी है. वह तथा उनकी पत्नी काकली चौधरी भी चुनाव लड़ रही हैं. दोनों पति-पत्नी अपने-अपने वार्डो में तो चुनाव प्रचार कर ही रहे हैं, साथ ही दूसरे वाडरेँ में भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए रोड शो कर रहे हैं. हालांकि जिले की एक अन्य मंत्री साबित्री मित्र के मैदान में न उतरने से लोगों को आश्चर्य हो रहा है. दूसरी तरफ उत्तर बंगाल में सभी नगरपालिकाओं में चुनाव प्रचार का काम शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है, लेकिन फिर भी कई स्थानों पर छिटपुट झड़प की भी खबर आ रही है.
सिलीगुड़ी के 20 नंबर वार्ड में माकपा समर्थक महिलाओं के साथ तृणमूल समर्थकों द्वारा मारपीट की खबर सामने आयी थी. इसके अलावा कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई खबर नहीं है. सिलीगुड़ी में चुनाव प्रचार का काम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है. इसके अलावा ओल्ड मालदा के 10 नंबर वार्ड में कांग्रेस के पोस्टर फाड़ने की घटना घटी है. मामले के हिंसक होने से पहले ही पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है. कूचबिहार नगरपालिका के 19 नंबर वार्ड में भाजपा तथा तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच मामूली झड़प की घटना घटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










