तृणमूल ने लगाया आरोप, भाजपा के इशारे पर काम कर रहा चुनाव आयोग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया को लेकर तृणमूल कांग्रेस का चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला जारी है.
कोलकाता. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया को लेकर तृणमूल कांग्रेस का चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला जारी है. गुरुवार को तृणमूल नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर काम करते हुए चुनाव आयोग बंगाल के वैध नागरिकों को परेशान कर रहा है और मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश रच रहा है. इस दिन तृणमूल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये नंदीग्राम के एक बुजुर्ग दंपती का उदाहरण रखते हुए दावा किया कि एक महिला के पति के पास सभी वैध सरकारी दस्तावेज और पेंशन बुक होने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया. आरोप है कि सुनवाई के दौरान महिला के पति को ‘आरोपी’ कहकर संबोधित किया गया, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची. तृणमूल नेताओं ने सवाल उठाया कि किसी महिला के पति को इस तरह ‘आरोपी’ कहने का अधिकार भाजपा की तथाकथित बी-टीम को किसने दिया. तृणमूल का आरोप है कि एसआइआर सुनवाई के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है और यह पूरी प्रक्रिया भाजपा के राजनीतिक हित साधने के लिए चलायी जा रही है. पार्टी ने कहा कि यह न सिर्फ लोकतंत्र के खिलाफ है, बल्कि बंगाल के लोगों का सीधा अपमान भी है. तृणमूल नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि वह एक भी वैध नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटने नहीं देगा. पार्टी ने चेतावनी दी कि इस कथित साजिश की राजनीतिक कीमत भाजपा और चुनाव आयोग दोनों को चुकानी पड़ेगी. साथ ही तृणमूल ने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सतर्क रहें और किसी भी तरह की अनियमितता का विरोध करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




