चुनाव से पहले बंगाल को 3,250 करोड़ की सौगात, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे पीएम मोदी


देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदा टाउन स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे. ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से असम के गुवाहाटी को जोड़ेगी. विधानसभा चुनाव 2026 के पहले पीएम मोदी और भी कई सौगातें इन दोनों राज्यों को देंगे. असम और बंगाल के लिए पीएम मोदी के पिटारे में क्या-क्या है, यहां पढ़ें.
खास बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के मालदा आ रहे हैं. यहां से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे. यह ट्रेन हावड़ा और गुवाहाटी के बीच चलेगी. इस ट्रेन की शुरुआत से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. प्रधानमंत्री बंगाल और असम की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के लिए भूमि पूजन करेंगे. दोनों राज्यों में इसी साल विधानसभा चुनाव (Assembly Elections 2026) होने हैं.

दिन में 12:45 बजे मालदा टाउन स्टेशन पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
पीएम मोदी दोपहर लगभग 12:45 बजे मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे. यहां से मां काली की नगरी कोलकाता और मां कामाख्या की नगरी गुवाहाटी को जोड़ने वाली हावड़ा-गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे. दोपहर 1:45 बजे मालदा में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में 3,250 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली रेल एवं सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. कई प्रोजेक्ट्स को पीएम मोदी राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे. बंगाल की यात्रा पर आने से पहले उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी.
रेल मंत्रालय ने पोस्ट किया कामाख्या स्टेशन का फोटो
उधर, रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फूलों से सजी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. रेल मंत्रालय ने लिखा है- मां कामाख्या के द्वार कामाख्या जंक्शन से पहली यात्रा पर हावड़ा जाने के लिए तैयार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन.
पीएम मोदी 4 रेल परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
- बालूरघाट और हिली के बीच नयी रेल लाइन
- न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की माल ढुलाई रखरखाव सुविधाएं
- सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन
- जलपाईगुड़ी जिले में ‘वंदे भारत’ ट्रेन रख-रखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण
- प्रधानमंत्री न्यू कूचबिहार-बमनहाट और न्यू कूचबिहार-बॉक्सिरहाट के बीच रेल लाइन के विद्युतीकरण संबंधी परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे तेज, स्वच्छ एवं अधिक ऊर्जा-कुशल ट्रेन संचालन संभव हो सकेगा.

रविवार को सिंगूर में 830 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे
पीएम मोदी रविवार को दोपहर लगभग 3 बजे हुगली जिले के सिंगूर में लगभग 830 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. रविवार को लगभग 11 बजे मोदी 6950 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के लिए भूमि पूजन करेंगे. 86 किलोमीटर लंबा काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर पर्यावरण अनुकूल राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना है. इसमें 35 किलोमीटर के एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा, जो काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरेगा. इसका मकसद काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की समृद्ध जैव विविधता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाना है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
2 नयी अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे मोदी
पीएम मोदी 2 नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, गुवाहाटी-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-लखनऊ अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखायेंगे. ये नयी ट्रेन सेवाएं पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेंगी.

पीएम मोदी इन 4 नयी अमृत भारत ट्रेनों की भी देंगे सौगात
- न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस
- न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
- अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस
- अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत ट्रेन के फायदे
- अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत से लंबी दूरी के किफायती और विश्वसनीय रेल सम्पर्क में सुधार होगा.
- नयी ट्रेन सेवाएं आम नागरिकों, छात्रों, प्रवासी श्रमिकों और व्यापारियों की आवागमन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होंगी
- अंतरराज्यीय आर्थिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनायेंगी
2 नयी ट्रेनों से आईटी पेशेवरों और स्टूडेंट्स को फायदा
एलएचबी डिब्बों से लैस 2 नयी ट्रेन सेवाओं, राधिकापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और बालूरघाट-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखायेंगे. दोनों ट्रेनें क्षेत्र के युवाओं, छात्रों और आईटी पेशेवरों को बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी एवं रोजगार केंद्र तक सीधी, सुरक्षित व आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी.
धूपगुड़ी-फालाकाटा एनएच को 4 लेन में किया जायेगा तब्दील
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-31डी के धूपगुड़ी-फालाकाटा खंड को फोर लेन में बदलने संबंधी परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे. इससे उत्तर बंगाल में यात्रियों और माल की सुगम आवाजाही को सुविधाजनक बनायेगी.
बागुरुंबा द्वोहू में भाग लेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
शनिवार को शाम लगभग 6 बजे पीएम मोदी गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बागुरुंबा द्वोहू 2026’ में हिस्सा लेंगे. यह बोडो समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने के लिए ऐतिहासिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. इसमें 23 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों के बोडो समुदाय के 10,000 से अधिक कलाकार एक साथ मिलकर बागुरुंबा नृत्य पेश करेंगे. बागुरुंबा बोडो समुदाय के लोक नृत्यों में से एक है, जो प्रकृति से प्रेरित है. यह नृत्य खिलते हुए फूलों का प्रतीक है और मानव जीवन तथा प्राकृतिक जगत के बीच सामंजस्य को दर्शाता है.
इसे भी पढ़ें
17 को बंगाल और असम को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और 18 को 9 अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात देंगे पीएम मोदी
Railway: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से असम और बंगाल में सियासी लाभ उठा सकती है भाजपा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए