जीटी रोड से ही निकलेगी रामनवमी शोभायात्रा

कलकत्ता हाइकोर्ट ने आखिरकार अंजनी पुत्र सेना और विश्व हिंदू परिषद को रामनवमी के दिन जीटी रोड से शोभायात्रा निकालने की अनुमति दे दी.
शोभायात्रा में धातु निर्मित सामान ले जाने पर कोर्ट ने लगाया प्रतिबंध
संवाददाता, हावड़ा.
कलकत्ता हाइकोर्ट ने आखिरकार अंजनी पुत्र सेना और विश्व हिंदू परिषद को रामनवमी के दिन जीटी रोड से शोभायात्रा निकालने की अनुमति दे दी. शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश तीर्थंकर घोष ने कहा कि दोनों शोभायात्रा निर्धारित मार्ग जीटी रोड से ही जायेंगी. हालांकि कोर्ट ने दोनों संगठनों के सामने शर्तें रखी हैं. कोर्ट ने कहा कि शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोग धातु से बने (गद्दा व अन्य) सामान लेकर नहीं आ सकेंगे. दोनों शोभायात्रा में 500-500 लोग यानी कुल 1000 लोग शामिल हो सकेंगे. कोर्ट ने अंजनी पुत्र सेना के लिए शोभायात्रा निकालने का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे और विश्व हिंदू परिषद के लिए अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक तय किया है. दोनों संगठनों को शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोगों के नाम पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है. न्यायाधीश ने सवाल किया कि अगर दुर्गा पूजा के दौरान कहीं कोई गड़बड़ी होती है, तो क्या हम दुर्गा पूजा पर रोक लगा देंगे? ऐसा नहीं होता है. यदि पुलिस किसी इलाके की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करती है, तो यह अच्छा नहीं लगता है.
वहीं, अंजनी पुत्र सेना के संस्थापक सचिव सुरेंद्र कुमार वर्मा ने न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि कोर्ट ने जीटी रोड से ही शोभायात्रा निकालने का आदेश दिया है. 500 लोगों को ही लेकर शोभायात्रा निकाली जायेगी. विश्व हिंदू परिषद के संयोजक इंद्रदेव दूबे ने कहा कि कोर्ट के आदेश से हमलोग खुश हैं. शोभायात्रा कोर्ट द्वारा तय शर्तों पर ही निकाली जायेगी. बता दें कि अंजनी पुत्र सेना की शोभायात्रा काजीपाड़ा मोड़ से जीटी रोड होते हुए हावड़ा मैदान पहुंचेगी. विहिप की शोभायात्रा बीई कॉलेज फर्स्ट गेट से निकलकर बेताइतला बाजार, शिवपुर बाजार, ट्राम डिपो, अलोका मोड़, हावड़ा जूट मिल ,फजीर बाजार, मल्लिक फाटक होते हुए रामकृष्णपुर घाट पहुंचेगी.
गौरतलब है कि वर्ष 2022 और 2023 में रामनवमी के दिन फजीर बाजार के पास शोभायात्रा पर जमकर पथराव हुआ था. स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो गयी थी. उपद्रवियों ने दो दिनों तक तांडव मचाया था.
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस जुटी तैयारी में : कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है. शिवपुर थाना अंतर्गत जीटी रोड किनारे जगह-जगह पर ड्रोन कैमरे लगाये जा रहे हैं. रामनवमी के दिन जीटी रोड किनारे स्थित बहुमंजिली इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. इन इमारतों से पत्थर और कांच की बोतलें नहीं गिरे, इसके लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है. रामनवमी के दिन आपसी सौहार्द बरकरार रहे, इसके लिए पुलिस ने रूट मार्च शुरू कर दिया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रामनवमी के दिन निकलने वाली दो शोभायात्रा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं. रविवार को खुद पांच से छह सीनियर आइपीएस ऑफिसर मौजूद रहेंगे. छह थाना प्रभारी, 40 एसआइ, 60 कांस्टेबल की तैनाती रहेगी. रैफ व काम्बैट फोर्स को सड़कों पर तैनात रखा जायेगा. 120 से अधिक सीसीटीवी कैमरे जगह- जगह पर लगाये जायेंगे. ड्रोन की मदद से निगरानी की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




